Friday 23 October 2015

हिंदी फिल्मों में बैंड बाजा बारात ! शादी से पहले शादी के बाद !!

सिनेमेटोग्राफर बिनोद प्रधान की डेब्यू फिल्म 'द वेडिंग पुलाव' की थीम में शादी है।  लेकिन, दिगंत और अनुष्का की यह कहानी न तो शादी से पहले की है, न शादी के बाद की है।  बल्कि, यह फिल्म शादी के दौरान की है। अनुष्का और दिगंत साथ काम करते हैं, अच्छे दोस्त है।  अनजाने में एक दूसरे को चाहने लगते हैं, लेकिन इसका एहसास नहीं।  एक दिन अनुष्का को दिगंत की शादी का इनविटेशन मिलता है।  वह उसमे शामिल होने जाती है।  इस शादी के दौरान दोनों को अजीब अनुभव होता है। अनुष्का के साथ उसका बॉयफ्रेंड है।  दिगंत अनुष्का के बॉय फ्रेंड को देख कर जलने लगता है।  अनुष्का को लगता है कि दिगंत की शादी न होने पाये।  ऐसा क्यों ? यही शादी के दौरान का वेडिंग पुलाव है।
शादी के दौरान हुआ प्यार
हिंदी फिल्मों की यही महिमा है।  कभी शादी के पहले,कभी शादी के बाद तो कभी शादी के दौरान भी।  बैंड बाजा बारात के श्रुति (अनुष्का शर्मा) और बिट्टू (रणवीर सिंह) दिल्ली के वेडिंग प्लानर हैं।  दूसरों की शादी कराते हैं।  कई कई दिन लगातार एक दूसरे के साथ दिन रात रहते हैं।  दोनों में प्यार हो जाता है।  अब इन वेडिंग प्लानर की शादी तो होनी ही है न ! कुछ ऐसा ही एहसास यह जवानी है दीवानी के कबीर (रणबीर कपूर) को भी होता है, जब वह अपनी दोस्त अदिति (कल्कि कोएचलिन) की शादी में जाता है। हालाँकि, नैना (दीपिका पादुकोण) उससे बहुत पहले से प्यार करती है।  लेकिन, कबीर को तो दुनिया घूमने का चस्का है।  उसे नैना का प्यार नज़र नहीं आता।  जब दोनों फिर अदिति की शादी में मिलते हैं, तब कबीर को एहसास होता है कि वह अब तक क्या क्या खो चूका था।  शादी के दौरान का एहसास तनु वेड्स मनु में दोनों मुख्य किरदारों को भी होता है।  मनु (आर माधवन)  शादी के लिए तनु (कंगना रनौत) को देखने आता है। लेकिन, तनु तो राजा अवस्थी (जिमी शेरगिल) की दीवानी है।  कॉमन फ्रेंड की शादी में दोनों बार बार मिलते हैं।  तनूजा को एहसास होता है मनु के प्यार का।  इस प्रकार का शादी के दौरान का प्रेम बहुत सी मेरे यार की शादी है, हम आपके हैं कौन, दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे, बिट्टू बॉस जैसी तमाम हिंदी फिल्मों के केंद्र में रहा है।  ब्राइड एंड प्रेज्यूडिस की श्रीमती बक्शी की अपनी चार बेटियों के लिए दूल्हे की तलाश एक शादी में ही पूरी होती है।
शादी के बाद
किसी शादी को निभाना एक बड़ी बात होती है।  पति पत्नी के बीच मतभेद पैदा होते हैं।  कभी सुलझ जाते हैं, कभी टूट कर सुलझते हैं।  हालिया फिल्म 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' में तनु (कंगना रनौत) और मनु (आर माधवन) के संबंधों में खटास आ जाती है।  वह मनु को पागलखाने में छोड़ कर वापस भारत आ जाती है।  मनु तनु की हमशक्ल लड़की से शादी करने लगता है। इसी दौरान दोनों को एहसास हो जाता है कि वह दोनों गलती पर थे।  दो फिल्मों मैं मेरी पत्नी और वह तथा रब ने बना दी जोड़ी में विवाहित जोड़ियों की समस्या बेमेल विवाह की है।  जहाँ रब ने बना दी जोड़ी में सुरिंदर (शाहरुख़ खान) उम्र में तानी (अनुष्का शर्मा) से बड़ा है।  तानी को हमेशा यह एहसास रहता है कि उसकी शादी एक बड़ी उम्र के आदमी से कर दी गई।  सुरिंदर उसे खुश रखना चाहता है।  जबकि तानी उसमे सुपर मैन देखना चाहती है।  वही मैं मेरी पत्नी और वह का मिथिलेश (राजपाल यादव)  छोटे कद है, जबकि वीणा (रितुपर्णा सेनगुप्ता) लम्बे कद की है।  वीणा को पति के छोटे कद से परेशानी नहीं।  लेकिन, मिथिलेश में हीन भावना है। वह लम्बे कद की सुन्दर पत्नी को लेकर सशंकित रहता है।  कुछ समय पहले रिलीज़ फिल्म दम लगा के हईशा में प्रेम (आयुष्मान खुराना)  और संध्या (भूमि पेडणेकर) की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जिसमे मोटी पत्नी वाले पति को मोटी पत्नी के साथ शर्म आती है।
शादी के बाद शादी से पहले का
