Thursday 16 July 2015

चार सुपर हीरो मतलब फैंटास्टिक फोर

१९८६ में कॉन्स्टन्टिन फिल्म के बर्नड एईशिन्गर ने कम बजट की फिल्म बनाने के लिए चार सुपर हीरो रीड रिचर्ड्स, बेन ग्रिम, सुसान स्टॉर्म और जॉनी स्टॉर्म की कहानी को मार्वेल से खरीद लिया था। इस फिल्म के पूरा होने के बाद पूरी कास्ट ने प्रमोशनल टूर भी किये। लेकिन, रिलीज़ से पहले ही निर्माताओं पर फिल्म के घटिया निर्माण के आरोप लगाने लगे कि लाइसेंस बनाए रखने के लिए फिल्म बनाई गई है। इस पर मार्वल कॉमिक्स ने कॉन्स्टन्टिन फिल्म से फिल्म के नेगटिव खरीद लिए ताकि आगे चल कर बड़े बजट की फिल्म बनाई जा सके। इस प्रकार से १९९४ की फिल्म ‘द फैंटास्टिक फोर’ हॉलीवुड के इतिहास की ऎसी फिल्म बन गई, जो न तो सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई, न ही होम विडियो पर . अलबत्ता, पायरेटेड सीडी पर इसे रिलीज़ होता देखा गया। आइये चार सुपर हीरो पर बनी फिल्मों के बारे में -  
द फैंटास्टिक फोर (१९९४)
चार सुपर हीरो वाली पहली फिल्म ‘द फैंटास्टिक फोर’ बड़े परदे का मुंह नहीं देख सकी। इस फिल्म को डीवीडी और दूसरे फॉर्मेट पर ज़रूर रिलीज़ किया गया। यह फिल्म छोटे बजट की फिल्म बनाने में माहिर रॉजर कार्मन और बर्नड एईशिन्गर ने बनाई थी। इस फिल्म में फैंटास्टिक फोर के उत्पति और उनकी पृथ्वी को बचाने के लिए डॉक्टर डूम से लड़ी गई पहली लड़ाई का चित्रण हुआ था।  ओले सस्सून फिल्म के डायरेक्टर थे। अलेक्स हाइड-वाइट ने रीड रिचर्ड/मिस्टर फैंटास्टिक, जे अंडरवुड ने जॉनी स्टॉर्म/ह्यूमन टॉर्च, रेबेका स्टाब ने शु स्टॉर्म/इनविजिबल वुमन और बिचैल बैले स्मिथ ने बेन ग्रिम के किरदार किये थे। अन्य भूमिकाओं में विलेन डॉक्टर विक्टर वोन डूम अभिनेता जोसफ कल्प, अलिसिया मास्टर्स अभिनेत्री कैट ग्रीन, आदि के नाम उल्लेखनीय हैं। चार अंतरिक्ष यात्रियों के प्रायोगिक स्पेसक्राफ्ट पर धूमकेतु से कॉस्मिक रेज़ की बारिश होती है। इस कॉस्मिक हमले से चारों यात्री बच तो जाते हैं, लेकिन उनके शरीर मे चौंकाने वाले परिवर्तन होने लगते हैं तथा उनमे अलौकिक शक्तियां पैदा हो जाती हैं।  इन शक्तियों के द्वारा फैंटास्टिक फोर पृथ्वी को बचाने में मददगार हो सकते हैं। लेकिन, शर्त यह है कि दोनों को मिल कर यह काम करना होगा।  
फैंटास्टिक ४ (२००५)
कॉन्स्टन्टिन फिल्म से फैंटास्टिक फोर के नेगेटिव प्राप्त करने के बाद मार्वेल ने फिल्म के निर्माण पर अपना ध्यान लगाना शुरू किया। १९९७ में क्रिस कोलंबस और माइकल फ्रांस की स्क्रिप्ट पर पीटर सिगल ने काम शुरू किया। सिगल के बाद फिलिप मॉर्टन और सैम हैम ने स्क्रिप्ट पर काम किया। मार्वल ने राजा गोस्नेल को ४ जुलाई २००१ को फिल्म रिलीज़ करने के प्रोग्राम के साथ फिल्म ‘फैंटास्टिक ४’ के निर्देशन का भार सौंप दिया। मगर राजा ने फिल्म स्कूबी-डू के लिए यह फिल्म छोड़ दी। फिर पीटोन रीड ने कमान संभाली। वह फिल्म को साठ के दशक की पीरियड फिल्म बनाना चाहते थे। जल्द ही पीटोन भी चले गए। अप्रैल २००४ में टिम स्टोरी को डायरेक्टर की कुर्सी पर बैठाया गया। टिम की फिल्म में मिस्टर फैंटास्टिक, इनविजिबल वुमन, ह्यूमन टोर्च, द थिंग और डूम का किरदार क्रमशः लोन ग्रफड, जेसिका अल्बा, क्रिस इवांस, माइकल चिक्लिस और जूलियन मैकमोहन कर रहे थे। यह फिल्म ८ जुलाई २००५ को रिलीज़ हुई। 
फैंटास्टिक ४: राइज ऑफ़ द सिल्वर सर्फर (२००७)
