Wednesday 13 September 2017

क्या फिर बॉक्स ऑफिस की क्वीन साबित होगी 'सिमरन' ?

चंडीगढ़ में जन्मी संदीप कौर जब ७ साल की थी, उसका परिवार कैलिफ़ोर्निया शिफ्ट हो गया।  १९ साल की उम्र में वह वोकेशनल नर्स बन गई।  एक बार वह अपने जीवन की पूरी कमाई स्टॉक मार्किट में लगा देती है, जो उस समय क्रेश चल रहा था।  भाग्य का चमत्कार देखिये कि उसे स्टॉक से दो लाख डॉलर का फायदा हो जाता है।  अपने २१ वे जन्मदिन को मनाने संदीप अपने कजिन के साथ लॉस वेगास जाती है।  वहां वह जुआ खेलती है। इसमे उसे कुछ हजार का फायदा हो जाता है ।  इससे उसमे जुआ खेलने की लत लग जाती है ।  इसके साथ ही उसका पतन शुरू हो जाता है ।  उस पर लाखों का क़र्ज़ चढ़ता ही है, वह अपराधियों के फंदे में भी फंस जाती है ।  इसके बाद  वह अपराधियों और पुलिस से बचने के लिए एक देश से दूसरे देश भागने लगती है ।  फिल्म निर्माता-निर्देशक हंसल मेहता ने इस रियल लाइफ संदीप कौर को ऑन स्क्रीन सिमरन नाम दे दिया।  हंसल मेहता की फिल्म सिमरन की नायिका यही संदीप कौर है।  फिल्म में इस किरदार को तीन बार (फैशन, क्वीन और तनु वेड्स मनु रिटर्न्स) की राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेत्री कंगना रानौत कर रही हैं। यह फिल्म १५ सितम्बर को रिलीज़ होने जा रही है।
विवादों की कंगना
पिछले दो सालों से कंगना रनौत विवादों के घेरे में हैं।  उन्होंने हृथिक रोशन के साथ फिल्म कृष ३ में काम किया था।  हालाँकि, कृष ३ की नायिका प्रियंका चोपड़ा थी।  लेकिन, खलनायिका के किरदार के बावजूद कंगना रनौत और हृथिक रोशन के किरदार ज़्यादा डूबे हुए नज़र आ रहे थे।  इसके साथ ही हृथिक रोशन-कंगना रनौत रोमांस की खबरें ज़ोर मारने लगी।  यह खबरे जुलाई २०१४ तक मीडिया की सुर्खियां बनती रही ।  यह भी कहा गया कि बीवी सुज़ैन रोशन खान से तलाक़ की वजह भी कंगना रनौत थी।  इसके बाद जाने क्या हुआ कंगना-हृथिक सम्बन्ध यकायक ख़त्म हो गए।  बात केवल संबंधों के ख़त्म होने तक नहीं रही, दोनों के बीच आरोपों प्रत्यारोपों का सिलसिला भी शुरू हो गया।  कंगना ने हृथिक पर उनका इ-मेल एड्रेस चुरा कर खुद को गन्दी इ-मेल भेजने का आरोप लगा दिया।  उन्होंने हृथिक रोशन से माफ़ी माँगने को भी कहा।  हृथिक रोशन ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए, कानूनी कार्यवाही की धमकी भी दी।  लेकिन, कंगना ने आरोप लगाना जारी रखा।  इसके बाद वह करण जौहर के शो में स्टार संस और डॉटर विवादों में घिरी ।  उनके पक्ष और विपक्ष में बयानबाज़ी हुई।  इसके बाद कंगना रनौत ने आग में घी डालने का काम किया रजत शर्मा के शो में इंटरव्यू देकर।  उन्होंने इस इंटरव्यू में हृथिक रोशन सहित आदित्य पंचोली, अध्ययन सुमन, करण जौहर, आदि आदि को लपेटे में ले लिया।  पूरा बॉलीवुड दो खेमों में बंट गया।
विक्टिम या विवादों में घिरने की फितरत !
