Saturday 31 December 2016

कम हो गई बिलियन डॉलर का ग्रॉस करने वाली हॉलीवुड फ़िल्में

हॉलीवुड हॉलीवुड में इस साल भी सुपर हीरो फिल्मों का दबदबा कायम रहा।  विज्ञानं फंतासी फिल्मो को भी कामयाबी मिली। बच्चों के लिए एनीमेशन फिल्मों ने बड़ों का भी मनोरंजन किया। अमेरिकी दर्शकों को आकर्षित करने वाली टॉप की पांच फिल्मों में दो सुपर हीरो फ़िल्में और तीन बच्चों की फ़िल्में थी।  वर्ल्डवाइड दर्शकों पर बच्चों की एनीमेशन फिल्मों का ही कब्ज़ा बना रहा।  केवल कैप्टेन अमेरिका: सिविल वॉर ही टॉप पर रही।  
पिछले साल की तुलना करें तो हॉलीवुड के लिए २०१६ कुछ फायदे वाला नहीं रहा। ख़ास तौर पर वर्ल्डवाइड ग्रॉस के लिहाज़ से। २०१५ में हॉलीवुड की दो फिल्मों ने २ बिलियन डॉलर से अधिक का वर्ल्डवाइड ग्रॉस किया था। तीन फ़िल्में एक बिलियन डॉलर से ज्यादा का ग्रॉस करने में सफल रही थी। इनमे चार फिल्मों स्टार वार्स: द फ़ोर्स अवकेंस, जुरैसिक वर्ल्ड, फ्युरिअस ७ और एवेंजर्स: एज ऑफ़ उल्ट्रोन ने भारत में भी बढ़िया ग्रॉस किया था। जबकि २०१६ में अभी तक हॉलीवुड की केवल तीन फिल्में कैप्टेन अमेरिका : सिविल वॉर, फाइंडिंग डोरी और जूटोपिया ही एक बिलियन डॉलर से अधिक का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कर सकी हैं। ज़ाहिर है कि दो बिलियन डॉलर को छूना असंभव है।  
सुपर हीरो फिल्म कैप्टेन अमेरिका: सिविल वॉर ने वर्ल्ड वाइड १.१५३ बिलियन डॉलर का ग्रॉस किया। वर्ल्डवाइड १.०२७ बिलियन डॉलर का ग्रॉस कर ३डी एनीमेशन फिल्म फाइंडिंग डोरी दूसरे स्थान पर रही। फाइंडिंग डोरी से थोडा कम १.०२३ मिलियन डॉलर का ग्रॉस करने वाली फिल्म जूटोपिया ग्रॉस बिज़नस के लिहाज़ से तीसरे स्थान पर रही। हॉलीवुड की वर्ल्डवाइड ५०० मिलियन डॉलर से अधिक का ग्रॉस करने वाली ऎसी ११ फ़िल्में ही थी। 
इस लिहाज़ से २०१६ में हॉलीवुड की दो ज्यादा फिल्मों ने ५०० मिलियन डॉलर से अधिक का वर्ल्डवाइड ग्रॉस किया। पांच सौ मिलियन डॉलर से अधिक का ग्रॉस करने वाली फिल्मों में द जंगल बुक (९६६.६ मिलियन डॉलर), द सीक्रेट लाइफ ऑफ़ पेट्स (८७५.४ मिलियन डॉलर), बैटमैन वेर्सेस सुपरमैन: डौन ऑफ़ जस्टिस (८७३.३ मिलियन डॉलर), डेडपूल (७८३.१ मिलियन डॉलर), सुसाइड स्क्वाड (७४५.६ मिलियन डॉलर), फैंटास्टिक बीस्टस एंड वेयर टू फाइंड देम (७४४.७ मिलियन डॉलर), डॉक्टर स्ट्रेंज (६५६.२ मिलियन डॉलर), रोग वन: अ स्टार वार्स स्टोरी (५७३.८ मिलियन डॉलर), द मरमेड (५३३.८ मिलियन डॉलर), एक्समेन: अपोकैलिप्स (५४३.९ मिलियन डॉलर) और कुंग फु पांडा ३ (५२१.२ मिलियन डॉलर) के नाम शामिल हैं। इनमे से रोग वन १६ दिसम्बर को रिलीज़ हुई है। इसलिए इसका ग्रॉस बिलियन डॉलर के लेवल को छू सकता है। जहाँ तक हॉलीवुड फिल्मों के डोमेस्टिक ग्रॉस का सवाल है, एनीमेशन फिल्म फाइंडिंग डोरी ४८६.२ मिलियन डॉलर के ग्रॉस के साथ टॉप पर है। इस लिहाज से कैप्टेन अमेरिका: सिविल वॉर ४०८ मिलियन डॉलर के ग्रॉस के साथ दूसरे स्थान पर है। डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर तीन से लेकर १० तक की पायदान पर खडी नज़र आने वाली फिल्मों में द सीक्रेट लाइफ ऑफ़ पेट्स (३६८.३ मिलियन डॉलर), द जंगल बुक (३६४ मिलियन डॉलर), डेडपूल (३६३ मिलियन डॉलर), जूटोपिया (३४१.२ मिलियन डॉलर), बैटमैन वेर्सेस सुपरमैन: डौन ऑफ़ जस्टिस (३३०.३ मिलियन डॉलर), सुसाइड स्क्वाड (३२५.१ मिलियन डॉलर), रोग वन: अ स्टार वार्स स्टोरी (३१८.१ मिलियन डॉलर) और डॉक्टर स्ट्रेंज (२२८.६ मिलियन डॉलर) के नाम शामिल हैं। लगता है मशहूर हैरी पॉटर सीरीज की फिल्मों की पहली प्रेकुएल फिल्म फैंटास्टिक बीस्टस एंड वेयर टू फाइंड देम घरेलु दर्शकों के साथ साथ दुनिया के दर्शकों को आकर्षित कर पाने में नाकाम रही है। यह फिल्म ग्रॉस के लिहाज़ से घरेलु बॉक्स ऑफिस पर ११ वे नंबर पर है तो वर्ल्डवाइड नौवे नंबर का ग्रॉस ही कर सकी है। 
हिन्दुस्तान में लगभग सभी हॉलीवुड फ़िल्में डब कर हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज़ की जाने लगी हैं। इस साल तो हॉलीवुड की कुछ फिल्मों ने हिंदी फिल्मों को ज़बरदस्त टक्कर ही नहीं दी, उन्हें बॉक्स ऑफिस पर पीछे भी धकेल दिया। अगर ऐसा न होता तो भारतीय बॉक्स ऑफिस के ग्रॉस के लिहाज़ से हॉलीवुड फिल्म द जंगल बुक १०० करोड़ क्लब में खडी नज़र न आती। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ९६६.६ मिलियन डॉलर का ग्रॉस करने वाली द जंगल बुक ने हिन्दुस्तानी बॉक्स पर ३८.८३ मिलियन डॉलर का ग्रॉस किया। यह ग्रॉस भारतीय रुपये के लिहाज़ से दो सौ ६४ करोड़ से अधिक का है। दिलचस्प तथ्य यह है कि अमेरिका के घरेलु बॉक्स पर टॉप ग्रॉस करने वाली फाइंडिंग डोरी हिंदुस्तान में २.८ मिलियन डॉलर का ग्रॉस ही कर सकी। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर १.१ बिलियन डॉलर का ग्रॉस कर शीर्ष पर रहने वाली कैप्टेन अमेरिका : सिविल वॉर ने भारत में केवल १२ मिलियन डॉलर का ग्रॉस ही किया। एक बिलियन डॉलर से ज्यादा का वर्ल्डवाइड ग्रॉस करने वाली जूटोपिया को भारत से केवल १.७ मिलियन डॉलर ही मिले। सीक्रेट लाइफ ऑफ़ पेट्स एक मिलियन डॉलर का ग्रॉस भी नहीं कर सकी। हॉलीवुड से दो सुपर हीरो फिल्मों बैटमैन वेर्सेस सुपरमैन: डौन ऑफ़ जस्टिस और डेडपूल को भारतीय बॉक्स ऑफिस से क्रमशः १०.७ मिलियन डॉलर और २.६ मिलियन डॉलर का ग्रॉस ही मिला। डॉक्टर स्ट्रेंज ने भारतीय बॉक्स ऑफिस से ५.१ मिलियन डॉलर बटोरे। एक्स-मेन सीरीज की फिल्म अपोकैलिप्स ने ५.८ मिलियन डॉलर का ग्रॉस किया। रोग वन ने ६.५१ लाख डॉलर का ग्रॉस किया है। 

