Wednesday 21 January 2015

इराकी विद्रोही के लिए 'डेविल ऑफ़ रमादी' था 'अमेरिकन स्नाइपर'

क्लींट ईस्टवूड की 'अमेरिकन स्नाइपर' ने बॉक्स ऑफिस पंडितों को चौंका दिया है।  पूरा विश्व अमेरिकन स्नाइपर के आकर्षण में बंधा सिनेमाघरों में चला आ रहा है।  क्लींट ईस्टवूड निर्देशित फिल्म 'अमेरिकन स्नाइपर' ने वर्ल्ड वाइड ९०.२ मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया है।  यह कलेक्शन इस मायने में चौंकाऊ है कि फिल्म ने पिछले साल जनवरी में वीकेंड का रिकॉर्ड बनाने वाली फिल्म 'राइड अलोंग' के रिकॉर्ड को दोगुनी बढ़त के साथ पछाड़ा है। पिछले साल १७ जनवरी को रिलीज़ कॉमेडी फिल्म 'राइड अलोंग' ने ४१.५ मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था।  ज़ाहिर है कि 'अमेरिकन स्नाइपर' ने 'राइड अलोंग' से दोगुना ज़्यादा वीकेंड बिज़नेस किया है।  इसके बावजूद 'अमेरिकन स्नाइपर' किसी आर-सर्टिफिकेट प्राप्त फिल्म के कलेक्शन से पीछे रही है।  आर फिल्मों के कलेक्शन के लिहाज़ से कीआनु रीव्स की २००३ में रिलीज़ विज्ञानं फंतासी फिल्म 'द मैट्रिक्स रीलोडेड' सबसे आगे है।  मैट्रिक्स त्रयी की दूसरी फिल्म ने ९१. ८ मिलियन डॉलर का वीकेंड किया था। 
बहरहाल, भारतीय फिल्म दर्शकों को ब्रेडले कूपर और सिएना मिलर अभिनीत इस वॉर ड्रामा फिल्म के बारे में जानने की उत्सुकता होगी। 'अमेरिकन स्नाइपर' एक वास्तविक चरित्र है।  यह फिल्म २०१३ में अपने साथियों के हाथों मारे गए क्रिस काइल पर फिल्म है।  क्रिस काइल अमेरिकी नेवी सील का खतरनाक निशानेबाज़ था।  अमेरिकी सेना के इतिहास का वह अकेला निशानेबाज़ था, जिसने इराक के साथ युद्ध में अधिकारिक रूप से १६० लोगों को मार गिराया था।  यह आंकड़े उसकी रिकॉर्ड बुक में दर्ज़ हैं। परन्तु, उन २५५ लोगों की संख्या इसमे शामिल नहीं  है,जिसके लिए वह जिम्मेदार माना जाता था, लेकिन उनका कोई चश्मदीद गवाह नहीं था। वह कितना खतरनाक सैनिक था, इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि इराकी विद्रोही उसे 'डेविल ऑफ़ रमादी' कहते थे।  ८ अप्रैल १९७४ को पैदा क्रिस्टोफर स्कॉट 'क्रिस' क्रीले को कई सैन्य पुरस्कार मिले। २००९ में क्रिस अमेरिकी सेना से सेवा निवृत हो गया। इसके बाद उसने अपनी आत्मकथा 'अमेरिकन स्नाइपर' लिखी, जो खूब बिकी। इसी खतरनाक निशानेबाज़ की लिखी पुस्तक पर है क्लींट ईस्टवूड की फिल्म 'अमेरिकन स्नाइपर'। इस फिल्म में क्रिस क्रीले की भूमिका अभिनेता ब्रेडले कूपर ने की है।  ८७वे एकेडेमी अवार्ड्स में 'अमेरिकन स्नाइपर' को श्रेष्ठ  फिल्म, श्रेष्ठ पटकथा रूपांतरण और ब्रैडले कूपर के श्रेष्ठ अभिनेता के नामांकन सहित छह श्रेणियों में नामित किया गया है।





No comments:

Post a Comment