Wednesday 21 January 2015

कौन होगा करीना कपूर का 'उड़ता पंजाब' ?

फिलहाल, 'उडता पंजाब' करीना कपूर खान के इर्द गिर्द घूम रही  है।  अभिषेक चौबे की इस फिल्म में शाहिद कपूर और अलिया भट्ट भी हैं, लेकिन सुर्खियां करीना कपूर को ही मिल रही हैं। सबसे पहले खबर गर्म हुई कि शाहिद कपूर और करीना कपूर निर्देशक अभिषेक चौबे की फिल्म में काम करेंगे।  अभिषेक चौबे 'इश्क़िया' जैसी हिट और 'डेढ़ इश्क़िया' जैसी फ्लॉप फिल्म बना चुके हैं। उनकी 'इश्क़िया' वाली प्रतिष्ठा बनी हुई है।  इसी  प्रतिष्ठा का नतीजा था माधुरी दीक्षित का 'डेढ़ इश्क़िया' मंज़ूर करना।  इन्ही कारणों से करीना कपूर ने 'उड़ता पंजाब' को मंज़ूरी दी थी।  करीना को फिल्म की स्क्रिप्ट भी पसंद आई  थी। उस समय यह सवाल उठा था कि क्या कभी 'लव बर्ड' रहे शाहिद और करीना फिर स्क्रीन शेयर करेंगे? शाहिद कपूर ने पूछे जाने पर साफ़ कहा कि उन्हें करीना के साथ फिल्म करने में कोई ऐतराज़ नहीं।  करीना कपूर से कभी यह सवाल पूछा ही नहीं गया। बहरहाल, फिर यह खबर उड़ी कि करीना कपूर ने 'उड़ता पंजाब' से आयुष्मान खुराना को उड़ा दिया यानि फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया। काफी दिनों बाद करीना कपूर की तरफ से साफ़ किया गया कि  करीना कपूर फिल्म की स्क्रिप्ट और अपना रोल देखती हैं।  कास्टिंग से उनका सरोकार नहीं होता।  उन्होंने (करीना ने) आयुष्मान खुराना को 'उड़ता पंजाब' से बाहर नहीं करवाया।  लेकिन, यह किसी ने साफ़ नहीं किया कि आयुष्मान फिल्म से बाहर क्यों हुए! यहाँ तक कि  आयुष्मान ने भी नहीं। जैसे ही यह साफ़ हुआ कि करीना कपूर ने 'उड़ता पंजाब' को हाँ कर दी है, यह खबर सुर्ख हो गयी कि करीना कपूर फिल्म में साफ़ पंजाबी बोलने के लिए एक प्रोफेसर से पंजाबी बोलने की ट्रेनिंग ले रही हैं। ऐसा लगा जैसे करीना किसी हिंदी फिल्म में नहीं, पंजाबी फिल्म में काम कर रही हैं। करीना उसी कपूर खानदान की लड़की  है, जिसके घर में पिता-चाचा, दादी और माँ सभी पंजाबी में ही बात करते हैं।  ऐसे खानदान की बेटी को अपनी भाषा सीखने के लिए बाहर जाने की क्या ज़रुरत! पर किसी ने पूछा नहीं, करीना कपूर पंजाबी सीखती रहीं।  अब एक ताज़ा खबर।  'उड़ता पंजाब' में करीना कपूर के 'खान' फवाद होंगे।  इस पाकिस्तानी एक्टर को हिंदी फिल्म दर्शक सोनम कपूर के साथ फिल्म 'खूबसूरत' में देख चुके हैं।  फव्वाद खान 'उड़ता पंजाब' में करीना कपूर के हीरो होंगे या नहीं, जल्द ही पता चल जायेगा।  लेकिन, फिलहाल, इतना तो तय है कि 'उड़ता पंजाब' में शाहिद कपूर की नायिका करीना कपूर नहीं हैं। शाहिद कपूर की जोड़ी अपनी फिल्म 'शानदार' की जोड़ीदार अलिया भट्ट के साथ बन रही है।  करीना कपूर खान ने आयुष्मान  खुराना को न  किया और अब वह एक पाकिस्तानी की जोड़ीदार बनेंगी।   लेकिन,सबसे गहरा सवाल यह है कि  करीना कपूर और शाहिद कपूर जोड़ी न सही, क्या स्क्रीन शेयर करेंगे ? इस सवाल का जवाब जानना हो तो अमिताभ बच्चन की फिल्म 'षमिताभ' की याद कीजिये।  इसमे रेखा भी हैं।  लेकिन, फिल्म में रेखा और अमिताभ बच्चन कभी एक फ्रेम में नज़र नहीं आएंगे। 




अल्पना कांडपाल 

No comments:

Post a Comment