Wednesday 23 September 2015

यह भी कैलेंडर गर्ल्स थी !

निर्देशक मधुर भंडारकर की फिल्म 'कैलेंडर गर्ल्स' किन्ही न किन्ही कारणों से चर्चा में है।  ख़ास तौर पर फिल्म की पांच कैलेंडर गर्ल्स।  आम तौर पर मधुर भंडारकर ने अपनी फिल्मों में नए चेहरों पर पूरा दांव नहीं लगाया है।  फैशन में प्रियंका चोपड़ा ,कॉर्पोरेट में बिपाशा बासु, पेज ३ में कोंकणा सेनशर्मा, सत्ता में रवीना टंडन और चांदनी बार में तब्बू ऐसे कुछ स्थापित चहरे हैं, जो मधुर की फिल्मों से पहले ही दर्शकों के जाने पहचाने थे।  पहली बार, वह कैलेंडर गर्ल्स में पांच नए चेहरों पर दांव लगा रहे हैं।  क्या यह पाँचों चहरे बॉलीवुड की फिल्मों के जाने माने चहरे बन पाएंगे ? क्या बॉलीवुड इन पर दांव लगाएगा ? 
मधुर भंडारकर की फिल्म 'कैलेंडर गर्ल्स' याद दिलाती है किंगफ़िशर के हर साल निकलने वाले कैलेंडर और उनकी मॉडल्स की। इन बारह पन्नों की मॉडल में से ज़्यादातर इस कैलेंडर के रंगीन पृष्ठों तक सिमट कर रह गई।  कुछ को सेल्युलाइड पर देखा गया। इनमे भी ज़्यादा फिर गुमनामियों में खो गई।  कुछ बॉलीवुड में अपना नाम रोशन करने में कामयाब हुईं।  आइये जानते हैं ऎसी कुछ कैलेंडर गर्ल्स के बारे में जो बॉलीवुड पर छा गई। 
कीरा दत्ता
इसे इत्तेफ़ाक़ ही कहा जायेगा कि जिस 'कैलेंडर गर्ल्स' के कारण किंगफ़िशर कैलेंडर की मॉडल्स का जिक्र हो रहा है, मधुर भंडारकर की इस फिल्म में कीरा दत्ता भी एक मॉडल बनी हैं। २०१३ की किंगफ़िशर कैलेंडर मॉडल कीरा दत्ता को पिछले दिनों चर्चा मिली एकता कपूर की इरोटिक थ्रिलर फिल्म 'एक्सएक्सएक्स' की नायिका के तौर पर। इस फिल्म के लिए बंगाली बाला कीरा दत्ता ने न्यूडिटी क्लॉज़ भी साइन किया था।  इस प्रकार से वह इस प्रकार का क्लॉज़ साइन करने वाली पहली अभिनेत्री बन गई थी। वह एक तेलुगु फिल्म 'रेस गुर्रम' में आइटम सांग कर चुकी हैं। 
कैटरीना कैफ
आज की टॉप बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने करियर की शुरुआत कैजाद गुस्ताद की इंग्लिश फिल्म बूम, जो हिंदी में डूब कर रिलीज़ हुई थी, से की।  इस फिल्म के साथ ही वह २००३ के किंगफ़िशर कैलेंडर की मॉडल भी बनी। यह किंगफ़िशर कैलेंडर का पहला साल था। २००३ में  किंगफिशर कैलेंडर की मॉडल उज्ज्वला राउत, शिवानी कपूर, याना गुप्ता, कटरीना कैफ और विद्या पवाटे थी।  इनमे याना गुप्ता को दम फिल्म के आइटम 'बाबू जी ज़रा धीरे चलो' से शोहरत मिली। लेकिन, बॉलीवुड की  फिल्मों में पैर जमा सकी केवल कैटरीना कैफ।  कैटरीना कैफ को सफलता मिली अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'हमको दीवाना कर गए' से।  २००७ में नमस्ते लंदन, वेलकम, पार्टनर और अपने जैसी फिल्मो की सफलता के बाद कैटरीना कैफ बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शामिल हो गई।  इस प्रकार से वह बॉलीवुड में सफल होने वाली पहले किंगफ़िशर कैलेंडर की पहली मॉडल बन गई।  
शीतल मेनन
शीतल मेनन फोटोग्राफर अतुल कस्बेकर के लिए मॉडलिंग किया करती थी।  वही उसे किंगफ़िशर कैलेंडर २००५ में लाये।  इस कैलेंडर में आने के बाद शीतल ने भ्रम, माय नेम इज़ खान, शैतान और डेविड जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया।  लेकिन, उन्हें ख़ास सफलता नहीं मिली।  
दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण किगफिशर कैलेंडर २००६ की कैलेण्डर गर्ल थी।  उनके साथ इस कैलेंडर में शिल्पा रेड्डी, नीलम चौहान, माशूम सिंघा और अनिला वर्घीस भी थी। लेकिन, बॉलीवुड में सफलता मिली केवल दीपिका पादुकोण को। इस फैशन मॉडल को किगफिशर कैलेंडर के बाद एक कन्नड़ फिल्म 'ऐश्वर्या' मिली।  इसके बाद फराह खान ने अपनी फिल्म 'ओम शांति ओम' की दोहरी भूमिका में दीपिका पादुकोण को शाहरुख़ खान की नायिका बना दिया।  इस फिल्म के बाद दीपिका पादुकोण ने मुड़ कर नहीं देखा।  वह अब तक कॉकटेल, यह जवानी है दीवानी, रेस २, चेन्नई एक्सप्रेस, गोलियों की रासलीला : राम-लीला और हैप्पी न्यू ईयर जैसी सुपर हिट फिल्मों की नायिका बन चुकी हैं।  आज बॉक्स ऑफिस पर उनका नाम बिकता है। 
करिश्मा कोटक
दीपिका पादुकोण के साथ एक दूसरी मॉडल करिश्मा कोटक बॉलीवुड में कोई करिश्मा नहीं दिखा पाई। उनकी दो फ़िल्में जोए बी कार्वाल्हो और लखनवी इश्क़ रिलीज़ हो चुकी है। बिग बॉस ६ में उन्होंने के प्रतिभागी के बतौर हिस्सा लिया था।  
ब्रूना अब्दुल्ला
ब्रूना अब्दुल्ला २००७ में किंगफ़िशर कैलेंडर में नज़र आई।  इसी साल उन्हें फिल्म 'कॅश' में एक आइटम 'रहम करे' में देखा गया। आई लव स्टोरी में वह इमरान खान के अपोजिट जिसेल के किरदार में थी। वैसे उन्हें हिंदी फिल्म में नायिका का रोल कभी नहीं मिला, लेकिन वह आइटम सांग में खूब पॉपुलर हुई।  उनकी आने वाली फिल्मों में उड़नछू शामिल है।  
नर्गिस फाखरी
इम्तियाज़ अली की 'रॉकस्टार' गर्ल नर्गिस फाखरी २००९ में किगफिशर कैलेंडर की टॉपलेस मॉडल के रूप में मशहूर हुई।  इसके बाद वह कुछ उत्पादों की मॉडलिंग की।  किंगफ़िशर कैलेंडर के दो साल बाद उन्हें 'रॉकस्टार' मिल गई।  उनके खाते में मद्रास कैफ़े, मैं तेरा हीरो, जैसी फ़िल्में दर्ज़ हैं।  उनकी आगामी फिल्मों में 'हाउसफूल ३' और 'अज़हर' के नाम शामिल हैं।  
लिसा हेडन
लिसा हेडन भी किंगफ़िशर कैलेंडर में आने से पहले सोनम कपूर  के साथ फिल्म 'आइशा' से फिल्म डेब्यू कर चुकी थी।  २०११ में वह किंगफ़िशर की मॉडल बानी।  उन्होंने रास्कल्स में  सेक्सी और छोटे रोल किये।  उन्हें शोहरत मिली फिल्म 'क्वीन' में कंगना रनौत  सहेली के बतौर।  
टीना देसाई
नर्गिस फाखरी की तरह टीना देसाई की परवरिश भी विदेशी माहौल में हुई है।  वह २०१२ में किंगफ़िशर कैलेंडर की मॉडल बनी। टीना देसाई का मामला थोड़ा अलग है।  वह २०११ में हिंदी फिल्म 'यह फैसले' से डेब्यू कर चुकी थी। 'सही धंदे गलत बन्दे' के अगले साल यानि २०१२ में वह किंगफ़िशर कैलेंडर की मॉडल बनी।  वह ऑस्कर विनर फिल्म 'द बेस्ट एक्सोटिक मैरीगोल्ड होटल' से ख़ास तौर पर मशहूर हुई। टेबल नंबर २१ में उन्होंने अपने बाल मुंडवा कर अपनी बोलडनेस का इज़हार किया।  वह  इस समय नेटफ्लिक्स की साइंस फिक्शन ड्रामा फिल्म 'सेंस ८' में काम कर रही हैं।  
एषा गुप्ता