फैंटास्टिक ४ ने बॉक्स ऑफिस पर ३०० करोड़ डॉलर से ज्यादा ग्रॉस किया था, इसलिए ट्वंटीथ सेंचुरी फॉक्स ने टिम स्टोरी को फिल्म के सीक्वल ‘राइज ऑफ़ द सिल्वर सर्फर’ के डायरेक्शन का भार फिर सौंप दिया। सीक्वल फिल्म की कहानी कॉमिक बुक ‘द गेलक्टस ट्राइलॉजी’ और वारेन एलिस कि कॉमिक बुक 'अल्टीमेट एक्सटिंक्शन’ पर आधारित थी।  सिल्वर सर्फर की कॉस्मिक एनर्जी पृथ्वी पर बुरा प्रभाव डालने लगती है। जिसके फलस्वरूप प्लेनेट के चारों ओर क्रेटर्स बनने लगते हैं। इसी दौरना रीड और सुसान की शादी होने वाली है। अमेरिकी सेना फैंटास्टिक फोर और डूम से मदद मांगती है। इस फिल्म में सभी प्रमुख भूमिकाएं ‘फैंटास्टिक ४’ के कलाकारों ने ही की थी। यह फिल्म १५ जून २००७ को रिलीज़ हुई।    
फैंटास्टिक ४: राइज ऑफ़ द सिल्वर सर्फर’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन ने ट्वेंटीथ सेंचुरी फॉक्स को बेहद निराश किया था। इसलिए सिल्वर सर्फर के स्पिन-ऑफ को फिलहाल के लिए रोक दिया गया। 
बजट और बॉक्स ऑफिस
फैंटास्टिक फोर सीरीज की ६ जुलाई २००५ को रिलीज़ पहली अधिकृत फिल्म ‘फैंटास्टिक फोर’ १०० मिलियन डॉलर के बजट से तैयार हुई थी। इस फिल्म ने वर्ल्ड वाइड ३३०.५८ मिलियन डॉलर का ग्रॉस कलेक्शन किया। दूसरी फिल्म ‘फैंटास्टिक फोर: राइज ऑफ़ द सिल्वर सर्फर’ १३ जून २००७ को रिलीज़ हुई। १३० मिलियन डॉलर के बजट से तैयार ‘राइज ऑफ़ द सिल्वर सर्फर’ ने वर्ल्डवाइड २८९ मिलियन डॉलर का ग्रॉस किया। ज़ाहिर है कि दूसरी फिल्म का कलेक्शन काफी कम था। वैसे यह फिल्म सीरीज मार्वल कॉमिक्स की सबसे ज्यादा ग्रॉस करने वाली चौथी सीरीज मानी जाती है।फैंटास्टिक फोर सीरीज की फिल्मों को बड़े खराब रिव्यु मिले। ज़्यादातर समीक्षकों ने फिल्म को डेढ़ से दो स्टार तक ही दिए।  
फैंटास्टिक फोर (२०१५)
ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स ने अगस्त २००९ में यानि सिल्वर सर्फर की रिलीज़ के चार साल बाद फैंटास्टिक फोर की रिबूट फिल्म पर काम शुरू करवा दिया।  टिम स्टोरी के बजाय जॉश ट्रैंक को डायरेक्शन की कमान सौंपी गई।  फिल्म को लिखने के लिए माइकल ग्रीन, जेरेमी स्लाटर, सेठ ग्राहम-स्मिथ एंड सिमोन किनबर्ग को लगाया गया।  जनवरी २०१४ में फिल्म के लिए कलाकारों का चयन शुरू हो गया।  चूंकि, फैंटास्टिक फोर की कहानी रिबूट थी तथा इसका समकालीन महत्त्व था, इसलिए पुरानी कास्ट को बिलकुल बदल दिया गया। माइल्स टेलर को मिस्टर फैंटास्टिक, केट मारा को इनविजिबल वुमन, माइकल बी जॉर्डन को ह्यूमन टॉर्च. जैमी बेल को द थिंग और टॉबी केबेल को डूम के किरदार में  ले लिया गया। इस फिल्म की टैग लाइन कहती है - अगर आप दुनिया बदलना चाहते हैं तो आपको उसकी सुरक्षा के लिए भी तैयार रहना होगा। फैंटास्टिक फोर की रिबूट फिल्म की कहानी चार युवा टेलिपोर्ट की है, जो अंतरिक्ष में घूमते हुए दूसरे और खतरनाक ग्रह में चले जाते हैं, जिसके प्रभाव से उनके शरीर में  भयानक बदलाव हो जाते हैं।  लेकिन, इन चारों को अपने इन शारीरिक परिवर्तनों पर काबू पाते हुए, डॉक्टर डूम के खतरे से पृथ्वी को बचाना है।  यहाँ शर्त यही  है कि वह अपनी ताक़त का उपयोग मिल कर एक साथ ही कर सकते हैं।  यह फिल्म ७ अगस्त को रिलीज़ होगी।  
फैंटास्टिक फोर (२०१५) की संभावित सफलता के प्रति ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स के इत्मीनान का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्टूडियो ने फिल्म की एक फोटो ज़ारी होने से पहले ही फिल्म का सीक्वल बनाने का ऐलान कर दिया था। हालाँकि, २०१५ की फैंटास्टिक फोर ७ अगस्त को रिलीज़ होनी है, लेकिन स्टूडियो ने फैंटास्टिक फोर के अनाम सीक्वल की रिलीज़ की तारीख़ ९ जून २०१७ निर्धारित कर दी है।  

No comments:

Post a Comment