Wednesday 28 January 2015

ईद से दिवाली तक सलमान खान !

क्या इस साल, ईद से दिवाली तक सलमान खान होंगे ! फिल्मों की रिलीज़ के लिहाज़ से संयोग ऐसा ही बन रहा है।  सलमान खान की दो बड़ी फ़िल्में, मुसलमानों और हिन्दुओं के दो बड़े त्योहारों  में रिलीज़ हो रही है।  ईद २०१५ यानि १६ जुलाई को निर्देशक कबीर खान की फिल्म 'बजरंगी भाईजान' रिलीज़ होगी।  इस फिल्म में करीना कपूर खान, सलमान खान की नायिका हैं। इस जोड़ी की पिछली फिल्म 'बॉडीगार्ड' ईद २०११ में रिलीज़ हुई थी और बड़ी हिट फिल्म साबित हुई थी।  'बजरंगी भाईजान' भी ईद वीक में रिलीज़ हो रही है। कबीर खान ने सलमान खान को लेकर 'एक था टाइगर' जैसी सुपर डुपर हिट फिल्म बनायी है।  'एक था टाइगर' स्वतंत्रता दिवस और ईद वीक में रिलीज़ फिल्म थी।  बॉलीवुड ट्रेड उम्मीद कर रहा है कि 'बजरंगी भाईजान' आमिर खान की फिल्म 'पीके' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आंकड़ों को भी ध्वस्त कर देगी।  क्योंकि, फिल्म के टाइटल   'बजरंगी भाईजान' ने कुछ हिन्दू संगठनों को उत्तेजित कर दिया था कि हमारे आराध्य बजरंगबली के नाम के साथ भाईजान क्यों लगा है।  आग में घी का काम किया इस खबर ने कि फिल्म में करीना कपूर एक ब्राह्मण लड़की बनी हैं, जो एक मुसलमान लडके सलमान खान से प्यार करने लगती हैं।  यह मुसलमान लड़का खुद को बजरंगी बताता है।  हिन्दू संगठनों ने इसे लव जिहाद का नाम दे दिया।  इससे फिल्म को मुसलमान  दर्शक  ज़बरदस्त मिलेंगे।  क्योंकि, हिन्दू सगठनों की उत्तेजना अल्पसंख्यक दर्शकों की उत्तेजना में इज़ाफ़ा करेगी। २०१४ के आखिर में रिलीज़ आमिर खान की फिल्म 'पीके' भी हिन्दू धर्म की आलोचना के कारण अल्पसंख्यक  दर्शकों के ख़ास प्यार पाने में सफल हुई थी।  कबीर खान जानते हैं कि फिल्म का शीर्षक और ढकी छुपी कहानी बहुसंख्यकों को उकसाने और इस प्रकार से दर्शकों का ध्रुवीकरण करने में कामयाब होगी। हिन्दू उत्तेजना का शिकार हो कर उत्तर प्रदेश की कथित सेक्युलर सरकार इसे टैक्स फ्री भी कर सकती है। ख़ास तौर पर, इन सभी कारणों से, ईद के मौके पर सलमान खान की फिल्म ज़बरदस्त भीड़ बटोर सकती है।  इसके बाद दिवाली २०१५ में यानि १ नवंबर को निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' रिलीज़ होगी।  सूरज की फ़िल्में हिन्दुओं के त्यौहार में दर्शकों की पसंदीदा साबित होती हैं।  हिन्दुओं को सलमान खान के 'प्रेम' से कोई ऐतराज़ भी नहीं होता।  प्रेम रतन धन पायो में सलमान खान की दोहरी भूमिका बताई जा रही है। यानि, सलमान खान के प्रशंसकों का डबल मनोरंजन। इस फिल्म में सलमान खान की नायिका  सोनम कपूर हैं। 
सलमान खान की फिल्म से सलमान खान की फिल्म तक सलमान खान का डंका बज सकता है।  ईद के साढ़े  तीन महीने बाद दिवाली पड़ रही है।  इस बीच, ३१ जुलाई को अक्षय कुमार की फिल्म 'ब्रदर्स', १४ अगस्त को  शाहरुख़ खान की फिल्म 'फैन' रिलीज़ होने के अलावा २८ अगस्त को रणबीर कपूर और कटरीना कैफ के जग्गा जासूस का सैफ अली खान और कटरीना कैफ के 'फैंटम' का टकराव हो सकता है । ४ सितम्बर को शाहिद कपूर की 'शानदार' और २ अक्टूबर को अक्षय कुमार की फिल्म 'सिंह इज़ ब्लिंग' रिलीज़ होगी। इसमे कोई शक नहीं कि  यह सभी फ़िल्में बड़े सितारों वाली, ज़बरदस्त बिज़नेस कर सकने का माद्दा रखने वाली फ़िल्में हैं। यह फ़िल्में सौ करोड़ का बिज़नेस आसानी से कर ले जाएंगी।   लेकिन,तीन सौ करोड़ का आंकड़ा पार करने का माद्दा सलमान खान की फिल्म 'बजरंगी भाईजान' में ही पाया जा रहा है।  अगर, ऐसा हुआ तो ईद के बजरंगी भाईजान की गूँज दिवाली तक तो जाएगी ही। 


राजेंद्र कांडपाल



No comments:

Post a Comment