२०१६ के टॉप पेड एक्टर्स 
हॉलीवुड के सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले १६ एक्टर्स की लिस्ट के टॉप टेन में केवल चार अभिनेत्रियां हैं। इस लिस्ट में ज़्यादा अमेरिकी एक्टर्स हैं। इनमे से चार अमेरिका में पैदा नहीं हुए हैं।
केविन हार्ट                ८७.५ मिलियन डॉलर 
ड्वेन जॉनसन              ६४.५ मिलियन डॉलर 
जैकी चैन                 ६१.० मिलियन डॉलर 
मैट डैमन                 ५५.० मिलियन डॉलर 
टॉम क्रूज                 ५३.० मिलियन डॉलर 
जॉनी डेप                 ४८.० मिलियन डॉलर 
जेनिफर लॉरेंस             ४६.० मिलियन डॉलर 
बेन एफलेक               ४३.० मिलियन डॉलर 
सोफ़िया वेरगारा            ४३.० मिलियन डॉलर 
जेनिफर लोपेज़             ३९.५ मिलियन डॉलर 
विन डीजल                ३५.० मिलियन डॉलर 
रॉबर्ट डाउनी जूनियर         ३३.० मिलियन डॉलर 
मेलिसा मैकार्थी             ३३.० मिलियन डॉलर 
ब्रैड पिट                   ३१.५ मिलियन डॉलर 

