Tuesday 7 February 2017

भंसाली की फिल्म की वैश्या प्रियंका चोपड़ा

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ग्लोबल स्टार बनने की ओर तेज़ कदम बढ़ा चुकी हैं।  बॉलीवुड फिल्मों में अपना दमखम दिखाने के बाद प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड की ओर कदम बढ़ाया था।  उनकी, इस दिशा में पहली बड़ी छलांग टीवी सीरीज क़्वान्टिको थी।  इस सीरीज में प्रियंका चोपड़ा ने एफबीआई एजेंट के किरदार में अमेरिकी दर्शकों को बेहद प्रभावित किया था।  इस सीरीज के दूसरे सीजन में प्रियंका चोपड़ा का होना इसका प्रमाण है।  इसी बीच प्रियंका चोपड़ा मशहूर टीवी सीरीज बेवॉच के फिल्म संस्करण के लिए साइन कर ली गई।  इस फिल्म में वह निगेटिव किरदार कर रही हैं।  जब ऐसा लग रहा था प्रियंका चोपड़ा अब हॉलीवुड की हो कर रह गई और उनके विदेश में घर खरीदने की अफवाह भी फैली, उसी समय प्रियंका चोपड़ा ने मुम्बई में खंडन करते हुए साफ़ किया कि वह हॉलीवुड के लिए बॉलीवुड छोड़ने नहीं जा रही।  पिछले साल दिसम्बर में प्रियंका ने बताया था कि वह कुछ हिंदी फिल्मों की स्क्रिप्ट पढ़ रही हैं।  जल्द ही फिल्म का ऐलान हो जाएगा।  इसी समय यह खबर फैली कि प्रियंका चोपड़ा संजय लीला भंसाली की फिल्म में शाहरुख़ खान के अपोजिट काम करेंगी। यह फिल्म साहिर लुधियानवी और अमृता प्रीतम के रोमांस पर बनने वाली है।  खबर थी कि गुस्ताखियां टाइटल वाली इस फिल्म में शाहरुख़ खान साहिर लुधियानवी और प्रियंका चोपड़ा अमृता प्रीतम का किरदार करेंगी।  मगर इस खबर की भंसाली के कैंप से न तो पुष्टि हुई, न खंडन ही किया गया।  उधर भंसाली के पद्मावती में रम जाने के कारण यह खबर ठंडी पड़ गई।लेकिन, अब एक बड़े अखबार की खबर है कि वैश्याओं और वैश्यालय में उनकी दशा पर एक किताब पर आधारित भंसाली की फिल्म में प्रियंका चोपड़ा एक वैश्या का किरदार करेंगी। यह एक दमदार कथानक वाली बोल्ड फिल्म है।  इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा को अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका मिलेगा। गोलियों की रास-लीला : राम-लीला, मैरी कॉम और बाजीराव मस्तानी के बाद प्रियंका चोपड़ा और संजय लीला भंसाली की जोड़ी की यह चौथी फिल्म है।  प्रियंका चोपड़ा, क़्वान्टिको की शूटिंग ख़त्म करने के बाद इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगी। 

No comments:

Post a Comment