Wednesday 15 November 2017

ऑनर किलिंग पर जाह्नवी और ईशान की धड़क

जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर की पहली हिंदी फिल्म धड़क का पोस्टर आज जारी किया गया।  धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई जा रही शशांक खेतान निर्देशित धड़क, मराठी फिल्म सैराट की हिंदी रीमेक है।  सैराट के एक निर्माता ज़ी स्टूडियोज भी थे।  वही धड़क के भी एक निर्माता है।  २०१६ में रिलीज़ सैराट (अनियंत्रित/जंगली) संगीतमय रोमांटिक ड्रामा फिल्म है।  नागराज मंजुले निर्देशित सैराट ऑनर किलिंग पर है।  एक नीची जाति का लड़का एक सवर्ण जाति की लड़की आपस में  प्रेम करने लगते है।  लड़की का पिता  इस सम्बन्ध के खिलाफ है।  इस पर दोनों अपने छोटे शहर से भाग कर हैदराबाद आ जाते हैं।  दोनों शादी कर लेते हैं।  उन्हें एक बच्चा होता है।  लड़की फ़ोन पर अपने बच्चे की आवाज़ अपनी माँ को सुनाती है।  लड़की का भाई फ़ोन लेकर लड़की से
बात करता है और मिलने की इच्छा व्यक्त करता है।  लड़की अपना पता देती है।   भाई अपने दोस्तों के साथ मिठाई लेकर बहन के घर पहुंचता है।  इस बीच उनका बेटा पड़ोस में कहीं चला जाता है।  जब वह लौट कर आता है तो पाता है कि उसके माँ-पिता का क़त्ल कर दिया गया है।  मराठी फिल्म सैराट पहली फिल्म है, जिसने ५० करोड़ का कलेक्शन किया।  यह वर्ल्डवाइड १०० करोड़ का कलेक्शन करने वाली फिल्म भी है।  सैराट के रीमेक में नीची जाति के लडके का रोल ईशान खट्टर करेंगे और उनकी लव बर्ड जाह्नवी होंगी।  इस दुखांत फिल्म को शशांक कितना रुचिकर बना पाएंगे, इस पर दोनों ही एक्टर्स का भविष्य निर्भर करेगा।  यह फिल्म ६ जुलाई २०१८ को रिलीज़ होगी।   

No comments:

Post a Comment