Thursday 12 February 2015

परदे के बाहर भी धड़कते हैं ये दिल


हिंदी फिल्मों के किरदारों के सीनों में एक अदद दिल धड़कता रहा है।  रोमांस फ़िल्में हर युग के दर्शकों की पसंदीदा रही हैं।  इन रोमांटिक किरदारों को करने वाले एक्टरों को फिल्म दर्शकों का प्यार हमेशा ही मिला है।  ऐसे में जब परदे पर दो दिल धड़कते हों तो उनके धड़कने का अनुभव इन्हे परदे पर जीने वाले कलाकारों को होना स्वाभाविक है।  ऐसे मैं मुंबई की मायानगरी से रोमांस की खबरे चारों और फैलें तो कोई बड़ी बात नहीं।  हाँ, कभी कभी  यह रोमांस शादियों तक भी पहुंचे हैं।
१९३० के दशक में, जब परदे पर पहली दुखांत रोमांस कथा देवदास परदे पर उतरी, परदे का रोमांस किरदारों  को करने वाले कलाकारों के दिल में भी धड़क रहा था।  बंगाली देवदास में देवदास का किरदार करने वाले पीसी बरुआ और पार्वती का किरदार करने वाली जमुना पति पत्नी थे।  परन्तु, रोमांटिक फिल्मों के बावजूद बॉलीवुड में अभिनेता-अभिनेत्री के बीच रोमांस के किस्से बहुत कम सुनाई पड़ते थे। १९५० के दशक का सबसे गर्मागर्म रोमांस हुआ बड़ी अभिनेत्री गीता बाली और उभरते अभिनेता शम्मी कपूर के बीच।  किदार शर्मा की फिल्मों के पसंदीदा इस जोड़े ने   मिस कोका कोला, रंगीन रातें, मोहन और कॉफ़ी हाउस जैसी फिल्मों में साथ अभिनय किया।  यह फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर बिलकुल नहीं चली।   लेकिन,इस जोड़े का रोमांस चल निकला।  १९५५ में योगिता बाली और शम्मी  कपूर ने शादी कर ली।  यह प्यार की ताकत ही थी कि जब कपूर खानदान की बहू शादी के बाद भी फिल्मो में काम करती रही ।

