Saturday 18 April 2015

'बाजीराव- मस्तानी' में होगा प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण का जुगलबंदी डांस

अब तय हो गया है कि  बाजीराव मस्तानी में प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण का जुगलबंदी डांस होगा। यह डांस, संजयलीला भंसाली की परंपरा में ठेठ 'देवदास' का 'डोला रे डोला' डांस जैसा होगा, जिसे फिल्म की पारो और चंद्रमुखी यानि  ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था।  सूत्र बताते हैं कि 'बाजीराव मस्तानी' का डांस भी कुछ वैसा ही होगा।  हालाँकि, दो दिन पहले यह खबर थी कि दीपिका और प्रियंका के बीच शायद ऐसा कोई डांस मुक़ाबला नहीं होगा।  कोई पांच दिन पहले प्रियंका चोपड़ा पर एक सोलो सांग की शूटिंग शुरू हुई थी।  इस गीत की कोरियोग्राफी पोनी वर्मा ने की है।  यह दूसरा मौका है, जब प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण और संजयलीला भंसाली का तिगड्डा साथ है।  इन लोगों ने फिल्म 'गोलियों की रासलीला : राम-लीला' में पहली बार साथ काम किया था। संजयलीला भंसाली की फिल्म राम-लीला की लीला दीपिका पादुकोण थी।  प्रियंका चोपड़ा एक आइटम 'राम चाहे लीला लीला चाहे राम' में नज़र आई थी। काफी उत्तेजक डांस नंबर था यह।  फिल्म के लिए खाद पानी का काम करने वाला। इस बार तो दीपिका पादुकोण बाजीराव की मस्तानी बनी हैं। मस्तानी एक नर्तकी है।  जिस पर बाजीराव का दिल आ जाता है। जबकि प्रियंका चोपड़ा ने बाजीराव की पत्नी काशीबाई की भूमिका की है।  इसका मतलब यह है कि बाजीराव मस्तानी के डुएट डांस का मकसद पत्नी के हक़ को जताना और प्यार का महत्व बताना ही होगा। संजयलीला भंसाली की फिल्मों में नृत्य गीत ख़ास होते हैं।  'राम-लीला' में संजय ने इसे पुख्ता किया था। इमोशन उभरने और ड्रामा क्रिएट करने में यह डांस ख़ास होते हों। जब इन गीतों को दो बड़ी अभिनेत्रियां कर रही होती है तो इन गीतों के कारण बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का दर्शक बढ़ जाता है। इसीलिए अब भंसाली एक बार फिर दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा के सेंसेशनल डांस नंबर के साथ आ रहे हैं। इस गीत को संजयलीला भंसाली ने ही संगीतबद्ध किया है।  कोरियोग्राफी किसकी होगी, जल्द ही पता चल जायेगा। निश्चित रूप से दर्शकों का दिल अभी से 'डोला रे डोला' हो रहा होगा ! 'बाजीराव- मस्तानी' की शूटिंग अगस्त या सितम्बर तक ख़त्म हो जाएगी।  इसके बाद फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन का काम शुरू होगा, ताकि फिल्म को दिसंबर में रिलीज़ किया जा सके।


अल्पना कांडपाल

No comments:

Post a Comment