Monday 30 March 2015

'रानी महल' से साक्षी तंवर की वापसी

मशहूर टीवी एक्ट्रेस साक्षी तंवर की टीवी सीरियलों की दुनिया में वापसी हो रही है। वह पिछली बार राम कपूर के साथ शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' में नज़र आई थी।  'बड़े अच्छे लगते हैं' २०११ में टेलीकास्ट हुआ था। इसके बाद अब साक्षी सोनी एंटरटेनमेंट के सीरियल 'रानी महल' से टीवी पर वापसी करेंगी।  यह टीवी सीरियल एचबीओ की पॉपुलर सीरीज 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' का टीवी हिंदी रीमेक है। 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' सीरीज को टीवी पर ज़बरदस्त सफलता मिली है।  इसके अब तक चार सीजन हो चुके हैं।  अगले महीने १२ अप्रैल से पांचवा सीजन शुरू होने जा रहा है। 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' का हिंदी रूपांतरण 'रानी महल' एक भारी भरकम बजट वाली सीरीज है।  इस शो में साक्षी टार्गेरियन महिला का किरदार कर रही हैं।  गेम ऑफ़ थ्रोन्स एक काल्पनिक द्वीप वेस्टरोस की कहानी है, जिस पर नियंत्रण पाने के लिए राजमहल के नौ सदस्य संघर्ष कर रहे हैं।  साक्षी तंवर ड्रैगन्स की माँ डैनेरीस का रोल कर रही हैं।  इस सीरियल में अनीता हसनंदानी सरसई लैनिस्टर और पार्थ संतान जॉन स्नो का किरदार कर रहे हैं। यहाँ बताते चलें कि गेम ऑफ़ थ्रोन्स जॉर्ज आरआर मार्टिन के फंतासी नावेल सीरीज 'अ सांग ऑफ़ आइस एंड फायर' पर आधारित है। इस सीरियल में शाही परिवार के सिंहासन के लिए कुछ कर गुजरने की लालच गाथा है। 'रानी महल' के 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' पर आधारित होने के कारण यह सहज प्रश्न पैदा होता है कि क्या मूल सीरीज की तरह 'रानी महल' में भी उत्तेजक  दृश्य, गन्दी भाषा, हिंसा और नग्नता का चित्रण किया जायेगा ? एचबीओ पर 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' को इन्ही कारणों से सफलता मिली थी।   लेकिन, भारतीय टीवी ऑडियंस के लिहाज़ से क्या इस सीरीज पर आधारित 'रानी महल' दर्शकों को आकर्षित कर पायेगा ?

राजेंद्र कांडपाल

No comments:

Post a Comment