Monday 11 May 2015

हिंदी फिल्मों में रेट्रो

अनुराग कश्यप की फिल्म 'बॉम्बे वेल्वेट' का टाइटल ही रेट्रो-टाइटल नहीं।  इसमे सिक्सटीज का बॉलीवुड और  बॉम्बे भी है।  जैज़ म्यूजिक है।  चपटे बाल और मूंछो वाला हीरो और विलन हैं।  विंटेज गाड़ियां हैं।  अनुराग कश्यप की एक बॉक्सर और जैज़ सिंगर की प्रेम कहानी में पुराना माहौल है।  बॉलीवुड को यह पुरानापन आकर्षित करता है।  इसीलिए 'बॉम्बे वेल्वेट' जैसी पूरी रेट्रो फ़िल्में बनाई जाती हैं तो  कभी यह रेट्रो कुछ दृश्यों या गीतों तक सीमित होता है।  कुछ फिल्ममेकर्स को बॉलीवुड रेट्रो हॉन्ट करता है। अक्सर उनकी फिल्मों में इसे देखा जा सकता है।
रेट्रो फ़िल्में
हिम्मतवाला, वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई, एक्शन रीप्ले, द डर्टी पिक्चर्स, वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा, शूटआउट एट वडाला, आदि फिल्मों को ६०-७० के दशक के फिल्म उद्योग या बॉम्बे से रिलेटेड होने के कारण रेट्रो फ़िल्में कहा जा सकता है।  हिम्मतवाला अस्सी के दशक की हिम्मतवाला का रीमेक थी।  वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई और इसके सीक्वल में सत्तर के दशक के डॉन, गैंगस्टर टकराव और उनकी प्रेमिकाओं का जिक्र होने के कारण रेट्रो माहौल था।  वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई मशहूर तस्कर हाजी मस्तान पर फिल्म थी।  अजय देवगन हाजी मस्तान बने थे।  प्राची देसाई ने डिंपल लुक और कंगना रनौत ने ज़ीनत अमान लुक अपनाया था।  फिल्म में कैडिलैक गाड़ियां थी।  कैबरे था। बेल बॉटम पहने हीरो के लम्बे बाल थे। एक्शन रीप्ले में अक्षय कुमार और ऐश्वर्या राय के करैक्टर अतीत मे जाते रहते हैं। इन्हे रेट्रो लुक देने के लिए गाढ़े रंग वाले बड़े फूलों से सजी पोशाकें पहनाई गई थी। द डर्टी पिक्चर्स दक्षिण की फिल्म अभिनेत्री डिस्को शांति पर थी।  इस फिल्म में पूरा माहौल रेट्रो था।  वज़नदार विद्या बालन ने भारी साड़ियां बांधी थी।  मधुर भंडारकर की फिल्म 'हीरोइन' की कहानी सिक्सटीज और सेवन्टीज के बॉलीवुड की फिल्म एक्ट्रेस पर थी।  इस फिल्म में करीना कपूर कुछ उन्ही की तरह ड्रेसअप हुई थी। कुणाल कोहली की तीन कहानियों वाली फिल्म 'तेरी मेरी कहानी' में प्रियंका चोपड़ा ने १९६० के दशक की फिल्म अभिनेत्री रुखसार का किरदार किया था।  इस किरदार में प्रियंका चोपड़ा ने मुमताज़ की स्टाइल में साड़ी बाँधी थी और डांस किया था।
फराह खान और साजिद खान रेट्रो 
