Wednesday 24 August 2016

नक्सली नईमुद्दीन पर फिल्म बनाएंगे राम गोपाल वर्मा

फिल्म निर्माता निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने आज ऐलान किया कि वह नक्सली नईमुद्दीन पर एक फिल्म का निर्माण करने जा रहे हैं।  यह फिल्म तीन हिस्सों में बनाई जायेगी।  इससे पहले रामगोपाल वर्मा दो हिस्सों में गैंगस्टर से नेता बने परिताला रवि पर फिल्म रक्त चरित्र का निर्माण कर चुके हैं।  लेकिन, नईमुद्दीन पर  वर्मा की फिल्म तीन हिस्सों में इसलिए है कि नईम का चरित्र बड़ा काम्प्लेक्स है।  वह कभी नक्सल हुआ करता था।  फिर वह पुलिस का मुखबिर बन गया।  उसकी मुखबिरी पर गुजरात पुलिस को आतंकी गतिविधियों में लिप्त शोहराहबुद्दीन और उसकी बीवी का सुराग मिला था।  उसे बाद में गुजरात पुलिस ने एक एनकाउंटर में शोहबरुद्दीन को मार गिराया था ।  नईम बाद में गैंगस्टर बन गया।  वह दक्षिण का नंबर वन किलर था।  उसने कई नेताओं का क़त्ल किया।  उस पर बीस हत्याओं का आरोप था।  उसके बारे में कई विधायकों ने उगाही करने का आरोप लगाया था।  वह लीबिया के कर्नल गद्दाफी की तरह अपनी कुंवारी महिला सुरक्षा गार्ड्स की सुरक्षा में चला करता था। इसी गैंगस्टर को तेलंगाना पुलिस ने पिछले दिनों  मार गिराया।  उसके १२ साथी गिरफ्तार कर लिए गए।  रामगोपाल वर्मा इसी किरदार पर फिल्म बनाना चाहते हैं।  तीन हिस्सों में फिल्म क्यों ! पर रामगोपाल वर्मा कहते हैं, "नईमुद्दीन की कहानी इतनी जटिल है और उसमे इतनी जानकारी जुटाई  गई है कि इसे एक फीचर फिल्म तक सीमित रखना न्याय नहीं होगा।  मैंने उसके बारे में जितनी जानकारी जुटाई है,  वह रोंगटे खडी करने वाली है।" देखें रामगोपाल वर्मा की फिल्म का नईम कौन अभिनेता बनाता है। फिलहाल तो वह विवेक ओबेरॉय को लेकर गैंगस्टर ड्रामा रॉय बना रहे हैं।

No comments:

Post a Comment