Tuesday 29 September 2015

बॉक्स ऑफिस पर क्यों 'जवानी फिर नहीं आनी' !

आइये याद करते हैं २६ अगस्त २००५ को रिलीज़ अनीस बज़्मी निर्देशित फिल्म 'नो एंट्री' की। दो दोस्त किशन (अनिल कपूर) और शेखर (फरदीन खान) ।  किशन की बीवी काजल (लारा दत्ता) शक्की मिज़ाज़ है। वह हमेशा शक करती रहती है कि उसका पति बेवफा है।  जबकि किशन उसके प्रति ईमानदार है।  शेखर  एक खोजी पत्रकार संजना (सेलिना जेटली) से प्रेम करने लगता है। उधर इन दोनों का दोस्त है प्रेम यानि सलमान खान । वह पूजा (एषा देओल) से शादी शुदा है।  परन्तु यहाँ मामला उल्टा है।  प्रेम औरतबाज़ है।  जबकि पूजा उसे ईमानदार समझती है।  प्रेम किशन  को बेवफाई सिखाना चाहता है।  वह एक कॉल गर्ल बॉबी (बिपाशा बासु) को किशन को लुभाने के लिए तैयार करता है।  प्रेम देखना चाहता है कि किशन अपनी यह रिलेशनशिप छुपा सकता है या नहीं।  इस फिल्म में किरदारों की हेरफेर ने दर्शकों को खूब हंसाया था।
आइये इस कहानी में थोड़ा हेरफेर कर देते हैं।  दोस्त तीन नहीं चार हो जाते हैं। अपनी अपनी बीवियों से परेशान और डरे सैफ, शेख और परवेज़ तथा उनका तलाक़शुदा वकील दोस्त शेरी। शेरी से अपने दोस्तों की दशा देखीं नहीं जाती।  यह उन्हें ज़िंदगी का मज़ा दिलवाने के लिए बैंकाक ले जाता है।  मस्ती, ग्रैंड मस्ती, नो एंट्री, आदि न जाने कितनी हिंदी फिल्मों की घालमेल है इस कहानी में।  यह कहानी है एक पाकिस्तानी एडवेंचर कॉमेडी फिल्म 'यह जवानी फिर नहीं आनी' की। इस फिल्म को नदीम बेग ने निर्देशित किया है।  फिल्म के एक निर्माता हुमायु सईद फिल्म में सलमान खान वाला शेरी का किरदार कर रहे हैं। हम्ज़ा अली अब्बासी, वसै चौधरी और अहमद अली बट तीन दोस्तों की भूमिका में हैं।  इस फिल्म ने पाकिस्तान बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है। जवानी फिर नहीं आनी ईद वीकेंड में रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म ने पाकिस्तान बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड-बॉलीवुड फिल्मों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर डाला है।  हिंदुस्तानी बॉक्स ऑफिस के लिहाज़ से जवानी फिर नहीं आनी की सोमवार तक ९.८३ करोड़ की कमाई  जीरे जैसी लग सकती है।  लेकिन, इस कमाई से जवानी फिर नही आनी ने पाकिस्तान में फ्यूरियस ७, धूम ३, वेलकम बैक, आदि को पीछे धकेल दिया है। सबसे ज़्यादा बड़े वीकेंड का रिकॉर्ड फ्यूरियस ७ के नाम था, जिसने ७.५ करोड़ का वीकेंड कलेक्शन किया था। पाकिस्तानी की ऑन लाइन  ट्रेड मैगज़ीन बॉक्स ऑफिस डिटेल के अनुसार जवानी फिर नहीं आनी ने ७.८३ करोड़ का वीकेंड कलेक्शन करके फ्यूरियस ७ से टॉप की जगह छीन ली है।  दिलचस्प तथ्य यह है कि सोमवार को भी इस फिल्म ने दो करोड़ के लगभग कलेक्शन किया था।  इस प्रकार से यह फिल्म लगातार चार दिन २ करोड़ का आंकड़ा छूने वाली फिल्म बन गई है।  इस फिल्म के सोमवार के कलेक्शन को देख कर अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि फिल्म में लॉन्ग रन की क्षमता है।  अब केवल देखने वाली बात यही है कि क्या जवानी फिर नहीं आनी २५.०५ करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन कर पाएगी! जी हाँ, पाकिस्तान की सरजमीं पर सबसे ज़्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड फ्यूरियस ७ के खाते में ही दर्ज़ है।  

No comments:

Post a Comment