अल्पना कांडपाल 

Wednesday 28 December 2016

दर्शकों को रहेगा दक्षिण की फिल्मों का इंतज़ार

बॉलीवुड फिल्म दर्शकों के लिए २०१७ कुछ ख़ास फिल्मों वाला होगा।  सीक्वल फ़िल्में रिलीज़ होंगी ही।  बड़े सितारों वाली भव्यतापूर्ण फ़िल्में भी रिलीज़ होंगी। बायोपिक या रियल लाइफ चरित्रों पर फ़िल्में भी रिलीज़ होंगी।  २०१७ में जनवरी, फरवरी, अप्रैल, मई, जुलाई, अगस्त, अक्टूबर और नवम्बर  महीने में चार तथा  मार्च, जून, सितम्बर और दिसम्बर में पांच शुक्रवार पड़ेंगे।  इस प्रकार से २०१७ में कुल ५२ शुक्रवार होंगे।  इन ५२ शुक्रवारों में सैकड़ों बड़ी-छोटी फ़िल्में रिलीज़ की जद्दोजहद में होंगी।  ख़ास बात यह होगी कि बड़ी फिल्मों के आगे पीछे के शुक्रवार खाली छोड़ दिए जाते हैं ऐसे में शुक्रवारों की संख्या एक प्रकार से ५२ से भी कम हो जाती है।
दक्षिण से फ़िल्में : जिनका है दर्शकों को इंतज़ार
इन शुक्रवारों में दर्शकों को इंतज़ार रहता है बड़े सितारों की फिल्मों का।  इस साल भी बड़ी फिल्मों का इंतज़ार होगा।  लेकिन, २०१७ की सबसे ज़्यादा प्रतीक्षित फिल्म एक दक्षिण की फिल्म होगी।  १० जुलाई २०१५ को दक्षिण के निर्देशक एस एस राजामौली की ऐतिहासिक फिल्म बाहुबली : द बेगिनिंग रिलीज़ हुई थी।  तमिल और तेलुगु में बनाई गई बाहुबली को हिंदी में डब कर रिलीज़ किया गया था।  प्रभाष, राणा डग्गूबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना, सत्यराज, नासर और राम्या कृष्णा की भूमिका वाली बाहुबली के निर्माण में
१२० करोड़ खर्च हुए थे।  इस फिल्म ने अपने कथानक, सेट्स, भव्यता और दृश्य सुंदरता तथा श्रेष्ठ अभिनय के बलबूते पर ६५० करोड़ का बिज़नस किया था।  यह पहली फिल्म थी, जिसने हिंदी में डब होकर १०० करोड़ का कलेक्शन किया। यही कारण था कि हिंदी दर्शक कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा जानने के लिए बाहुबली : द कॉन्कलूजन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।  यह फिल्म २८ अप्रैल २०१७ को रिलीज़ होगी।  इस फिल्म के निर्माण में २०० करोड़ खर्च हुए हैं।  इस फिल्म के अलावा जिस दूसरी फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है, वह ही दक्षिण से है और सीक्वल फिल्म है।  यह फिल्म १ अक्टूबर २०१० को रिलीज़ रजनीकांत, ऐश्वर्या राय बच्चन और डैनी डेंग्ज़ोप्पा की विज्ञान फंतासी फिल्म रोबोट का सीक्वल २.० रिलीज़ होगा।  एस शंकर की रजनीकांत और एमी जैक्सन की मुख्य भूमिका वाली २.० में बॉलीवुड फिल्मों के हीरो खल भूमिका कर रहे हैं।
बड़े मुकाबले

बॉलीवुड साल के पहले शुक्रवार को मनहूस मानता है।  इसलिए, ६ जनवरी २०१७ को कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज़ नहीं होगी।  लेकिन, जनवरी में दो बड़ी फिल्मों और दो बड़े सितारों वाली फिल्मों का टकराव होगा।  यह टकराव गणतंत्र दिवस के एक्सटेंडेड वीकेंड के लिए होगा।  २७ जनवरी को शुक्रवार है।  लेकिन, दो बड़ी फ़िल्में- हृथिक रोशन की एक्शन ड्रामा फिल्म काबिल और शाहरुख़ खान की एक्शन क्राइम ड्रामा फिल्म रईस एक्सटेंडेड वीकेंड का फायदा उठाने के लिए २५
जनवरी को रिलीज़ होगी।  इन फिल्मों के टकराव से २०१५ के दिलवाले और बाजीराव मस्तानी के टकराव की याद आ जाती है, जिसमे शाहरुख़ खान की फिल्म दिलवाले को रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की फिल्म बाजीराव मस्तानी से भारी नुकसान उठाना पड़ा था।  क्या २०१५ की तरह काबिल या रईस में से किसी को नुकसान उठाना पड़ेगा ? इसके बावजूद बड़े बजट और सितारों वाली फिल्मों का टकराव होता रहेगा।  रईस और काबिल से भी बड़ा टकराव १९ अक्टूबर को होगा, जब रजनीकांत और अक्षय कुमार की फिल्म २.० के मुकाबले में बॉलीवुड की दो बड़ी फ़िल्में अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और अर्जुन रामपाल की फिल्म आँखें २ और अजय देवगन की रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्म गोलमाल ३ रिलीज़ होगी।  क्या इन फिल्मों का टकराव होगा? हो सकता है कि इनमे से किसी फिल्म की रिलीज़ टाल दी जाए। लेकिन, अगर टकराव हुआ तो ?
रिलीज़ होंगी तीनों खानों की फ़िल्में

