Wednesday 26 July 2017

क्या बॉक्स ऑफिस पर होगी मुबारकां की पुकार !

जिस दिन लंदन में अनीस बज़्मी की फिल्म मुबारकां की शूटिंग ख़त्म हुई, उसी दिन जश्न के साथ साथ अनीस बज़्मी ने मुबारकां की निर्माता जोड़ी मुराद खेतानी और आश्विन वरदे की अगली फिल्म साइन कर ली।  दिलचस्प बात यह है कि २८ जुलाई को मुबारकां रिलीज़ होगी, इसके एक महीने बाद सितम्बर से अनीस बज़्मी अपनी नई फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे।  उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है।  वह कहते हैं, "मैं इस स्क्रिप्ट पर फिल्म बनाने के लिए और इंतज़ार नहीं कर सकता।  आश्विन और मुराद अच्छे दोस्त बन गए हैं। मैं इनके साथ अगली फिल्म जल्द से जल्द शुरू करना चाहता हूँ।"
अनीस बज़्मी का यह नया अवतार है।  वह आम तौर पर औसतन दो साल में फिल्म रिलीज़ करते रहते हैं।  उनका काम करने का तरीका अलग है।  उनकी कोई बाउंड स्क्रिप्ट नहीं होती।  मोटामोटी कहानी बता देते हैं।  आम तौर पर एक्टर, अनीस की फिल्म मेकिंग को जानते हैं, इसलिए जब वह उनके पास अपनी फिल्म का प्रस्ताव लेकर जाते हैं, तो वह उनकी फिल्म साइन कर लेते हैं।  बाउंड स्क्रिप्ट की डिमांड नहीं करते हैं।  एक बार बातचीत के दौरान लेखक ने उनसे पूछा था कि आपने सलमान खान के साथ फिल्म की।  आमिर खान के साथ क्यों नहीं की ? बोले, "एक बार गया था।  आमिर बोले कि बाउंड स्क्रिप्ट ले कर आओ।  तब मैं फिल्म साइन करने के बारे में सोचूंगा।  मैं चला आया।  मैंने कहा, मैं तो सेट्स पर स्क्रिप्ट्स और डायलाग लिखा करता हूँ।" तो यह तरीका है अनीस बज़्मी के काम करने का।  इसके बावजूद उनके साथ अजय देवगन भी फिल्म कर चुके हैं, अक्षय खन्ना भी और नाना पाटेकर जैसे टेंपरामेंटल एक्टर भी।  \
बतौर लेखक शुरुआत
अनीस बज़्मी ने अपने फिल्म करियर की शुरुआत बतौर लेखक की थी।  उनकी कहानी पर पहली फिल्म डेविड धवन ने स्वर्ग (१९९२) बनाई थी।  यह फिल्म अनीस बज़्मी की तरीके की कहानी से अलग, डेविड धवन की कॉमेडी के बजाय फॅमिली फिल्म थी।  गोविंदा भी डिस्को पर लगातार नहीं थिरक रहे थे। उनकी  आँखों से भी आंसूं निकल रहे थे।  इस फिल्म के बाद अनीस की कलम से प्रतिबन्ध निकली।  साउथ के निर्देशक रवि राजा और एक्टर चिरंजीवी के साथ यह खालिस एक्शन फिल्म थी।  अनीस ने इस फिल्म को तेलुगु अंकुशम की कहानी पर लिखा था।  उन्होंने बतौर लेखक याद रखेगी दुनिया, आज का गुंडाराज, किंग अंकल, ईना मीना डीका, गोपी किशन, द जेंटलमैन, मिस्टर आज़ाद, अंगरक्षक, गुंडाराज, हलचल,  आंदोलन, आर्मी सनम, पृथ्वी, दीवाना मस्ताना, सिर्फ तुम, राजू चाचा, मुझे मेरी बीवी से बचाओ, क़र्ज़ और शॉर्टकट- द कॉन इज ऑन लिखी।  उनकी लिखी ज़्यादातर फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई।
बतौर निर्देशक भी हलचल मचाई
