Saturday 27 December 2014

करिश्मा कोटक की लव अफेयर

फिल्म अभिनेत्री से निर्माता-निर्देशक बनी पूजा भट्ट, निर्माता भूषण कुमार के साथ एक फिल्म बनाने जा रही हैं, जिसका निर्देशन उनकी सौतेली माँ सोनी राजदान करेंगी।  इस फिल्म का नाम 'लव अफेयर' रखा गया है।  लेखिका अन्विता दत्त ने इस फिल्म को १९५० की मुंबई की पृष्ठभूमि पर लिखा है।  पूजा और भूषण का इरादा 'लव अफेयर' में ऎसी स्टारकास्ट रखने का है, ताकि फिल्म कहानी के अनुरूप अनोखी लगे।  इस फिल्म में करिश्मा कोटक पचास के दशक की फिल्म अभिनेत्री बनी है, जो अपने प्रेम प्रसंगो के लिए चर्चित होती है। फिल्म में करिश्मा के सह कलाकार अर्जुन रामपाल हैं।  करिश्मा, लंदन से आई मॉडल हैं।  वह लंदन की कई बड़ी मैगज़ीन के लिए मॉडलिंग कर चुकी हैं।  २००५ में करिश्मा अपनी संतुलित देह का करिश्मा दिखाने मुंबई पहुंची।  दो महीने में उन्हें किंगफ़िशर कैलेंडर के लिए चुन लिया गया। इसके बाद उन्होंने कई उत्पादों के लिए मॉडलिंग की और कैलेंडर गर्ल बनीं।  उन्होंने कुछ म्यूजिक वीडियो भी किये।  उन्होंने अपने फिल्म करियर की शुरुआत तेलुगु फिल्म शंकर दादा ज़िंदाबाद से की।  उनकी पहली हिंदी फिल्म 'सीजनस ग्रीटिंग्स' २०१० में रिलीज़ हुई।  उनकी दूसरी फिल्म, इस साल के शुरू में रिलीज़ 'जोए बी कार्वाल्हो' थी।  इससे ज़ाहिर है कि करिश्मा का फिल्म करियर कुछ ख़ास नहीं रहा।  इस लिहाज़ से ३२ साल की करिश्मा कोटक के लिए सोनी राज़दान की फिल्म 'लव अफेयर' महत्वपूर्ण हो सकती है।  वह इस फिल्म में मुख्य भूमिका कर रही हैं।  'लव अफेयर' बड़े निर्माताओं की फिल्म भी है।  जहां तक 'लव अफेयर' के निर्माताओं का सवाल है, उन्हें लगता है कि  अर्जुन रामपाल के साथ करिश्मा की जोड़ी 'शानदार' लगेगी। निर्माता पूजा भट्ट ने 'लव अफेयर' में रियलिटी शो 'बिग बॉस' से विवादित डिआंड्रा सोआरेस को भी साइन किया है।  फिल्म में कल्कि कोएच्लिन और गुलशन देवइया के अलावा अक्षय आनंद और मयंक आनंद की भूमिका भी ख़ास है। इस फिल्म की शूटिंग अगले साल मार्च से लगातार शिड्यूल में शुरू होगी।


राजेंद्र कांडपाल

No comments:

Post a Comment