२०१७ की खासियत यह होगी कि इस साल तीनों खानों की फ़िल्में रिलीज़ होंगी।  हालाँकि, निर्देशक अद्वैत चन्दन की ड्रामा फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार में आमिर खान कैमिया अपीयरेंस में होंगे।  शाहरुख़ खान की रईस के अलावा अन्य फ़िल्में रहनुमा और द रिंग भी रिलीज़ होगी।  सलमान खान की दो फ़िल्में ट्यूबलाइट और टाइगर ज़िंदा है रिलीज़ होंगी।  इसके अलावा अक्षय कुमार तीन फ़िल्में जॉली एलएलबी २, टॉयलेट एक प्रेम कथा और २.० की इस साल रिलीज़ तो सुनिश्चित है।  लेकिन, संभव है कि उनकी चौथी फिल्म नीरज पाण्डेय निर्देशित क्रैक भी इस साल रिलीज़ हो जाये।  एक चौथे खान, सैफ अली खान की रंगून और शेफ के अलावा अक्षत वर्मा की अनटाइटल्ड फिल्म भी रिलीज़ होगी।
सीक्वल फिल्मों का साल

इस साल भी सीक्वल फिल्मों की धूम होगी।  अक्षय कुमार २०१३ की अरशद वारसी अभिनीत फिल्म  जॉली एलएलबी के सीक्वल जॉली एलएलबी २ में नज़र आएंगे।  मगर इस सीक्वल फिल्म में वह अरशद वारसी के किरदार को नहीं कर रहे होंगे।  फिल्म में वह जगदीश्वर मिश्र के किरदार में होंगे।  विदुयत जामवाल अपनी २०१३ की हिट फिल्म कमांडो के सीक्वल कमांडो २ में नायक की भूमिका में होंगे।  रामगोपाल वर्मा की सरकार सीरीज की तीसरी फिल्म सरकार ३ मार्च में रिलीज़ होगी।  २८ अप्रैल को बाहुबली २ रिलीज़ होगी।  वरुण धवन  १९९७ की सलमान खान की हिट जुड़वा के सीक्वल जुडवा २ में दोहरी भूमिका कर रहे हैं। विक्रम भट्ट के बैनर की हेट स्टोरी  सीरीज में चौथी इरोटिक थ्रिलर फिल्म  की चौथी फिल्म हेट स्टोरी ४ अक्टूबर में रिलीज़ होगी। दिलचस्प होगा १९ अक्टूबर को तीन सीक्वल फिल्मों गोलमाल अगेन (गोलमाल), आँखे २ (आँखें) और २.० (रोबोट) का टकराव। इसके अलावा, हेरा फेरी की  सीक्वल फिल्म हेरा फेरी ३ और अक्सर की सीक्वल अक्सर २ और गैंग्स ऑफ़ वासेपुर की सीक्वल फिल्म भी रिलीज़ होंगी।  बॉलीवुड से एक प्रीकुएल फिल्म नाम शबाना  ३१ मार्च को रिलीज़ होगी।  यह फिल्म नीरज पण्डे की २०१५ की हिट फिल्म बेबी का प्रीकुएल फिल्म है।  इस नायिका प्रधान फिल्म में मुख्य भूमिका तापसी पन्नू कर रही है।
कुछ ख़ास फ़िल्में यह भी

उपरोक्त फिल्मों के अलावा कुछ ऎसी फ़िल्में भी रिलीज़ होंगी जो दर्शकों को प्रभावित कर सकती हैं।  राणा डग्गूबाती और तापसी पन्नू की तमिल, तेलुगु और हिंदी में बनाई जा रही फिल्म द गाज़ी अटैक १७ फरवरी को रिलीज़ होगी।  विशाल भारद्वाज की सैफ अली खान, शाहिद कपूर और कंगना रनौत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म रंगून एक्शन से भरपूर रोमांस फिल्म है। कंगना रनौत की फिल्म सिमरन के बायोपिक फिल्म  है।  पाकिस्तानी एक्ट्रेस के कारण विवादित हो चुकी इरफ़ान खान की फिल्म हिंदी मीडियम दर्शकों को आकर्षित कर सकेगी।  रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ की एक्शन कॉमेडी फिल्म जग्गा जासूस की दर्शक लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं। रणबीर कपूर की फिल्म ड्रैगन भी इसी साल रिलीज़ होगी।  सोनाक्षी सिन्हा सुनील सिप्पी की फिल्म नूर में पाकिस्तानी पत्रकार की भूमिका में होंगी।   अपूर्व लाखिया की फिल्म हसीना: द क्वीन ऑफ़ मुम्बई दावूद इब्राहिम की बहन हसीना पार्कर पर फिल्म है। अजय देवगन की  बादशाहो इमरजेंसी पर फिल्म है।  दर्शकों को १७ नवम्बर को रिलीज़ होने जा रही दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की फिल्म पद्मावती का ज़बरदस्त इंतज़ार है।

Sunday 25 December 2016

हेयर स्टाइलिस्ट शिवराम के० भंडारी तेरहवां यूनिसेक्स सलून और स्पा शिवास

शिवराम भंडारी पिछले कई साल से मुम्बई में हेयर स्टाइलिस्ट हैं। इन्हें ढेर सारे अवार्ड मिले हैं। शिवराम बॉलीवुड सितारों के काफी पसंदीदा हैं। उनका सैलून हेयर स्टायलो काफी लोकप्रिय है। शिवराम के० भंडारी ने हाल ही में बांद्रा ईस्ट केबीकेसी में यूनिसेक्स सलून और स्पा की तेरहवी शाखा खोली । इस स्पा की ओपनिंग करने लोरियाल इंडिया के डायरेक्टर असीम कौशिक आये। उनके साथ में एबी जॉर्ज भी आये। दोनों ने शिवराम के साथ मिलकर रिबन काटा। शिवराम अपनी पत्नी अनुश्री के साथ पूजा में बैठे। उन्होंने माँ गुलाबी भंडारी का आशीर्वाद लेकर स्टोर की ओपनिंग की। 