गोविंदा के साथ कॉमेडी शोला और शबनम, आँखें और राजा बाबू, ऋषि कपूर के साथ बोल राधा बोल,  अनिल कपूर से साथ लाडला और अंदाज़ लिखते लिखते अनीस बज़्मी खुद डायरेक्टर बन गए।  बतौर डायरेक्टर उनकी पहली फिल्म किसी गोविंदा या अनिल कपूर के साथ नहीं थी, बल्कि अजय देवगन के साथ हलचल (१९९५) थी। अजय देवगन के साथ अनीस ने कुल तीन फ़िल्में हलचल, प्यार तो होना ही था और दीवानगी की।  दीवानगी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म थी।  गोविंदा के साथ तो उनकी सैंडविच तो समय के सैंडविच में फंस गई।  अनीस बज़्मी की डायरेक्टर-एक्टर जोड़ी बनी अक्षय कुमार और अनिल कपूर के साथ।  अनीस बज़्मी की सलमान खान,  अनिल कपूर और फरदीन खान के साथ सेक्स कॉमेडी फिल्म नो एंट्री को सुपरहिट सफलता मिली थी।  उन्होंने अक्षय कुमार के साथ वेलकम और सिंह इज किंग जैसी सुपरडुपर हिट फ़िल्में दी।  इन फिल्मों में अनिल कपूर और नाना पाटेकर भी थे।  उनकी दो फ़िल्में एक्शन कॉमेडी नो प्रॉब्लम और रोमकॉम को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
आम दर्शक की नब्ज़ पहचानने के लिए रेडी फ़िल्में
आम तौर पर सलमान खान की फ़िल्में ईद या दिवाली वीकेंड पर रिलीज़ होती हैं और बड़ा बिज़नेस कर ले जाती हैं।  लेकिन अनीस बज़्मी निर्देशित रेडी ऎसी फिल्म थी, जो किसी ऐसे वीकेंड पर रिलीज़ नहीं हुई थी।  असिन के साथ सलमान खान की यह फिल्म एक्शन, कॉमेडी और इमोशन का मनोरंजक गठजोड़ था।  चालीस करोड़ में बनी इस फिल्म ने  अब तक १८८ करोड़ का ग्रॉस कर लिया है।  इस फिल्म ने करैक्टर ढीला और धिन चिका जैसे गीतों की बदौलत ९५ प्रतिशत से १०० प्रतिशत तक की ओपनिंग ली।  फिल्म ने पहले दिन ही १३ करोड़ की ओपनिंग ली।  फिल्म का ओपनिंग वीकेंड ४२.२५ करोड़ का था।
चार साल के बाद वेलकम बैक
रेडी २०११ में रिलीज़ हुई थी।  रेडी के बाद अनीस सलमान खान के साथ नो एंट्री पर एंट्री बनाना चाहते थे।  सलमान खान की हाँ और न में फंसे अनीस को चार साल लग गए।  फिर २०१५ में आई वेलकम बैक।  वेलकम इस सीक्वल फिल्म में सीक्वल जैसा कुछ था तो इतना ही कि अनिल कपूर, नाना पाटेकर और परेश रावल वेलकम वाले ही थे।  अलबत्ता, अक्षय कुमार की जगह जॉन अब्राहम और कैटरीना कैफ की जगह श्रुति हासन आ गई थी।  फिल्म को ओपनिंग बढ़िया मिली।  फिल्म ने १४.५ करोड़ का ग्रॉस किया।  दूसरे तीसरे दिन यह टेम्पो बना रहा।  फिल्म ने ५१ करोड़ का वीकेंड किया।   ऐसा वीकेंड सलमान खान की फिल्म रेडी को भी नहीं मिला था।  इसके बूते पर वेलकम बैक ने ९६ करोड़ का ग्रॉस किया तथा उस साल की चौथा सबसे अच्छा ग्रॉस करने वाली फिल्म बन गई।  इससे पता चलता है कि दर्शकों को अनीस बज़्मी की फिल्मों का कितना इंतज़ार रहता है।
अब दो साल बाद मुबारकां
दो साल बाद,  २८ जुलाई को अनीस बज़्मी  के निर्देशन में मुबारकां रिलीज़ होगी।  इस फिल्म में अनीस ने केवल निर्देशन की कमान सम्हाली है।  फिल्म रोमांटिक कॉमेडी है।  फिल्म में दोहरी भूमिका का तड़का है।  अर्जुन कपूर दो जुड़वा भाइयों करणवीर सिंह और चरणवीर सिंह का किरदार कर रहे हैं।  अर्जुन कपूर के रियल लाइफ चचा फिल्म में भी उनके चचा  का किरदार कर रहे हैं।  यह पहली फिल्म है, जिसमे रियल लाइफ चाचा भतीजा काम कर रहे हैं।  अर्जुन कपूर के जुड़वा किरदारों की प्रेमिकाएं अथिया शेट्टी और इलीना डिक्रूज़ कर रही  हैं।  फिल्म के गीत धमाल मचाने वाले, ज़्यादातर पंजाबी धुनों पर फुट टैपिंग हैं।  ज़ाहिर है कि अनीस बज़्मी एक बार फिर धमाल मचाने के लिए तैयार है।  फिल्म के निर्माण में ५५ करोड़ और पब्लिसिटी आदि में १५ करोड़ खर्च हुए हैं।  इस प्रकार से ७० करोड़ की यह फिल्म २३०० प्रिंट्स में रिलीज़ होगी।  क्या बॉक्स ऑफिस पर दर्शक इस फिल्म को मुबारकां बोलेंगे ?

अल्पना कांडपाल

No comments:

Post a Comment