कई फिल्मों में शादी के बाद के जीवन में शादी के पहले वाला  आ जाता है।  बीआर चोपड़ा ने ऎसी ही भटकी नारियों के जीवन पर फिल्म बनाई थी गुमराह।  इस फिल्म में कमला (माला सिन्हा) और राजेंद्र (सुनील दत्त)  प्यार करते हैं।  लेकिन कमला की शादी बैरिस्टर अशोक (अशोक कुमार) से हो जाती है।  सब ठीक हो रहा होता है कि एक दिन कमला की विवाहित ज़िन्दगी में राजेंद्र फिर आ जाता है।  वह अपने पुराने प्यार की दुहाई देता है।  कुछ ऐसी ही कहानी धड़कन के अंजलि (शिल्पा शेट्टी), राम (अक्षय कुमार) और देव (सुनील शेट्टी) की भी थी। यश चोपड़ा की फिल्म 'सिलसिला' में अमित (अमिताभ बच्चन) और चांदनी (रेखा) एक दूसरे से प्यार करते हैं।  लेकिन, अमित  की शादी शोभा (जया बच्चन) से और चांदनी की शादी डॉक्टर आनंद (संजीव कुमार) से हो जाती है।  कुछ समय बाद दोनों मिलते हैं।  अमित और चांदनी का पुराना रोमांस सर उठाता है।  दोनों शादियां टूटने की कगार पर आ जाती हैं।
शादी जीतती है
जस्ट मैरिड का अभय (ज़ायद खान) और रीतिका (दिया मिर्ज़ा) नवविवाहित जोड़ा है।  दोनों के बीच मतभेद पैदा होने लगते हैं।  लेकिन, वह उनको सुलझाने की कोशिश करने लगते हैं।  संजयलीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' की नंदिनी (ऐश्वर्य राय) समीर (सलमान खान)  से प्रेम करती है।  पिता उसकी शादी ज़बरदस्ती वनराज (अजय देवगन) से करा देता है।  नंदिनी शादी की पहली रात ही वनराज को अपने प्यार के बारे में बता देती है।  वनराज निर्णय लेता है कि वह नंदिनी और समीर को मिलाएगा।  इसी प्रकार से 'नमस्ते लंदन' की ब्रिटेन में रहने वाली जसमीत (कैटरीना कैफ) चार्ली से प्रेम करती है।  पिता जसमीत की शादी गाँव में रहने वाले अर्जुन (अक्षय कुमार) से तय कर देता है।  जसमीत यह शादी नहीं चाहती।  अर्जुन जसमीत के साथ लंदन आ जाता है।  लंदन में जसमीत को अर्जुन की अच्छाइयों का पता चलता है।  इन सभी फिल्मों में तयशुदा शादी जीतती है। लव ब्रेकअप ज़िन्दगी का जय और नैना को जोड़ा और उनके दोस्त यह महसूस करते हैं कि शादी के बाद बहुत कुछ बदल जाता है।  गुलज़ार की फिल्म इजाज़त के महेंद्र (नसीरुद्दीन शाह) और माया (अनुराधा पटेल) प्यार करते हैं।  पर माया शादी नहीं करना चाहती।  महेंद्र की शादी सुधा (रेखा) से हो जाती है।  लेकिन, महेंद्र माया को भूल नहीं पाता।  नतीज़तन, महेंद्र और सुधा की शादी टूट जाती है। बरसों बाद महेंद्र और सुधा एक रेलवे स्टेशन पर मिलते हैं।  दोनों महसूस करते हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ है, जो खो दिया है। आदित्य और सुहानी की शादी भी टूटने की कगार पर आ जाती है।  लेकिन, दोनों समझदारी से काम लेते हैं। शादी के साइड इफेक्ट्स में सिड (फरहान अख्तर) और तृषा (विद्या बालन)  की शादी का ज़िम्मेदारी का एहसास होते ही दरकने लगती है।
कुछ विवाह ऐसे भी
विवाह के प्रेम (शाहिद कपूर) और पूनम (अमृता राव) की शादी उस समय खतरे में पड़ जाती है, जब शादी के दिन आग लगाने से पूनम का पूरा शरीर जल जाता है।  इसके बावजूद प्रेम पूनम से शादी करता है। घरौंदा में सुदीप (अमोल पालेकर) और छाया (ज़रीना वहाब) प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं।  लेकिन, घरौंदा न होने के कारण शादी नहीं कर पा रहे हैं।  इस पर सुदीप छाया से एक बूढ़े मोदी (डॉक्टर श्रीराम लागू) से शादी करने को कहता है, जो बीमार रहता है और जल्द ही मर जायेगा।  लेकिन, शादी के बाद छाया पति के लिए बदलने लगती है। मेरे ब्रदर की दुल्हन में कुश (इमरान खान) अपने भाई लव (अली ज़फर) की दुल्हन डिम्पी (कैटरीना कैफ) को देखने जाता है।  लेकिन, खुद उसके प्यार में पड़ जाता है। घर शादी शुदा जोड़े विकास (विनोद मेहरा) और आरती (रेखा) की कहानी थोड़ी अनोखी थी।  आरती का बलात्कार हो जाता है।  दोनों पति पत्नी इस हादसे से उबरने की कोशिश करते हैं। हम आपके हैं कौन में नायक विजय (अनिल कपूर)  मेघा (काजोल) से कॉन्ट्रैक्ट करके शादी करता है।  लेकिन, कॉन्ट्रैक्ट के दौरान उन्हें पता लगता है कि वह एक दूसरे से प्यार करने लगे हैं।

शादी, शादी के दौरान, शादी के बाद और शादी से पहले के कथानक पर कभी कभी, चलते चलते, कभी अलविदा न कहना, हाउसफूल ३, आदि ढेरों फ़िल्में बनाई गई हैं।  इन फिल्मों में शादी से पहले का प्रेम शादी के बाद के प्रेम से हारता है।  यानि, हिंदी फिल्मों की नारी कभी भी पति और परिवार के विरुद्ध नहीं जा सकती।  आज भी ऐसे कथानक किसी न किसी रूप में हैं, जिनमे शादी जीतती है।

No comments:

Post a Comment