संजय दत्त के पिता सुनील दत्त का अभिनेत्री नर्गिस के साथ रोमांस परवान चढ़ा, उसे अपनी मंज़िल मिली।  नर्गिस मुस्लमान थीं, सुनील दत्त हिन्दू।  लेकिन, उस समय की बड़ी अभिनेत्री नर्गिस को सुनील दत्त भा गए।  उन पर दत्त की बहादुरी और साहस ने जादू कर दिया।  महबूब खान की फिल्म मदर इंडिया में नर्गिस ने सुनील दत्त की माँ का किरदार किया था। फिल्म के एक दृश्य में नर्गिस खेतों में पुआल के ढेरों में आग लग जाने के कारण फंस जाती है।  अब हुआ  यह कि रील लाइफ के लिए फिल्माया जा रहा यह दृश्य रियल हो गया।  नर्गिस सचमुच आग के बीच फंस गयी।  सभी डरे से खड़े हुए नर्गिस को मौत के मुंह में जाता देखते रहे। ऐसे समय में युवा सुनील दत्त अपनी जान की  परवाह किये बिना आग के बीच घुस कर नर्गिस को बचा लाये।  नर्गिस उन पर मर मिटी। उन्होंने फिल्मों में अपना उजला करियर छोड़ कर सुनील दत्त के साथ घर बसा लिया।
साठ के दशक तक यही इक्का दुक्का रोमांस  थे, जो शादी में बदले।  हालाँकि, इस दौरान नलिनी जयवंत और अशोक कुमार,  देव आनंद और सुरैया के रोमांस ने रील और रियल लाइफ में सुर्खियां पाई। राजेंद्र कुमार और सायरा बानो का रोमांस भी खूब चर्चित हुआ।   लेकिन, सायरा बानो के दिलीप कुमार से निकाह के साथ यह रोमांस ख़त्म हो गया।  इस दशक की सबसे रोमांटिक और चर्चित शादी हुई किशोर कुमार  और मधुबाला की।   किशोर कुमार अपनी पहली पत्नी रूमा से तलाक़ ले चुके थे। इसी दौरान उनकी ज़िन्दगी में दिलीप कुमार से प्रताड़ित और टीबी की  शिकार अभिनेत्री मधुबाला।  किशोर कुमार ने यह जानते हुए भी कि  मधुबाला को टीबी है और वह लम्बा जीवित नहीं रह पाएंगी,  न केवल उनसे विवाह किया, बल्कि, महा कंजूस के रूप में मशहूर इस एक्टर गायक ने मधुबाला की बीमारी के इलाज़ में पानी की तरह पैसा बहाया।  यह मधुबाला -किशोर कुमार प्रेम की इन्तहा थी।
सत्तर का दशक रियल लाइफ रोमांस से भरपूर था।  अब एक्टर चाहे एक्शन करें या रोमांस, रियल लाइफ में उनके रोमांस के किस्से  सुर्खियां पाते रहते थे।  हिंदी फिल्मों के ही-मैन धर्मेन्द्र और एंग्री यंग मैन  अमिताभ बच्चन के रोमांटिक किस्सों से ग्लॉसी मैगज़ीन लालों लाल रहा करती थी।  धर्मेन्द्र ने स्टारडम की सीढ़ियां चढने के लिए उस समय की बड़ी अभिनेत्री मीना कुमारी के साथ अपने रोमांस को खूब हवा दी।  जब वह बड़े स्टार बन गए तो उनके हेमा मालिनी के साथ रोमांस के किस्से चटखारे के साथ सुने और सुनाये जाने लगे।  धर्मेन्द्र और हेमा मालिनी ने साथ दर्जनों फिल्मों में अभिनय किया।  तुम हसीं मैं जवान, शराफत, जुगनू, नया ज़माना, सीता और गीता , राजा जानी, पत्थर और पायल, प्रतिज्ञा, बगावत, आदि फिल्मों की शूटिंग के दौरान इन दोनों को एकांत में घंटों बिताते देखा जाता था।  शोले के बाद इस प्रेम की परिणीति दोनों के विवाह में हुई।  
हालाँकि, अमिताभ बच्चन के कई अभिनेत्रियों के साथ रोमांस के किस्से आम हुए।  उन्होंने फिल्म अभिनेत्री जया भादुड़ी के साथ अपनी पहली सुपर हिट फिल्म ज़ंजीर में अभिनय किया था। इन दोनों ने अभिमान,  मिली,चुपके चुपके और शोले जैसी फिल्मों में अभिनय किया।  दोनों के बीच रोमांस कुछ इतना ज़ोर  पकड़ा की इन दोनों ने शादी कर ली।  अब यह बात दीगर है कि अमिताभ बच्चन जया से शादी के बाद भी अभिनेत्री रेखा के साथ रोमांस करते रहे।  अमिताभ रेखा के रोमांस को ज़बरदस्त सुर्खियां मिला करती थी।  इन दोनों की फ़िल्में भी सुपर हिट हुआ करती थी।  यह रोमांस कुली की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन के घायल हो जाने के बाद ख़त्म हो गया।