फराह खान और साजिद खान बहन भाई है।  इन दोनों का परिवार फिल्मी फैमिली है। पिता कामरान हिंदी फिल्मों के छोटे हीरो थे।  इसलिए परिवार में फिल्मी माहौल होना स्वाभाविक है।  इसकी झलक इन दोनों की फिल्मों में नज़र आती है।  फराह खान की पहली फिल्म का टाइटल सुभाष घई की फिल्म 'क़र्ज़' के गीत पर 'ओम शांति ओम' रखा था।  इस फिल्म में आधा रेट्रो बॉलीवुड था।  पुनर्जन्म के माध्यम से फराह ने इसे  दिखाया था।  अगली फिल्म 'तीस मार खान' में उन्होंने कैटरीना कैफ पर शीला की जवानी गीत रेट्रो लुक में ही फिल्माया था।  'हैप्पी न्यू ईयर' की दीपिका पादुकोण को भी रेट्रो लुक दिया गया था।  फराह की तरह साजिद खान को भी रेट्रो से लगाव है।  लेकिन, वह इसे इक्का दुक्का गीतों तक सीमित रखते हैं।  साजिद खान ने अपनी फिल्म 'हाउसफूल' में लावारिस के 'अपनी तो जैसे तैसे' गीत को शंकर एहसान लॉय से सुनिधि चौहान और मीका सिंह की आवाज़ में रीमिक्स करावा कर फिल्माया था।  अजय देवगन और तमन्ना भाटिया को लेकर अस्सी के दशक की हिट फिल्म 'हिम्मतवाला' का साजिद खान का रीमेक भी रेट्रो लुक में था।  साजिद ने मूल फिल्म के 'नैनो में सपना' और 'ताकी रे ताकी रे'  गीतों को कुछ उसी अंदाज़ में फिल्माया था।  फिल्म के एक आइटम सांग 'थैंक गॉड इट्स फ्राइडे' में सोनाक्षी सिन्हा रेट्रो अंदाज़ में कभी ज़ीनत अमान तो कभी परवीन बाबी नज़र आ रही थी।
रेट्रो सांग्स पुराने अंदाज़ में 
हाउसफुल में शंकर एहसान लॉय ने अमिताभ बच्चन की फिल्म 'लावारिस' के गीत अपनी तो जैसे तैसे गीत को रीमिक्स का सुनिधि चौहान और मीका सिंह से गवाया था।  गोलमाल ३ में दो गीत डिस्को डांसर और याद आ रहा है मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म डिस्को डांसर से लिए गए थे।  इन्हे प्रीतम चक्रवर्ती ने रीमिक्स किया था।  फिल्म वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई में प्रीतम ने अनोखा प्रयोग किया था।  उन्होंने संगीतकार आरडी बर्मन के दो गीतों 'दुनिया में लोगों को' और 'मोनिका ओ माय डार्लिंग' को रीमिक्स कर एक गीत 'पर्दा' तैयार किया था।  इस गीत को सुनिधि चौहान और राणा मज़ूमदेर ने गाया था। इस प्रकार से प्रीतम ने दो गीतों से एक बिलकुल नया कैबरे तैयार किया था। अनुराग कश्यप की फिल्म 'बॉम्बे वेल्वेट' का पूरा संगीत साठ के दशक के जैज़ म्यूजिक पर ध्यान में रख कर अमित त्रिवेदी ने तैयार किये हैं।  उन्होंने फिल्म सीआईडी का एक गीत 'जाता कहाँ है दीवाने' को भी रीमिक्स किया है।  इसे अनुष्का शर्मा पर क्लब डांस के तौर पर फिल्माया  गया है।
रब ने बना दी जोड़ी
इस फिल्म के फिर मिलेंगे चलते चलते गीत में ७० और ८० के दशक की राजकपूर, देव आनंद, शम्मी कपूर, राजेश खन्ना जैसी हस्तियों को शाहरुख़ खान ने तथा उनके साथ काजोल ने नर्गिस, लारा दत्ता ने हेलेन, बिपाशा बासु ने नूतन, प्रीटी जिंटा ने शर्मीला टैगोर और रानी मुख़र्जी ने नीतू सिंह को उनके गीतों पर थिरक कर ट्रिब्यूट दिया था।
रेट्रो सांग्स नया अंदाज़