अवेंजर्स की इनफिनिटी वॉर में नहीं शामिल होगा स्पाइडर-मैन

इतना तो तय हो गया है कि २३ जनवरी २०१७ से अवेंजर्स: इनफिनिटी वॉर की शूटिंग अटलांटा, जॉर्जिया में पाइनवुड स्टूडियोज में शुरू हो जाएगी।  इस फिल्म में सभी अवेंजर्स इनफिनिटी वॉर में हिस्सा लेंगे।  क्रिस हेम्सवर्थ (थॉर), जॉश ब्रॉलिन (थानॉस), क्रिस प्राट (स्टार लार्ड/पीटर क्विल), सेबेस्टियन स्टेन (बकी), स्कारलेट जोहांसन (नताशा रोमानोफ़/ब्लैक विडो), बेनेडिक्ट कम्बरबैच (डॉक्टर स्टीफेन  स्ट्रेंज), ब्री लार्सन (कैप्टेन मार्वल), जोए सल्दाना (गमोर), करेन गिलेन (नेबुला), जेरेमी रेनर (क्लिंट बार्टन/हॉकेय), क्रिस इवांस (स्टीव रॉजर्स/कैप्टेन अमेरिका), एलिज़ाबेथ ओल्सन (वांडा मैक्सीमॉफ़/स्कारलेट), ब्रेडले कूपर (रॉकेट रैकून), विन डीजल (ग्रूट), सैमुएल एल जैक्सन (निक फ्यूरी), पॉल रड (स्काट लैंग/अंट-मैन), बेनेडिक्ट वॉन्ग (वॉन्ग), डेव बॉटिस्टा (ड्राक्स), पॉल बेटनी (विज़न), चैडविक बोसमैन (टीचला/ब्लैक पैंथर), मार्क रुफालो (ब्रूस बैनर/द हल्क) और रॉबर्ट डाउनी जूनियर (टोनी स्टार्क/आयरन मैन) के अपने अपने अवेंजर्स किरदारों में नज़र आएंगे।  ज़ाहिर है कि हॉलीवुड के तमाम बड़े स्टार और दर्शकों के पसंदीदा सुपर हीरोज एक ही परदे पर देखने को मिलेंगे।  लेकिन, मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स के सुपर हीरो में से एक एवेंजर की टीम में पिछली फिल्म से शामिल हुआ स्पाइडर-मैन का किरदार नहीं होगा।  खुद टॉम हॉलैंड ने कहा है कि अभी कुछ ठोस नहीं हुआ है।  इसका मतलब यह हुआ कि मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स का अवेंजर्स में शामिल हुआ नया योद्धा दर्शकों को देखने को नहीं मिलेगा। यह भी पता चला है कि इंफिनिटी वॉर और इसके ३ मई २०१९ को रिलीज़ होने  वाली सीक्वल फिल्म की शूटिंग साथ साथ पूरे साल २०१७ तक चलती रहेगी।  इसलिए मुमकिन है कि टॉम हॉलैंड के किरदार को सीक्वल में जगह मिल जाये।  वैसे टॉम हॉलैंड अगले साल ७ जुलाई को स्पाइडर-मैन होमकमिंग में स्पाइडर-मैन की मुख्य भूमिका कर  रहे होंगे।  

