Wednesday 28 October 2015

असफल अभिनेताओं की सेक्स कॉमेडी

गोलमाल ३ के बाद से ही एक्टर कुणाल खेमू असफलता से जूझ रहे हैं।  उनकी एक के बाद एक फ़िल्में फ्लॉप हो रही हैं। गोलमाल ३ के बाद उन्होंने हर साल एक फ्लॉप फिल्म देने का रिकॉर्ड कायम किया है।  उनकी ब्लड मनी, गो गोवा गॉन और जोए बी कार्वाल्हो फ्लॉप हो चुकी है।  पिछले दिनों रिलीज़ उनकी फिल्म 'भाग जॉनी' को बॉक्स ऑफिस ने भागने पर मज़बूर कर दिया।  डायरेक्टर जोड़ी श्रीशांक आनंद और शशांक रे छिब्बर की फिल्म 'गुड्डू की गन' में कुणाल गुड्डू का किरदार कर रहे हैं, जिसकी 'गन' सोने की हो गई है। इस सेक्स कॉमेडी फिल्म के ट्रेलर में ही अश्लील और द्विअर्थी संवादों की भरमार है।  'गुड्डू की गन' के अलावा कुणाल के पास दूसरी कोई फिल्म नहीं।  ज़ाहिर है कि वह गुड्डू की गन की सेक्स कॉमेडी के ही भरोसे हैं।
फ्लॉप अभिनेता + बी ग्रेड एक्ट्रेस = सेक्स कॉमेडी

