Friday 23 October 2015

हिंदी फिल्मों में डांडिया और गरबा की धूम

नवरात्रि उत्सव मनाने के लिए देवी प्रतिमा के सामने होने वाला डांडिया डांस पंडालों से गुजर कर बॉलीवुड फिल्मों तक जा पहुंचा है।  आज की आधुनिक माहौल वाली हिंदी फिल्मों में भी डांडियां डिस्को डांडिया के रूप में भी मौजूद है।  यहाँ तक कि दक्षिण की फिल्मों में भी डांडिया और गरबा का मिला जुला डांस सीक्वेंस रखा जाता है।  १९९९ की कथीर निर्देशित तमिल फिल्म 'कांधलर धिनम' यानि वैलेंटाइन डे में गरबा और डांडिया का मिला जुला रूप देखा जा सकता है। इस  फिल्म को  तेलुगु  में 'प्रेमीकुला रोजु' और हिंदी में 'दिल ही दिल में'  टाइटल के साथ डब कर रिलीज़ किया गया था।  सोनाली बेंद्रे और कुणाल सिंह की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म के हिंदी संस्करण  के 'चाँद उतर आया है ज़मीन पे गरबे की रात में' गीत में डांडिया और गरबा का मिश्रण सोनाली बेंद्रे और कुणाल सिंह पर फिल्माया गया।  हालाँकि, 'दिल ही दिल में' फ्लॉप रही थी।  लेकिन, तमिल 'कांधलर धिनम' को ज़बरदस्त सफलता मिली थी। 
संजयलीला भंसाली की फिल्मों में डांडिया और गरबा 
फिल्मकार संजयलीला भंसाली की फ़िल्में आम तौर पर रोमांटिक होती है।  इसलिए, उनकी फिल्मों में डांडिया या गरबा या इसका मिला जुला रूप होना स्वाभाविक है।  उनकी फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के 'ढोली तारो' गीत में सलमान खान और ऐश्वर्या राय के बीच का रोमांस बखूबी उभर कर आया है।  इस गीत को इस्माइल दरबार ने संगीतबद्ध किया है। इस जोड़े की जादूगरी है कि यह गीत आज भी डांडिया और गरबा पंडालों की शान बना हुआ है।  संजयलीला भंसाली ने फिल्म ' गोलियों की रासलीला राम-लीला' के 'नगाड़ा संग ढोल ' गीत में दीपिका पादुकोण पर गरबा का खूबसूरत चित्रण किया है।  भारी घेरदार लहंगा पहने दीपिका पादुकोण का यह डांस फिल्म को क्लाइमेक्स की ओर  बढ़ता है। इसी गीत में दीपिका और रणवीर सिंह एक दूसरे को आमने सामने से देखते हैं।  चूंकि, संजयलीला भंसाली को गरबा और डांडिया से लगाव है, इसलिए यह उम्मीद की जाती है कि उनकी नई फिल्म' बाजीराव मस्तानी' में भी कोई एक गीत डांडिया-गरबा शैली  में होगा।  
बॉलीवुड सुपर स्टार्स का डांडिया और गरबा 
बॉलीवुड के तमाम सुपर स्टार डांडिया और गरबा कर चुके हैं।  सलमान खान का ज़िक्र तो किया ही जा चूका है। सलमान  खान के बाद, उनके दोस्त आमिर खान ने भी फिल्म 'लगान' में गरबा शैली में ग्रेसी सिंह के साथ 'राधा कैसे न जले' गीत में  नृत्य किया। धीमी गति की डांस शैली मैं  यह गीत आमिर और ग्रेसी सिंह के बीच छेड़-छाड़ और मान-मनुहार का बढ़िया चित्रण करता है।  इस गीत के संगीतकार ए आर रहमान हैं। आमिर खान १९८९ में रिलीज़ फिल्म 'लव लव लव' में 'डिस्को डांडिया' गीत पर नृत्य कर चुके थे। आमिर खान के साथ जूही चावला पर फिल्माया गया यह गीत भी डांडिया पंडालों में हिट है।  फिल्म 'आप मुझे अच्छे लगाने लगे' में फिल्म के नायक नायिका नवरात्र उत्सव में अपने घर वालों से छुप कर मिलने आते हैं। इस गीत में इंडस्ट्री के एक दूसरे सुपर स्टार ह्रितिक रोशन अभिनेत्री अमीषा पटेल के साथ 'ओ री गोरी' गीत पर नृत्य करते हैं।  इसी गीत में अमीषा के भाई आ जाते हैं और इन दोनों को भागना पड़ता है।  