कैलेंडर २०१६ में बॉलीवुड

बॉलीवुड के लिए २०१६ कैसा रहा ? इस साल कथित रूप से ३०० करोड़ का बिज़नस करने वाली सलमान खान और अनुष्का शर्मा की फिल्म सुलतान रिलीज़ हुई।  खान अभिनेताओं में आमिर खान की दंगल दिसम्बर में रिलीज़  होगी।  लेकिन, शाहरुख़ खान पर बुरी बीती।  उनकी फिल्म फैन बॉक्स ऑफिस पर बुरी पिटी।  इसीलिए, उन्होंने रईस की रिलीज़ इस साल से २०१७ के लिए टाल दी।  अक्षय कुमार ने सौ करोड़ की एयरलिफ्ट मारी।  लेकिन, कुल मिला कर साल २०१६ बॉलीवुड को खुश हुआ कहने वाला साबित नहीं हुआ। बची खुशी कसर  नोट बंदी ने निकाल दी।  आइये देखते हैं बॉलीवुड को २०१६ के बारह महीनों में-
जनवरी २०१६ -
आम तौर पर बॉलीवुड किसी साल के पहले शुक्रवार से खौफ खाता है।  इसलिए १ जनवरी को कोई भी हिंदी फिल्म रिलीज़ नहीं हुई।  बाद के चार हफ़्तों में कुल ९ हिंदी फ़िल्में  रिलीज़ हुई।   यह फ़िल्में थी - अमिताभ  बच्चन, फरहान अख्तर, जॉन अब्राहम और अदिति राव हैदरी की थ्रिलर वज़ीर, शबाना आज़मी और जूही चावल की चाक एंड डस्टर,  अक्षय कुमार की एयरलिफ्ट, तुषार कपूर, आफताब शिव दासानी और मंदना करीमी की क्या कूल हैं हम ३, माधवन की स्पोर्ट्स फिल्म साला खडूस तथा सनी लियॉन की मस्तीज़ादे  के अलावा चौरंगा, रेबेलियस फ्लॉवर और जुगनी सहित कुल ९ फ़िल्में रिलीज़ हुई  ।  इनमे की बिजय नाम्बियार  फिल्म वज़ीर  ने ४२ करोड़ का औसत बिज़नस किया।  निर्देशक राजा कृष्णा मेनन अक्षय कुमार की फिल्म एयरलिफ्ट ने १२९ करोड़ का सुपर हिट बिज़नस किया।  बाकी सभी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई।
फरवरी २०१६-
मावरा होकेन और हर्षवर्धन राणे की सनम तेरी कसम, कैटरीना कैफ,  आदित्य रॉय कपूर और अजय देवगन की फिल्म फितूर, पुलकित सम्राट और यामी गौतम की सनम रे, रजनीश दुग्गल की डायरेक्ट इश्क़, गिरीश कुमार की लव शुदा, सोनम कपूर की नीरजा, मनोज बाजपेई और राजकुमार राव की अलीगढ और मनीष पॉल की तेरे बिन लादेन: डेड ऒर अलाइव के अलावा  इश्क़ फॉरएवर,  धारा ३०२, बॉलीवुड डायरीज और लव शगुन रिलीज़ हुई।  दर्शक मिले बायोपिक फिल्म नीरजा को ।   नीरजा ने ७५.६१ करोड़ का सुपर हिट बिज़नस किया।  फितूर सहित  बाकी सभी फ़िल्में फ्लॉप हुई।
मार्च २०१६-
स्कूलों में इम्तिहान के इस महीने में प्रियंका चोपड़ा की एक्शन ड्रामा फिल्म जय गंगाजल, जॉन अब्राहम की रॉकी हैंडसम, हिमेश रेशमिया की तेरा सुरूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा, आलिया भट्ट, फवाद खान और ऋषि कपूर की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म कपूर एंड संस की रिलीज़ से पहले चर्चा में थी।  इनमे जय गंगाजल, तेरा सुरूर और कपूर एंड संस ने कमा कर दिया।  रॉकी हैंडसम सहित शेष फ़िल्में ओके में धोखे, ग्लोबल बाबा और जुबान फ्लॉप हुई।
अप्रैल २०१६-
हॉलीवुड फिल्मों के लिहाज़ से अप्रैल २०१६ ज़बरदस्त बिज़नस करने वाला साबित हुआ।  ३डी एनीमेशन फिल्म द जंगल बुक ने १८३.९४ करोड़ का बिज़नस कर सुपर हिट फिल्म होने का टैग पाया।   इस फिल्म के अलावा हिंदी फिल्म बागी ही हिट फिल्म साबित हो सकी।  करीना कपूर और अर्जुन कपूर की फिल्म की एंड का घाटे का सौदा साबित नहीं हुई।  लेकिन, शाहरुख़ खान की फिल्म फैन ८५ करोड़ की कमाई के बावजूद फ्लॉप फिल्म ही साबित हुई।  इस फिल्म के अलावा विक्रम भट्ट की थ्रिलर  लव गेम्स, नसीरुद्दीन शाह की द ब्लूबेरी,  कट्टर पंथी, निल बटे सन्नाटा, लाल रंग और शॉर्टकट सफारी  भी फ्लॉप हुई।
मई २०१६-
मई में  सनी लियॉन की वन नाईट स्टैंड, मनोज बाजपेई की ट्रैफिक, शरमन जोशी और मीरा चोपड़ा की १९२०- लन्दन, बायोपिक अज़हर और सरबजीत,  कैबरे, फोबिया, वीरप्पन, फ्रेडरिक बुद्धा इन ट्रैफिक जैम, सीओडी, कप्तान, अमन के फरिश्ते, सात  कदम और वेटिंग जैसी हिंदी फ़िल्में रिलीज़ हुई। इनमे अज़हर और सरबजीत ने औसत कमाई की।  बाकी सभी फ़िल्में फ्लॉप हुई।   हॉलीवुड की दो फिल्मों ने हिट का टैग पाया।  सुपर हीरो फिल्म कैप्टेन अमेरिका : सिविल वॉर ने ५९ करोड़ और एक्स मेन : एपोकैलिप्स ने २६ करोड़ से अधिक की कमाई की।  अलबत्ता, हॉलीवुड की एनीमेशन फिल्म एंग्री बर्ड्स केवल ९ करोड़ कमा कर घाटे का सौदा बनी।
जून २०१६-
