Sunday 7 May 2017

धर्मेन्द्र ने ५१ रुपये में साइन की थी पहली फिल्म

क्या आप जानते हैं कि धर्मेन्द्र ने अपनी पहली फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे (१९६०) मात्र ५१ रुपये में साइन की थी। इस फिल्म के निर्देशक अर्जुन हिंगोरानी थे। यह अर्जुन हिंगोरानी की बतौर निर्देशक दूसरी फिल्म थी। फिल्म में धर्मेन्द्र की नायिका कुमकुम थी। बाद में, फिल्म आँखें (१९६८) में कुमकुम और धर्मेन्द्र ने बहन और भाई का किरदार किया था। फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे में बलराज साहनी मुख्य भूमिका में थे। श्वेत-श्याम रंगों में यह फिल्म बुरी तरह से असफल हुई थी। लेकिन अर्जुन हिंगोरानी और धर्मेन्द्र की जोड़ी जम गई। बाद में, इस जोड़ी ने कब क्यों और कहाँ?, कहानी किस्मत की, खेल खिलाडी का, कातिलों के कातिल और कौन करे क़ुरबानी जैसी हिट फ़िल्में की। बतौर निर्माता अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म करिश्मा कुदरत का से अर्जुन के बेटे सुनील हिंगोरानी का बतौर निर्देशक डेब्यू हुआ। इस फिल्म में धर्मेन्द्र की नायिका अनीता राज थी। सुनील और अनीता ने बाद में शादी भी कर ली। अर्जुन हिंगोरानी को धर्मेन्द्र के साथ 'थ्री के' सीरीज की फ़िल्में बनाने के कारण काफी शोहरत मिली। लेकिन, जब इस जोड़ी ने 'थ्री के' का साथ छोड़ कर सल्तनत (निर्देशक मुकुल आनंद) बनाई तो फिल्म बुरी तरह से असफल हुई। सल्तनत से मिस इंडिया जूही चावला का डेब्यू हुआ था। फिल्म में पिता धर्मेन्द्र की बेटे सनी के साथ जोड़ी बनी थी।
दिल भी तेरा हम भी तेरे (१९६०)


No comments:

Post a Comment