Saturday 27 June 2015

यह एक्टर गाते हैं दूसरों के लिए !

सलमान खान 'किक' के एक गीत को अपनी आवाज़ देते हैं।  सोनाक्षी सिन्हा 'तेवर' के ट्रैक 'लेट्स सेलिब्रेट' को गुनगुनाती हैं।  यहाँ तक कि अभी बॉलीवुड में पैर जमा पाने की जद्दोजहद में लगी अलिया भट्ट और श्रद्धा शर्मा भी गीत गा चुकी हैं।  प्रियंका चोपड़ा तो खैर इंटरनेशनल सिंगिंग स्टार बन चुकी हैं।  वहीँ जब करीना कपूर से फिल्म 'उड़ता पंजाब' , जिसकी वह प्रोडूसर भी हैं, का एक गीत गाने के लिए कहा गया तो उन्होंने इंकार कर दिया।  करीना कपूर का मानना है कि यह काम सिंगर पर छोड़ दिया जाना चाहिए।
हिंदी फिल्मों का शुरूआती इतिहास तो सिंगर एक्टर यानि अपने गीत खुद गए सकने वाले एक्टर्स का रहा है। उस समय प्लेबैक सिंगिंग का कांसेप्ट न होने के कारण, ऐसा ज़रूरी था।  लेकिन, कई बार ऐसा हुआ है कि किसी सिंगर को एक्टिंग कर सकने के बावजूद अपने गाये गीत खुद के लिए गाने का मौका नहीं मिला।  किशोर कुमार ऐसे बड़े उदाहरण थे, जिन्होंने खुद बेहतरीन एक्टर होने के बावजूद अपनी आवाज़ बड़े सितारों को परदे पर दी। ऐसे ही  बहुत से अच्छा गा सकने वाले कलाकार बॉलीवुड में हैं ।  आइये  जानते हैं ऐसी ही हस्तियों के बारे में -
श्रुति हासन- कमल हासन और सारिका की बेटी श्रुति हासन अच्छी गायिका हैं।  दक्षिण की फिल्मों में उन्होंने इसे बार बार प्रदर्शित किया है।  अपनी डेब्यू फिल्म 'लक' का 'आजमा' गीत खुद श्रुति हासन ने गाया था।  लेकिन, श्रुति हासन इसी साल रिलीज़ फिल्म 'तेवर' से उन सिंगर एक्टर से जुड़ गई, जिन्होंने दूसरे एक्टर को अपनी आवाज़ दी।  इस फिल्म का जोगनिया गीत श्रुति हासन ने गाया है, जबकि परदे पर इसे  गाती हुई सोनाक्षी सिन्हा नज़र आएंगी।   श्रुति हासन शायद पहली ऐसी सिंगर एक्टर होंगी, जिन्होंने अपनी बहन के लिए सिंगिंग की।  श्रुति ने अपनी छोटी बहन अक्षरा को फिल्म षमिताभ के 'सन्नाटा' गीत गए कर आवाज़ दी।  यहाँ दिलचस्प तथ्य यह था कि श्रुति हासन अपने एक आइटम डांस में ममता शर्मा के गाये 'मैडमिया' गीत पर होंठ हिला रही थी।
षमिताभ - यह फिल्म प्लेबैक सिंगिंग के लिहाज़ से दिलचस्प तथ्यों वाली है।  इस फिल्म का सन्नाटा गीत अक्षरा हासन के लिए श्रुति हासन ने गाया था।  पर मज़ेदार रहा अमिताभ बच्चन की आवाज़ पर धनुष का होंठ हिलाना।  'षमिताभ' एक गूंगे एक्टर  और उसको परदे पर आवाज़ देने वाले असफल एक्टर की कहानी थी।  इस फिल्म के एक गीत 'पिंडली सी बातें' को अमिताभ बच्चन ने गाया है।  यह गीत में परदे पर अमिताभ बच्चन के अलावा धनुष  को भी गाते हुए दिखाया गया है।  इस प्रकार से अमिताभ बच्चन भी धनुष के लिए प्लेबैक सिंगिंग करने वाले एक्टर बन जाते हैं।
अरुण बख्शी- अरुण बख़्शी को हिंदी फिल्मों में कोई ज़्यादा सफलता नहीं मिली।  उन्होंने कोई सौ हिंदी फिल्मों में छोटी बड़ी भूमिकाएं की है।  लेकिन, बतौर प्लेबैक सिंगर उनके खाते में २९८ फ़िल्में दर्ज़ हैं।  उन्होंने  बप्पी लाहिरी, आनंद मिलिंद, आदेश श्रीवास्तव के  संगीत निर्देशन में गीत गाये।  उन्होंने अमानत के संजय दत्त, गोपी किशन के सुनील शेट्टी, प्रेम योग के राजा मुराद,  आदि को अपनी आवाज़ दी।  उन्होंने ऑंखें का फटेला जेब  अभिनेताओं अक्षय कुमार और  अर्जुन रामपाल के लिए गाया।  