अक्षय कुमार ने इस साल की दूसरी सफल फिल्म दी हाउसफुल ३ के रूप में।  इस फिल्म ने १०७ करोड़ की कमाई की।  लेकिन, इसके अलावा धनक, दो लफ़्ज़ों की कहानी, अमिताभ बच्चन और विद्या बालन की तीन शाहिद कपूर, करीना कपूर और आलिया भट्ट की उडता पंजाब,  लव यू आलिया,  दिल तो दीवाना है, रमन राघव २.०, जुनूनियत, ७ ऑवरस टू गो और स्कैंडल जैसी फिल्मों में तीन को छोड़ कर सभी फ़िल्में फ्लॉप हुई। हॉलीवुड हॉरर फिल्म द कॉन्ज्यूरिंग २ ने ६२ करोड़ का सुपर हिट बिज़नस किया।
जुलाई २०१६-
इस महीने को सुलतान महीना कहना ठीक होगा।  सलमान खान और अनुष्का शर्मा की कुश्ती पर फिल्म सुलतान ने ३०० करोड़ का कीर्तिमान बिज़नस किया।  सुल्तान की सल्तनत के सामने  सेक्सी फिल्म ग्रेट ग्रैंड मस्ती औंधे मुंह गिरी।  रजनीकांत का कबाली फीका रहा।  वरुण धवन और जॉन अब्राहम की एक्शन फिल्म ढ़िशूम ने औसत बिज़नस किया।  लेकिन, बाकी फ़िल्में शोरगुल, मदारी, फीवर और नॉनसेंस बुरी तरह से असफल रही।
अगस्त २०१६-
दो बड़ी फिल्मों और बड़े सितारों का टकराव हमेशा फायदेमंद नहीं होता।  इसे साबित किया मोहनजोदड़ो  और रुस्तम ने।  मोहनजोदड़ो के नायक हृथिक रोशन थे और रुस्तम की मुख्य भूमिका अक्षय कुमार ने की थी।  इंडस्ट्री की चिता तब सही साबित हुई जब मोहनजोदड़ो केवल ५७.८२ करोड़ कमा कर फ्लॉप घोषित हो गई।  रुस्तम ने १२७.४२ करोड़ का बिज़नस कर सुपर हिट फिल्म का टैग पाया।  इन दोनों फिल्मों के अलावा रिलीज़ द लीजेंड ऑफ़ माइकल मिश्रा, है अपना दिल तो आवारा, सन' ७५ पछत्तर, हैप्पी भाग जाएगी, वारियर सावित्री और अ फ्लाइंग जट्ट फ़िल्में फ्लॉप हो गई।
सितम्बर २०१६-
सवाल पूछा जा रहा था कि क्या सोनाक्षी सिन्हा बॉलीवुड की ऐंजिलिना जोली है ? दर्शकों ने उनकी  एआर मुरुगादॉस निर्देशित एक्शन ड्रामा फिल्म अकीरा को फ्लॉप कर साफ़ न बोल दी।  इस महीने दर्शकों ने कैटरिना कैफ की फिल्म बार बार देखो को भी देखने से इनकार कर दिया।  ये तो टू मच हो गया, आइलैंड सिटी, फ्रीकी अली, राज़ रिबूट, अमरीका, बैंजो और डेज ऑफ़ तफरी भी असफल हुई।  बॉलीवुड की सफल फिल्मों में बायोपिक फिल्म एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी और पिंक के नाम शामिल हैं। पिंक ने ६८ करोड़ और एमएस धोनी   इ १३२ करोड़ कमा कर हिट फिल्मों का दर्ज़ा पाया।  लेकिन, धोनी की फिल्म काफी महँगी बनी फिल्म थी।
अक्टूबर २०१६- 
दीवाली वीकेंड पर दो बड़ी फ़िल्में रणबीर कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन और अनुष्का शर्मा की ऐ दिल है मुश्किल और अजय देवगन की शिवाय टकराई।  इन फिल्मों के अलावा अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्द्धन की फिल्म मिर्जया, एमएसजी : द वारियर लायन हार्ट, तूतक तूतक तूतिया, अन्ना, मोटू पतलू, बेईमान लव, सात उचक्के, फ़ड्डू, आखिर कब तक, एक तेरा साथ और ३१ अक्टूबर बुरी तरह से असफल हुई।
नवम्बर २०१६-
नोट बंदी का हिंदी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस बिज़नस पर अच्छा प्रभाव नहीं पड़ा।  नोट बंदी (८ नवम्बर) के तीन दिन बाद फरहान अख्तर की रॉक ऑन २ के साथ डोगरी का राजा, इश्क़ जुनून और चार साहिबज़ादे रिलीज़ हुई।  यह चारों ही फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रही।  कुछ ऐसा ही हाल अगले दो हफ़्तों में रिलीज़ तुम बिन २,  साँसें और मोह माया मनी का भी हुआ।  जॉन अब्राहम और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म फाॅर्स २ का बिज़नस नोट  बदी के बावजूद ठीक ठाक हुआ।  अगर नोट बंदी न हुई होती तो यह फिल्म ज़्यादा अच्छा बिज़नस कर सकती थी।  इस लिहाज़ से शाहरुख़ खान के साथ आलिया भट्ट की फिल्म डिअर ज़िन्दगी को दर्शकों का प्यार मिला।  लेकिन, यह फिल्म भी शाहरुख़ खान की इसी साल रिलीज़ फिल्म फैन के बिज़नस के करीब तक नहीं पहुँच पाई।
दिसम्बर २०१६-
इस आखिरी महीने में विद्या बालन की फिल्म कहानी २ दर्शकों को पसंद आ रही है।  रणवीर सिंह और वाणी कपूर की फिल्म बेफ़िक्रे ने भी दर्शकों को, ख़ास तौर पर युवा दर्शकों को आकर्षित किया।  लेकिन तमाम निगाहें लगी हैं आमिर खान की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म दंगल।  रियल लाइफ महिला पहलवानों गीता और बबिता फोगाट पर बनी इस फिल्म को आमिर खान के महावीर पहलवान के कारण बॉक्स ऑफिस से बहुत उम्मीदें हैं।  जहाँ तक एडवांस बुकिंग का सवाल है, इसे ज़बरदस्त ओपनिंग मिलने जा रही है। तमाम सिंगल और मल्टीप्लेक्स थिएटर  बुकिंग के पहले दिन ही ५० प्रतिशत तक फुल हो चुके थे।  अब देखें कि आगे क्या होता है ?