राजश्री प्रोडक्शंस की सूरज बड़जात्या निर्देशित फिल्म 'मैं प्रेम की दीवानी हूँ' में नायिका करीना कपूर स्टेज पर ऋतिक रोशन के लिए 'बनी बनी  मैं तो बनी' गीत पर गरबा करते हुए अपने प्यार का इज़हार करती है। इस गीत में पारम्परिक धुनों और आधुनिक ताल का मिश्रण सुनने  को मिलता हैं।  अमिताभ बच्चन और रेखा की मनमोहन देसाई निर्देशित फिल्म 'सुहाग' में भी इन दोनों सुपर स्टारों पर एक डांडिया गीत 'नाम रे  सबसे बड़ा तेरा नाम' फिल्माया गया था।  यह दुगा पूजा पंडाल में फिल्माया गया गीत है। 'प्रतिकार' फिल्म के 'चिट्ठी मुझे लिखना' गीत को डांडिया शैली में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित के साथ फिल्माया गया।  बाद इस गीत से पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान और सोनू वालिया भी आ जुड़ते हैं।   श्रीदेवी पर फिल्माया गया फिल्म 'चाँद का टुकड़ा' का 'आज राधा को शाम याद आ गया' को डांडिया गीत बताया जाता है।  लेकिन, यह विशुद्ध डांडिया नहीं है।  
डांडिया और गरबा में भक्ति भाव  
सुहाग का गीत देवी मंदिर में फिल्माया गया गीत है।  इसमें भक्ति के साथ साथ फिल्म को अहम् मोड़ भी दिया गया है।  कुछ ऐसे ही गीत दूसरी फिल्मों में भी फिल्माए गए हैं।  शोले के दौरान सुपर हिट साबित होने वाली, कम बजट की फिल्म 'जय संतोषी माँ' का शीर्षक गीत भक्ति गीत है जिसे सामने खड़े श्रद्धालुओं पर फिल्माया गया है।  फिल्म 'क्रांतिवीर' का एक गीत 'जय अम्बे जगदम्बे माँ' गीत भी भक्ति गीत के तौर पर फिल्माया गया है।  आम तौर पर ऐसे गीत दर्शकों की धार्मिक भावनाओं के लिए एक आइटम के तौर पर फिल्माए गए हैं। 'काई पो चे' का परी हूँ मैं गीत रीमिक्स कर पूजा पंडाल में राजकुमार राव और अमृता पूरी पर फिल्माया गया था।  गुरिंदर चड्ढा की फिल्म 'ब्राइड एंड प्रेज्यूडिस' में 'डोला डोला' गीत पर ऐश्वर्या राय अपने को-स्टार माइक एंडरसन के साथ डांडिया धुन पर थिरकी थी।  केतन देसाई की फिल्म 'मिर्च मसाला' में गरबा शैली का एक नृत्य स्मिता पाटिल, दीप्ति नवल और पाठक बहनों सुप्रिया और रत्ना पाठक पर फिल्माया गया।  
शाहरुख खान ने अभी तक किसी फिल्म में गरबा या डांडिया शैली में कोई डांस नहीं किया है।  लेकिन, सूत्र  
बताते यहीं कि वह निर्देशक राहुल ढोलकिया की आगामी फिल्म 'रईस' में गरबा करते नज़र आएंगे।  यह फिल्म गुजरात के एक गैंगस्टर पर रियल लाइफ फिल्म है।  इस गीत को शाहरुख खान ने घुटनो पर चोट के बावजूद पूरा किया।  फिल्म में  उनकी  नायिका पाकिस्तान की माहिर खान हैं।  
हिंदी फिल्मों में डांडिया या गरबा गीत भक्ति, इश्क मोहब्बत और ग्लैमर का प्रतीक हैं।  इन गीतों में गाढ़े और चटख रंगों का इस्तेमाल किया जाता है।  भारी वस्त्राभूषण इसकी खासियत होते।  गहरे रंग दर्शकों का ध्यान आकृष्ट करते हैं। तेज़ और मिश्रित बीट पर नृत्य क्लब और पूजा पंडालों में जल्द पॉपुलर हो जाते हैं।  इसके बावजूद बॉलीवुड यह दावा नहीं करता कि वह विशुद्ध डांडिया या गरबा दिखा रहा है।  ज़्यादातर फिल्मों में तो इन दोनों नृत्य शैलियों की घालमेल हुई है।  इसके बावजूद यह गीत दर्शनीय बन पाते हैं।  तभी तो तमाम सुपर स्टार अभिनेता अभिनेत्री इन गीतों पर थिरकने से मना नहीं कर पाते।  


राजेंद्र कांडपाल  



No comments:

Post a Comment