क्या कंगना रनौत सचमुच बॉलीवुड की विक्टिम है? कंगना हमेशा से रोमांस में फंसती रही और असफल होती रही।  उनका पहला रोमांस अध्ययन सुमन से हुआ।  हाल ए दिल जैसी फ्लॉप फिल्म से शुरुआत करने वाले अध्ययन की दूसरी फिल्म राज़ द मिस्ट्री कंटिन्यूज कंगना रनौत के साथ थी।  उस समय तक कंगना रनौत फैशन फिल्म के लिए सपोर्टिंग एक्ट्रेस का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत कर नामचीन बन गई थी।  अध्ययन को ऐसा लगता था कि कंगना के साथ फिल्म उनके करियर को बूस्ट करेगी।  लेकिन, फिल्म फ्लॉप हो गई।  कंगना अध्ययन को छोड़ कर आगे बढ़ चली।  वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई और तनु वेड्स मनु जैसी फिल्मों ने कंगना को अव्वल दर्ज़े की एक्ट्रेस के तौर पर स्थापित कर दिया।  उन्हें बड़े एक्टरों के साथ फ़िल्में मिलने लगी।  यह वाक़या रास्कल्स के दिनों का है।  इस फिल्म में कंगना रनौत और लिसा हेडन के साथ अजय देवगन और संजय दत्त मुख्य भूमिका में थे।  अजय देवगन और कंगना रनौत वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई में भी साथ थे।  इन दोनों में बीच अच्छे सम्बन्ध थे।  अजय रास्कल्स के सेट्स पर कंगना को प्रैंक किया करते थे।  कंगना ने इसे खुद के लिए अजय देवगन का प्रेम समझ लिया।  एक रात वह शराब पीकर अजय देवगन के होटल के कमरे में बाहर जम गई और अजय से अभी शादी करने का वादा करने के लिए शोर शराबा मचाने लगी।  काफी समझाने बुझाने के बाद ही कंगना को उनके कमरे में भेजा  जा सका।  अगली सुबह अजय देवगन ने कंगना रनौत से तौबा कर ली।  यह किस्सा मुंबई की एक गॉसिप मैगज़ीन में भी प्रकाशित हुआ था।
क्या सिमरन के प्रचार के लिए ?
कहा जा रहा है कि कंगना रनौत का इंटरव्यू और बार बार हृथिक रोशन को कटघरे में खड़ा करना अपनी फिल्म सिमरन को प्रचार देने की उम्मीद से किया जा रहा है।  अमूमन बॉलीवुड सेलिब्रिटीज इसी प्रकार के नकली रोमांस के किस्से उछाल कर फिल्म में गरमी लाते रहते हैं।  इसलिए, कंगना के मामले में यह बात भी सही मानी जा सकती थी।  लेकिन, ध्यान देने के बात यह है कि हृथिक रोशन और कंगना रनौत का रोमांस जुलाई २०१४ में ख़त्म हो गया था।  अब इस बासी पड़ चुके रोमांस से फिल्म गरम नहीं कराई जा सकती।  फिर सिमरन तो नायिका प्रधान फिल्म है।  सिमरन का नायक कौन है, बहुत से लोग जानते ही नहीं होंगे।  इसलिए, इस फिल्म के लिए रोमांस का एंगल बहुत फायदेमंद साबित नहीं होता।
क्या क्वीन बनेगी सिमरन !
कंगना रानौत की अभिनय प्रतिभा से किसी को इनकार नहीं।  तीन तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार इसके प्रमाण हैं ही।  उन्हें आम और ख़ास, हर प्रकार का दर्शक पसंद करता है।  वह सेक्स सिंबल हैं ही, स्टाइल आइकॉन भी हैं।  उन्हें विश्वसनीय एक्ट्रेस माना जाता है।  वह अपने करैक्टर को आत्मसात कर लेती है।   क्या कंगना रनौत तीन साल बाद फिर अपनी फ़िल्म सिमरन से  क्वीन साबित होंगी।  क्वीन में कंगना एक्ट्रेस थी ही, ग्लैमरस भी लगी थी।  उन्हें बॉक्स ऑफिस पर विश्वसनीय का खिताब भी मिला था।  वह क्वीन फिल्म की रानी मेहरा की भूमिका के उपयुक्त पाई गई थी।  सिमरन का किरदार थोड़ा टफ है।  यह लड़की महत्वाकांक्षी ही नहीं, लालची भी है।  पैसों का लालच उसे अपराध की दुनिया में मोड़ता है।  ऐसे किरदार को एक्शन फिल्म की हीरोइन की तरह नहीं किया जा सकता।  यह वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई के हाजी मस्तान की रेहाना भी नहीं।  यह स्वतंत्र चरित्र है।  अगर कंगना रनौत ने अपनी अभिनय प्रतिभा के बूते इस करैक्टर को परदे पर प्रभावशाली ढंग से उतार दिया तो समझ लीजिये कि यह 'सिमरन' (कंगना रनौत) बॉक्स ऑफिस की क्वीन बनने जा रही है।

अल्पना कांडपाल


No comments:

Post a Comment