सुलक्षण पंडित-  एक ऎसी  हस्ती थीं, जो ट्रैंड सिंगर थी। लेकिन, उन्होंने जब बतौर एक्टर हिंदी फिल्मों में एंट्री ली, तो उन्होंने अपने गीत लता मंगेशकर या आशा भोंसले से गवाने के बजाय खुद गाये ।  हालाँकि, फिल्म संकल्प में गाये उनके गीत 'तू ही सागर है तू ही किनारा' गीत को लता मंगेशकर के मुकाबले फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।  उन्होंने एक बाप छह बेटे मे  योगिता बाली के लिए 'घडी मिलन की आई', गृह प्रवेश में शर्मीला टैगोर के लिए 'बोलिए सुरीली बोलियाँ' , थोड़ी से बेवफाई में पद्मिनी कोल्हापुरे के लिए 'मौसम मौसम लवली मौसम', स्पर्श में शबाना आज़मी के लिए 'खाली प्याला छलका', आहिस्ता आहिस्ता में पद्मिनी कोल्हापुरे के लिए माना तेरी नज़र' जैसे गीत गाये।  
यह बन गए इत्तेफ़ाक़ से प्लेबैक सिंगर 
कुछ एक्टर गाना गए सकते थे।  लेकिन, यह पार्ट टाइम जॉब करना जैसा था।  आम तौर पर आज की अलिया भट्ट और श्रद्धा शर्मा की तरह इन एक्टर्स ने भी खुद पर फिल्माए जाने वाले गीतों को गाया।  अब यह बात दीगर है कि यह गीत उन पर फिल्माए नहीं जा सके और यह एक्टर बन गए प्लेबैक सिंगर भी।
डैनी डैंग्जोप्पा- बॉलीवुड के मशहूर विलेन डैनी डैंग्जोप्पा को फिल्म 'यह गुलिस्तां हमारा' में देव आनंद, शर्मीला टैगोर और प्राण के साथ कॉमेडी रोल में डैनी डैंग्जोप्पा को लिया गया था।  फिल्म के डायरेक्टर आत्माराम थे।  कुछ मतभेदों के चलते फिल्म के बनाने के दौरान ही डैनी को फिल्म से बाहर कर दिया गया।  इस फिल्म में सचिनदेव बर्मन ने एक गीत 'मेरा नाम आओ' डैनी से गवाया गया था।  डैनी के निकलने के बाद फिल्म में जॉनी वॉकर  आ गए।  लेकिन, बर्मनदा ने डैनी के गाये गीत को निकलने से मना कर दिया।  यह गीत जॉनी वॉकर और जयश्री टी पर फिल्माया गया।  इस प्रकार से डैनी इत्तेफ़ाक़ से प्लेबैक सिंगर बन गए।  ज़ोया अख्तर की फिल्म 'दिल धड़कने दो' का शंकर एहसान लॉय का तैयार टाइटल सांग फरहान अख्तर और प्रियंका चोपड़ा ने गया है।  इस गीत में प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर अपने फ़िल्मी परिवार के साथ नाचते और गाते दिखाया गया है।  इसी डांस सीक्वेंस में प्रियंका चोपड़ा के बोलों पर अभिनेत्री अनुष्का  शर्मा को होंठ हिलाते हुए देखा जा सकता है।  यह अपने आप में एक बड़ा दिलचस्प उदहारण है।  १९७७ में रिलीज़ राजश्री की फिल्म 'अलीबाबा मरजीना' में एक गीत प्रेम किशन और तमन्ना पर फिल्माया गया था।  इस गीत में प्रेम किशन के लिए शत्रुघ्न सिन्हा ने प्लेबैक सिंगिंग की थी।  उन दिनों शॉटगन सिन्हा को प्लेबैक सिंगिंग का शौक चर्राया था।  इस गीत को उषा खन्ना ने संगीतबद्ध किया था। लीना चंदावरकर ने अपने पति किशोर कुमार के साथ फिल्म लवर बॉय की एक अंताक्षरी गई थी, जो मीनाक्षी शेषाद्रि पर फिल्मायी गई थी।  २०११ में रिलीज़ अमिताभ बच्चन की फिल्म 'बुड्ढा होगा तेरा बाप' में विशाल शेखर ने गीत गो मीरा गो' को अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन से गवाया था।  यह पहला गीत था जिसमे पिता और बेटा साथ गा रहे थे।  लेकिन, इस फिल्म में अभिषेक बच्चन नहीं थे । इसलिए, यह गीत केवल अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया।  इस प्रकार से पिता अमिताभ बच्चन के लिए बेटा अभिषेक बच्चन गीत गा रहे थे।
बेकरार दिल अरे तू गए जा  - फिल्म दूर का राही का एक गीत 'बेकरार दिल अरे तू गाये जा'  किशोर कुमार और सुलक्षणा पंडित ने गाया था।  इस गीत को अशोक कुमार, किशोर कुमार और तनूजा पर फिल्माया गया था। यहाँ दिलचस्प तथ्य यह था कि इस गीत में सुलक्षणा पंडित की आवाज़ पर तनूजा होंठ हिला रही थी।  लेकिन, किशोर कुमार वाला हिस्सा उनके बड़े भाई अशोक कुमार के हिस्से में आया था।  इस प्रकार किशोर कुमार अपने बड़े भाई के प्लेबैक सिंगर भी बन गए थे।
किशोर कुमार, तलत महमूद, सलमा आगा. शैलेन्द्र सिंह, सोनू निगम, आदि कुछ ऐसे सिंगर एक्टर हैं, जो बॉलीवुड में एक्टिंग करने आये थे।  गा भी अच्छा सकते थे।  एकाधिक फिल्मों में इन्हे अभिनय का मौका मिला भी।  लेकिन, बॉलीवुड ने इनकी अभिनय से ज़्यादा गायन प्रतिभा का उपयोग किया।  गायिका मोनाली ठाकुर हिंदी फिल्म 'लक्ष्मी' के लिए साउथ एशिया फिल्म फेस्टिवल वाशिंगटन में बेस्ट चाइल्ड एक्टर का अवार्ड जीत चुकी हों।  वह खुद की बतौर सिंगर एक्टर पहचान बनाना चाहती हैं।


No comments:

Post a Comment