बॉलीवुड की पहली फैमिली कपूरों ने भी कम रोमांस नहीं किया। राज कपूर ने नर्गिस के साथ रोमांस किया।  उनके छोटे भाई शम्मी कपूर ने अभिनेत्री गीता बाली के साथ रोमांस और शादी की।  शशि कपूर ने एक अँगरेज़ फिल्म और रंगमंच की अभिनेत्री जेनिफर से विवाह किया। राजकपूर  के बेटों रणधीर कपूर और ऋषि कपूर ने खूब रोमांस भी किया और शादी भी की।  रणबीर  कपूर  ने फिल्म कल आज और कल में अपनी नायिका और लम्बे समय की प्रेमिका बबिता के साथ शादी कर ली।  इन दोनों की बेटियों करिश्मा कपूर और करीना कपूर ने भी जम कर रोमांस किया।  करिश्मा कपूर का अभिषेक बच्चन के साथ रोमांस शादी की दहलीज़ तक पहुँच कर टूट गया।  लेकिन, करीना कपूर ने शाहिद कपूर के साथ सबसे लम्बा प्रेम प्रसंग रचाने के बाद शादी की अभिनेता सैफ अली खान के साथ।  सैफ के साथ करीना का रोमांस भी कुर्बान और एजेंट विनोद के दौरान खूब सुर्खियां पाया। राजकपूर के दूसरे बेटे ऋषि कपूर का अभिनेत्री नीतू सिंह के साथ रोमांस फिल्मों की हदें तोड़ कर बाहर आ निकला।  इन दोनों ने रफू चक्कर, कभी कभी, खेल खेल में, अमर अकबर अन्थोनी, आदि फिल्मों में रोमांटिक भूमिकाएं की।  इन दोनों के रोमांस का नतीज़ा था कि  इन दोनों की ज़्यादातर फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई।  बाद में दोनों ने शादी कर ली।  आजकल, इन दोनों की संतान रणबीर कपूर कभी दीपिका पादुकोण  तो कभी कटरीना कैफ से रोमांस लड़ाते सुर्खियां पाते हैं।
कभी अक्षय कुमार की कैसानोवा बॉय की इमेज बन गई थी।  वह अपनी हर फिल्म की हर अभिनेत्री के चक्कर काटने लगते थे।  पहले उनका रोमांस मॉडल पूजा बत्रा से हुआ।  फिल्म मोहरा की शूटिंग के दौरान अक्षय की फिल्म की नायिका रवीना टंडन के साथ पहले दोस्ती और फिर रोमांस कायम हो गया।  इन दोनों के बीच रोमांस कितना गर्म था, इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि अक्षय ने रवीना के साथ सगाई भी कर ली थी।  लेकिन, उभरते करियर और दर्शक खो देने  के भय ने इस सगाई की खबरों को गुप्त रखा गया।  पर यही रवीना धोखा खा गयी।  अक्षय अपनी पूर्व प्रेमिकाओं से मिलने लगे। वह अपने एक दूसरी को-स्टार शिल्पा शेट्टी के दीवाने नज़र आये। खिलाडियों का खिलाडी की शूटिंग के दौरान रवीना ने अक्षय को रेखा के साथ गर्मागर्म रोमांस करते पकड़ा। अक्षय की इस बेवफाई ने रवीना का दिल तोड़ दिया।  बताते हैं कि रवीना ने आत्महत्या करने की कोशिश की।  लेकिन, बच जाने के बाद उन्होंने अक्षय से रिश्ता बिलकुल तोड़ दिया।  अपनी दिल फेंक आदतों के कारण अक्षय कुमार अपनी फिल्म इंटरनेशनल खिलाडी की नायिका और राजेश खन्ना-डिंपल की बेटी ट्विंकल को अपने प्रेम जाल में फंसाने लगे।  लेकिन, ट्विंकल उनसे ज़्यादा चतुर निकली।  उसने अक्षय को शादी करने के लिए मज़बूर कर दिया।  चौदह साल पहले इन  दोनों की शादी हो गयी।
अजय देवगन के करिश्मा कपूर तथा इक्का दुक्का अन्य को-स्टार्स के साथ रोमांस के किस्से उछले।  फिर अजय देवगन के  जीवन में आई काजोल । इन दोनों ने प्यार तो होना ही था, इश्क़, दिल क्या करे, राजू चाचा, आदि  फ़िल्में साथ की।  दोनों के रोमैंस के किस्से सुनाई देने लगे।  लेकिन, इस रोमांस को इन दोनों ने जल्द ही शादी में बदल दिया।
ऐश्वर्या राय के सबसे ज़्यादा रोमांटिक किस्से सलमान खान के साथ फैले।  हालाँकि, इन दोनों ने इक्का दुक्का फ़िल्में ही साथ की।  हम दिल दे चुके सनम ऎसी ही फिल्म थी।  इस फिल्म में दोनों की  रोमांटिक केमिस्ट्री साफ़ नज़र  आती थी।  मगर, चलते चलते की शूटिंग के दौरान सलमान खान द्वारा मारपीट करने से घबरा कर ऐश्वर्या  राय ने सलमान खान से नाता तोड़ लिया।  फिर वह कुछ समय तक विवेक ओबेरॉय से लिंक रही।  लेकिन, आखिरकार, ढाई अक्षर प्रेम के और उमराव जान में अपने नायक अभिषेक बच्चन के साथ संक्षिप्त रोमांस के बाद ऐश्वर्या राय ने बच्चन सर नेम अपने नाम के आगे लगा लिया।

राजेंद्र कांडपाल

No comments:

Post a Comment