फ्लॉप अभिनेताओं और दोयम दर्जे की फिल्मों की एक्ट्रेस की मज़बूरी है सेक्स कॉमेडी फ़िल्में करना।  ऎसी फ़िल्में करके वह एक सफल फिल्म अपने खाते में जोड़ सकते हैं।  चूंकि, ऎसी फिल्मों को हर अभिनेता या अभिनेत्री करना नहीं चाहेगी, इसलिए ऐसे फ्लॉप कलाकार ख़ास तरह की फिल्मों के सदस्य बन जाते हैं।  पुष्टि करेंगे विवेक ओबेरॉय, आफताब शिवदासानी और रितेश देशमुख ! उन्हें फ्लॉप फिल्मों का सामना करना पड़ा। उनकी शुरूआती ए ग्रेड फ़िल्में चली नहीं।  बी ग्रेड फ़िल्में भी कुछ ख़ास कारनामा नहीं कर पाई।  ऐसे में सेक्स कॉमेडी इनके लिए एक ही रास्ता थी।  यह फ्लॉप एक्टरों की तिकड़ी इंद्रकुमार की फिल्म 'मस्ती' में नज़र आई।  द्विअर्थी संवादों वाली इस फिल्म को ज़बरदस्त सफलता मिली।  'मस्ती' ने फिल्म निर्माताओं के सामने सेक्स कॉमेडी फ़िल्में बनाने का रास्ता खोल दिया और इन एक्टरों को फिल्म 'ग्रैंड मस्ती' दिलवा दी।  मस्ती से पहले आफताब शिवदासानी मुस्कान, सुनो ससुरजी,  फूटपाथ, डरना मना है, प्यासा, जानी दुश्मन : एक अनोखी कहानी, कर ले प्यार कर ले, आदि जैसी फ्लॉप फिल्मो की लम्बी लाइन लगा चुके थे। रितेश देशमुख की मस्ती से पहले केवल दो फ़िल्में ही रिलीज़ हुई थी।  लेकिन, मस्ती के बाद भी वह एक भी सोलो हिट फिल्म नहीं दे सके।  उनकी मालामाल वीकली जैसी फ़िल्में खालिस उनकी नहीं थी।  लेकिन, विवेक ओबेरॉय का कंपनी, साथिया, युवा और क्यों हो गया न जैसी बड़ी और सफल फिल्मों के बावजूद सेक्स कॉमेडी करना समझ से बाहर है।  जबकि, मस्ती रितेश देशमुख के करियर की तीसरी फिल्म थी। बॉलीवुड के असफल अभिनेताओं का सेक्स कॉमेडी करने का सबसे बड़ा उदाहरण इमरान खान हैं।  जिन्होंने लगातार असफल फिल्मो से घबरा कर 'डेल्ही बेली' जैसी अश्लील फिल्म सेक्स कॉमेडी के नाम पर की।  यह फिल्म हिट भी हुई।
यह क्या हो रहा है !
बॉलीवुड ने सेक्स कॉमेडी फिल्मों की शुरुआत चोरी करके की।  निर्माता थे आज के क्रांतिकारी निर्देशक हंसल मेहता।  फिल्म थी हॉलीवुड फिल्म 'अमेरिकन पाई' की कटपेस्ट फिल्म 'यह क्या हो रहा है'। यह फिल्म २००२ में रिलीज़ हुई थी।  यह फिल्म उस समय सेक्स बम जैसी नज़र आ रही पायल रोहतगी और  सहेलियों की सेक्स अपील को  भुनाने के ख्याल से बनाई गई थी।  वैसे फिल्म में प्रशांत चिअनानी, आमिर अली माली, वैभव जालानी और यश पंडित जैसे दर्शकों के लिए कम जाने पहचाने चहरे। लेकिन, दर्शकों का ख्याल  रखने के लिए पायल  रोहतगी के साथ उनकी दीप्ति दरयानानी, समिता बंगार्गी और पुनर्नवा मेहता की सेक्सी ब्रिगेड थी।  यह वही पुनर्नवा हैं, जो बाद में पाखी टायरवाला बनी। वह अब्बास टायरवाला की बीवी हैं।  गुमनाम एक्टरों की गुमनाम रही ब्रिगेड के साथ बनी 'यह क्या हो रहा है' से हिंदी फिल्म दर्शकों का पहला परिचय सेक्स कॉमेडी से हुआ।  यह एक अनोखा विषय था।  इसलिए फिल्म चल निकली।
फ्लॉप डायरेक्टर भी
सेक्स कॉमेडी फ्लॉप फिल्म डायरेक्टर की पनाहगाह हो सकती है।  यह क्या हो रहा है से पहले तक १३ फ्लॉप फ़िल्में दे चुके हंसल मेहता के बाद दीपक तिजोरी ने भी इसे पुख्ता किया। दीपक तिजोरी अच्छे अभिनेता हैं, इसे उन्होंने साबित किया।  उन्हें महेश भट्ट की फिल्मों का सहारा मिला।  आशिक़ी, दिल है कि मानता नहीं, सड़क, खिलाडी, बेटा, आदि फिल्मों में वह नायक के सहायक थे।  बतौर नायक वह बिलकुल फ्लॉप साबित हुए।  इसलिए जब उन्होंने बतौर डायरेक्टर हाथ आजमाने की सोची तो फिल्म सेक्स कॉमेडी बनाई ।  लेकिन, फिल्म असफल हुई।  इसके बाद दीपक ने थ्रिलर, मर्डर मिस्ट्री फ़िल्में बनाई। ज़ोर, संध्या और चुरा लिया है तुमने जैसी फ्लॉप फिल्म देने के बाद मलयालम फिल्मों के संगीत सिवन ने एकता कपूर के लिए फिल्म 'क्या कूल हैं हम' बनाई।  फिल्म सुपर डुपर हिट हुई।  इस फिल्म में फ्लॉप तुषार कपूर और रितेश देशमुख की जोड़ी थी।  लेकिन, इस सुपर हिट फिल्म का सीक्वल क्या सुपर कूल हैं हम चल नहीं सका।   रजत कपूर फिल्म एक्टर  डायरेक्टर हैं।  वह  हर प्रकार की हिंदी अंग्रेजी मिक्स फ़िल्में बना लेते हैं।  उन्होंने सेक्स कॉमेडी मिक्स्ड डबल्स का निर्देशन किया।  फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा, रणवीर शोरे, कोयल पूरी और रजत कपूर थे।  फिल्म में एक व्यक्ति पत्नी को खुश करने के लिए पावर बढ़ाने वाली दवाएं लेता है। सेक्स कॉमेडी फ़िल्में बनाने में स्थापित निर्देशकों ने भी रूचि ली।  अनंत बलानी एक ऐसे ही निर्देशक थे। उन्होंने सलमान खान और रवीना टंडन को लेकर 'पत्थर के फूल' का निर्देशन किया था।  अलबत्ता, उन्होंने भिन्न शैली की फ़िल्में बनाई।  जॉगर्स पार्क और एक दिन २४ घंटे के साथ उनकी सेक्स कॉमेडी फिल्म मुंबई मैटिनी भी रिलीज़ हुई।  फिल्म में राहुल बोस और परीजाद जोरेबियन मुख्य भूमिका में थे, जिनका हिंदी फिल्मों में कोई नामलेवा नहीं।
सनी लियॉन है तो सेक्स कॉमेडी
सनी लियॉन बिग बॉस में इसीलिए लाई गई कि वह पोर्न फिल्म स्टार थी।  उनसे बिग बॉस को सेक्स का छौंका मिलता। महेश भट्ट सनी लियॉन को बिग बॉस से अपनी बेटी की फिल्म जिस्म २ में ले आये।  फिल्म फ्लॉप हुई।  इंटरनेट पर सनी लियॉन को सेक्स करता देख चुका दर्शक उनके ऑन स्क्रीन आधे अधूरे सेक्स को ख़ाक देखता। सेक्स के बूते पर सनी लियॉन की फिल्म 'रागिनीं एमएमएस २' हिट हो गई। फिल्म निर्माताओं को भी सनी लियॉन जैसी अभिनेत्री मिल गई थी, जिसके नाम से अपनी सेक्स कॉमेडी फिल्मो को भुनाया जा सकता था।  सनी लियॉन की फिल्म कुछ कुछ लोचा है पहली सेक्स कॉमेडी फिल्म थी।  लेकिन, उनकी दूसरी सेक्स कॉमेडी फिल्म 'मस्तीज़ादे'  सेंसर के पचड़े में फंस गई।  एक दूसरी अभिनेत्री हैं राधिका आप्टे।  वह बॉलीवुड की सेक्स सिंबल बन कर उभर रही हैं।  उनकी एक्स सेक्स कॉमेडी फिल्म 'हंटर' रिलीज़ हो चुकी है।  यह सभी अभिनेत्रियां पायल रोहतगी, नेहा धूपिया, आदि सेक्सी अभिनेत्रियों की परंपरा में हैं, जिन्होंने सेक्स कॉमेडी फिल्मे की।   
वैसे सेंसर बोर्ड की कड़ाई के बावजूद बॉलीवुड के फिल्म निर्माताओं का सेक्स कॉमेडी फ़िल्में बनाने का इरादा कमज़ोर नहीं हुआ है।  गुड्डू की गन के अलावा एकता कपूर की केन घोष निर्देशित फिल्म ३ एक्स भी सेक्स कॉमेडी फिल्म है।  क्या सुपर कूल हैं हम का तीसरा भाग बनाया जा रहा है।  इंद्रकुमार ग्रैंड मस्ती की वापसी करवा रहे हैं। निर्माता करण जौहर एक सेक्स कॉमेडी फिल्म बनाने जा रहे थे।  लेकिन, एआईबी रोस्ट के विवाद में घिरने के बाद उन्होंने इस इरादे को ड्राप कर दिया।  इसकी को-प्रोडूसर एकता कपूर थी।  

No comments:

Post a Comment