Friday 23 December 2016

फ्रीकी अली के बाद नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी हरामखोर

एक्टर नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी फ्रीकी अली के बाद एक बार फिर सोलो हीरो फिल्म में नज़र आने जा रहे हैं।  गुनीत अमरप्रीत कौर की इस फिल्म का नाम हरामखोर है।  यह फिल्म एक टीचर के अपनी टीनएज छात्रा के साथ अवैध संबंधों की कहानी है।  नवाज़ुद्दीन इस हरामखोर टीचर का किरदार कर रहे हैं। श्वेता त्रिपाठी उनकी छात्रा बनी है। इस कहानी के कारण सेंसर बोर्ड ने हरामखोर को पारित करने से इनकार कर दिया था।  इस पर फिल्म के प्रोड्यूसर और निर्देशक श्लोक शर्मा ने फिल्म सर्टिफिकेशन अपीलेट ट्रिब्यूनल तक मामले को ले गए।  ट्रिब्यूनल ने हरामखोर को न केवल यू/ए सर्टिफिकेट के काबिल समझ, बल्कि उसे सोशल वैल्यू वाली फिल्म भी बताया।  बकौल हरामखोर निर्माता गुनीत मोंगा यह फिल्म अब लड़कियों में ऐसे टीचरों के प्रति जागरूकता जगाने के लिए १३ जनवरी को रिलीज़ होगी।

Thursday 22 December 2016

गोविंदा की अगली फिल्म ‘आ गया हीरो’

बॉलीवुड के कॉमेडी किंग गोविंदा ने पिछले दिनों अपना ५३ वां जन्मदिन मनाया।  इस मौके पर उनके फैंस भी उनके साथ मौजूद रहे। अपने डांसिंग स्टेप्स से लोगों को दिवाना बनाने वाले गोविंदा ने अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी अपकमिंग फिल्म आ गया हीरो’ का पहला पोस्टर रिलीज कर अपने चाहने वालों को एक बड़ा तोहफा दिया । गोविंदा की यह फिल्म २४  फरवरी २०१७ को रिलीज होगी। गोविंदा की बॉलीवुड में डेब्यू फिल्म इल्जामथी जो कि साल 1986 मे रिलीज हुई। लेकिन लीड रोल उन्हें उसी साल आई फिल्म तन-बदनमें मिला। गोविंदा ने साल २००४ में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मुंबई नॉर्थ से लोक सभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। गोविंदा ने अपने हुनर से हर किसी का दिल जीता है। इस कलाकार को अब तक १२ बार फिल्मफेयर नोमिनेशन मिल चुका है। वह दो बार फिल्मफेयर का खिताब जीतने में कामयाब भी रहे। फिल्म साजन चले ससुरालके लिए उन्हें फिल्मफेयर स्पेशल अवॉर्ड से नवाजा गया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि अपनी ज्यादातर फिल्मों में कॉमेडी करने वाले गोविंदा को शिकारीफिल्म के लिए फिल्मफेयर और जी सिने अवॉर्ड्स में बेस्ट विलेन के लिएनॉमिनेट किया गया था। गोविंदा को ची चीके नाम से भी जाना जाता है। अमिताभ बच्चन के साथ आई उनकी फिल्म बड़े मियां छोटे मियांके बाद लोग उन्हें छोटे मियां भी कहने लगे थे। गोविंदा अपने बॉलीवुड डेब्यू के बाद से अब तक १२० फिल्में कर चुके हैं। साल २०१७ में अनुराग बसु की एक्शन कॉमेडी फिल्म जग्गा जासूसमें रणबीर कपूर और कैटरिना कैफ के साथ गोविंदा भी दिखाई देंगे।


जापान में क्रिश्चियनिटी का 'साइलेंस'

सत्रहवीं शताब्दी के जापान में, जब वहां क्रिस्चियन धर्म पर रोक लग गई थी, दो कैथोलिक पादरी अपने गुरु की तलाश और कैथोलिक धर्म के प्रचार के लिए जाते हैं।  उन्हें वहां किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, इसका चित्रण मार्टिन स्कोर्सेस की इस फिल्म में किया गया है।  यह फिल्म शुसाकु एंडो के १९६६ में प्रकाशित उपन्यास पर आधारित है।  इस फिल्म में एंड्रू गारफील्ड ने फादर सेबस्तियाओ रोड्रिगुएज और लिएम नीसॉन ने फादर क्रिस्तोवो फरैरा का किरदार किया है।  स्कोर्सेस ने फिल्म की पटकथा जे कॉक्स के साथ लिखी है।  फिल्म में एडम ड्राइवर ने फादर फ्रांसिस्को गर्र्पे की भूमिका की है।   इस फिल्म का प्रीमियर २९ नवम्बर को वैटिकन सिटी में हो चूका है।  इस फिल्म की तमाम शूटिंग ताइपेई, ताइवान और अमेरिका में हुई है।  साइलेंस क्रिसमस वीकेंड पर २३ दिसम्बर को अमेरिका में रिलीज़ होगी।  बाकी जगहों पर ६ जनवरी २०१७ को रिलीज़ होगी।