तमाम किगफिशर कैलेंडर गर्ल्स से हट कर एषा गुप्ता पहले २००७ में फेमिना मिस इंडिया बनी।  फिर २०१० में वह किंगफ़िशर कैलेंडर की मॉडल बनी।  उसी साल उन्हें इमरान हाश्मी के साथ फिल्म 'जन्नत २' मिल गई।  जन्नत २ हिट हो गई।  उनकी अगली फिल्म राज़ ३ डी भी हिट हुई।  वह चक्रव्यूह, गोरी तेरे प्यार में और हमशकल्स जैसी फ़िल्में भी कर चुकी हैं।  वैसे एषा बॉलीवुड से ज़्यादा फैशन सर्किट में ज़्यादा सफल है। 
सोनाली राउत
सोनाली राउत का हिंदी फिल्म डेब्यू हिमेश रेशमिया के साथ फिल्म 'द एक्सपोज़' में २०१४ में हुआ था।  वह २०१० में किंगफ़िशर कैलेंडर गर्ल बनी।  वह किंगफ़िशर कैलेंडर गर्ल २००३ उज्ज्वला राउत की छोटी बहन हैं।  उन्होंने बिग बॉस ८ में बतौर प्रतिभागी हिस्सा लिया। 
हिमार्ष वेंकटसामी
एषा गुप्ता और सोनाली राउत के साथ हिमार्ष वेंकटसामी भी किंगफ़िशर कैलेंडर की मॉडल थी।  उन्हें 'आई हेट लव स्टोरीज' में सोनम कपूर और ब्रूना अब्दुल्ला के साथ देखा गया।  लेकिन, उन्हें पहचान मिली कमल सडाना की जंगल फिल्म 'रोर- टाइगर ऑफ़ द सुंदरबन्स की झुम्पा के तौर पर।  
नतालिया कौर
२०१२ की किंगफ़िशर कैलेंडर मॉडल नतालिया कौर को डिपार्टमेंट फिल्म में एक आइटम 'दन दन' में देखा गया।  कमांडो अ वन मैन आर्मी में उनका स्पेशल अपीयरेंस था।  वह इस समय रॉकी हैंडसम और गन्स ऑफ़ बनारस में अभिनय कर रही हैं।  
पूनम पाण्डेय
मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली पूनम पाण्डेय ने ग्लैडराग २०१० में हिस्सा लिया।  वह किंगफ़िशर कैलेंडर २०१२ में आने से पहले, २०११ में कुल २९ कैलेंडरों की मॉडल बन चुकी थी।  उनकी पहली फिल्म 'नशा' थी।  तेलुगु की सी ग्रेड फिल्म 'मालिनी एंड कंपनी' में वह अपनी सेक्स अपील और एक्शन से तहलका मचाये हुए हैं।  
सैयामी खेर
पुराने जमाने की एक्ट्रेस उषा किरण की नातिन और तन्वी आज़मी की भतीजी सैयामी खेर अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन के साथ मिर्ज़ा साहिबान का किरदार करेंगी।  वह किंगफ़िशर कैलेंडर २०१२ की एक मॉडल थी।  मिर्ज़ियाँ का निर्देशन राकेश ओमप्रकाश मेहरा कर रहे हैं। 
कनिष्ठा धनकर
किंगफ़िशर कैलेंडर २०१३ की मॉडल बनने से पहले कनिष्ठाकर धनकर २००८ में मधुर भंडारकर की फिल्म 'फैशन' में अभिनय कर चुकी थी।  वह मिस वर्ल्ड २०११ में टॉप ३० में काबिज़ रही।
निकोल फ़रिआ
२०१४ की किंगफ़िशर सुपरमॉडल निकोल फ़रिआ टी सीरीज की फिल्म 'यारियां' से बॉलीवुड फिल्म डेब्यू चुकी हैं।  फिलहाल उनके पास कोई अन्य फिल्म नहीं है।  उन्होंने २०१० में फेमिना मिस इंडिया में हिस्सा लिया था। सारा जेन-डिआस
सारा २०१५ के  कैलेंडर की मॉडल थी।  लेकिन, वह हिंदी फिल्मों में पिछले चार सालों से अभिनय कर रही हैं। गेम उनकी पहली हिंदी फिल्म थी।  इसके बाद वह 'क्या सुपर कूल हैं हम', 'ओ तेरी' और 'हैप्पी न्यू ईयर' में अभिनय कर चुकी हैं।  इस समय उनकी एक फिल्म 'एंग्री इंडियन गॉडेसज' काफी चर्चा में हैं। वह एक एक तमिल और तेलुगु फिल्म भी कर चुकी हैं। 
दक्षिण की फिल्मों में- कुछ किंगफ़िशर कैलेंडर मॉडल निकिता दास फिल्म मन्दहास में और अंजलि लवानिया पवन कल्याण के साथ तेलुगु फिल्म पंजा में अभिनय कर चुकी है। 



राजेंद्र कांडपाल 

No comments:

Post a Comment