अनुराग कश्यप की फिल्म 'शैतान' में देव आनंद की फ़िल्म 'काला बाजार' का गीत 'खोया खोया चाँद' रीमिक्स कर शामिल किया गया था। इसी फिल्म में शामिल  मिस्टर इंडिया के 'हवा हवाई' गीत को भी मिकी मैकक्लेअरी द्वारा रीमिक्स किया गया था। निर्देशक विकास बहल को तो जैसे पुराने ज़माने की सुपर हिट फिल्मों के रीमिक्स अपनी फिल्म में रखने का चस्का लग गया है ।  अपनी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्म 'क्वीन' में उन्होंने १९७३ में  रिलीज़ फिल्म 'अनहोनी' का संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की धुन पर आशा भोंसले का  गाया सुपर हिट गीत 'हंगामा हो गया' को अमित त्रिवेदी से रीमिक्स करवा कर अभिनेत्री कंगना रनौत पर फिल्माया था।  यह तो नहीं कहा जा सकता कि इस एक  गीत की वज़ह से क्वीन हिट हो गई।  लेकिन, यह गीत फिल्म का ज़बरदस्त आकर्षण ज़रूर था।  अब विकास बहल दो कदम आगे बढे है। उन्होंने शाहिद कपूर और अलिया भट्ट के साथ अपनी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'शानदार' में दो पुरानी फिल्मों के हिट गीतों को रीमिक्स कर फिल्म में शामिल किया है। उन्होंने फैंटम फिल्म के पसंदीदा रीमिक्स कंपोजर मिकी मैकक्लेअरी से  १९५८ की सुनील दत्त और शकीला अभिनीत फिल्म 'पोस्ट बॉक्स ९९९' का  हेमंत कुमार और लता मंगेशकर का गाया 'नींद न मुझको आये' गीत रीमिक्स करवाया है।  इस गीत के संगीतकार कल्याणजी वीरजीशाह थे।  इस गीत को नींद न आने की बीमारी से ग्रस्त शाहिद कपूर और आलिया भट्ट पर फिल्माया गया है। इसी प्रकार से मिकी ने फिल्म आशा (१९५७) के सी रामचन्द्र के कंपोज़ और किशोर कुमार-आशा भोंसले के गाये गीत 'ईना मीना डीका' को भी रीमिक्स किया है। यह गीत किशोर कुमार और वैजयंतीमाला पर फिल्माया गया था। फिल्म आशा का यह गीत जहां दोगाने के तौर पर था, मिकी ने इसे केवल गायिका की आवाज़ में रिकॉर्ड करवाया है। 'शानदार' १४ सितम्बर  २०१५ को रिलीज़ होगी ।
रेट्रो लुक के लिए 
रेट्रो लुक देने में फैशन डिज़ाइनर का रोल महत्वपूर्ण होता है।  इसके लिए साठ के दशक की अभिनेत्रियों के मेकअप,  उनके साड़ी बांधने के ढंग, ऑय लाइनर, काजल लगाना और जूड़ा बांधने का ख़ास ख्याल करना होता है।  १९७३ की हिट फिल्म 'ज़ंजीर' के रीमेक में प्रियंका चोपड़ा के किरदार को इसी प्रकार से रेट्रो लुक दिया गया था।  कुछ अन्य फिल्मों एक्शन रीप्ले, ओम शांति ओम और वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई में ऐश्वर्या राय, दीपिका पादुकोण, कंगना रनौत और प्राची देसाई के किरदारों को रेट्रो लुक देने के लिए उन्हें बेलबॉटम पैंट, चुस्त कुर्ती, साधना कट बाल, चौड़े हेयर बैंड और बड़े चश्मे पहनाये गए थे।  
'बॉम्बे वेल्वेट' की सफलता अनुराग कश्यप के लिए ज़रूरी है, क्योंकि उन्हें अपने १०० करोड़ वसूलने हैं।  लेकिन, फैशन के लिहाज़ से 'बॉम्बे वेल्वेट' ख़ास हो सकती है।  इस फिल्म के नायक और नायिका रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा युवाओं में लोकप्रिय स्टाइलिस्ट एक्टर हैं।  फिल्म में इनकी पोशाकें रील लाइफ पोशाकों में परिवर्तन कर सकती हैं। अनुष्का शर्मा की हेयर स्टाइल और गाढ़ी लिपस्टिक काफी आधुनिकाओं के चेहरों को बदलती  नज़र आ सकती है।

राजेंद्र कांडपाल

No comments:

Post a Comment