Saturday 23 December 2017

कहाँ मनाएंगे नया साल ?

हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स की व्यस्तता से समय निकाल कर क्वांटिको स्टार प्रियंका चोपड़ा इस साल क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए मुंबई पहुँच चुकी हैं।  उन्हें, १९ दिसंबर को जी सिने अवार्ड्स में इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड भी दिया जा चुका है। इस लिहाज़ से प्रियंका चोपड़ा मुंबई में होंगी।  हो सकता है कि वह इस दौरान पास पड़ी एक-दो स्क्रिप्ट्स  पर फिल्मों के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दें।  लेकिन, तमाम बॉलीवुड फिल्म स्टार नए साल का जश्न विदेश में मनाने की तैयारी में हैं। हो सकता है कि क्रिसमस में मोमबत्ती जलाने और क्रिसमस ट्री सजाने के बाद काफी सितारे विदेश गमन कर जाये। वैसे ऐसे सितारों की कमी नहीं, जो मुंबई न सही, देश के किसी दूसरे शहर में नए साल का जश्न मनाएं।  
परिवार के लिए घर 
बॉलीवुड की बहुत सी हस्तियां अपने परिवार की खातिर फॉरेन ट्रिप पर नहीं जा रही ।  इनका नया साल, अपने पूरे परिवार के साथ मुंबई या आसपास के अपने फार्म हाउस में बीतेगा। पद्मावती के बाद शाहिद कपूर का फ़िल्मी करियर गज़ब का चल निकला है।  वह बत्ती गुल मीटर चालू के अलावा इम्तियाज़ अली की फिल्म सहित दो दूसरी फ़िल्में भी कर रहे हैं। वह इस साल मुंबई में अपने घर में पत्नी और बेटी के साथ नए साल का जश्न मनाएंगे। करण जौहर और तुषार कपूर दो ऎसी ,फिल्म सेलिब्रिटी हैं, जो अपने बच्चों की खातिर विदेश में नए साल का जश्न नहीं मनाएंगे।  करण जौहर के जुड़वा बच्चे रूही और यश इतने  छोटे हैं कि लंदन तक की लम्बी यात्रा नहीं कर सकते।  इसलिए करण जौहर इस साल अपना न्यू ईयर हमेशा की तरह लंदन में न मना कर मुंबई में ही मना रहे होंगे।  तुषार कपूर इस साल दुबई जाने वाले थे।  लेकिन, बच्चे लक्ष्य के कारण उन्होंने भी यह इरादा छोड़ दिया है।  देवगन परिवार का नया साल कर्जत में फार्म हाउस में मनेगा। इसके लिए अजय देवगन की बेटी न्यासा सिंगापुर में अपने स्कूल से छुट्टियों में वापस आ रही हैं।  राधिका आप्टे और भूमि पेडनेकर का नया साल भी बिलकुल मराठी स्टाइल में बीतेगा।  राधिका आप्टे पुणे में होंगी, जबकि भूमि  मुंबई में ही अपने दोस्तों के साथ घर में नया साल मनाएंगी। यामी गौतम, तापसी पन्नू और निम्रत कौर की पंजाबी तिकड़ी बिलकुल नई तरह से एक साथ नया साल मनाती हैं। यह तीनों चंडीगढ़ में इकठ्ठा होंगी। वैसे इन तीनों का इरादा गोवा के तटों पर घूम घूम कर नया साल मनाने का है।  
न्यू ईयर पर टाटा मुंबई 
न्यू ईयर ईव मनाने के लिए मुंबई को छोड़ने वाले सितारों की भीड़ है। क्रिकेट कप्तान विराट कोहली के साथ अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का न्यू ईयर तो विदेश में मनना ही था।  यह दोनों  इस दौरान दक्षिण अफ्रीका में होंगे। क्योंकि, दक्षिण अफ्रीका में भारतीय क्रिकेट टीम सीरीज खेलने जा रही है। टीम के कप्तान विराट कोहली ही हैं। हो सकता है कि इस समय अक्षय कुमार भी परिवार के साथ वही जाएँ। जुड़वा २ की जैक्विलिन फर्नांडेज नया साल मनाने के लिए श्रीलंका नहीं, बाली जाएंगी।  बेशक उनके साथ उनका परिवार होगा। हालाँकि, जैक्विलिन का हैप्पी क्रिसमस उनके श्रीलंका में खरीदे गए एक द्वीप में ही मनेगा।जैक्विलिन की तरह श्रद्धा कपूर भी जहाँ भी होंगी, अपने परिवार के साथ होंगी। उनका विदेश का कार्यक्रम उनकी फिल्मों की शूटिंग के शिड्यूल पर निर्भर होगा।  हृथिक रोशन तो हमेशा की तरह अपने बेटों के साथ किसी खूबसूरत विदेशी वादियों में होंगे। इसमें उनका साथ पूर्व पत्नी सुज़ैन खान देगी या नहीं, यह बाद में फोटोग्राफ्स से ही पता चलेगा। आलिया भट्ट अपने परिवार के साथ तो नहीं, अपने दोस्तों के साथ विदेश में न्यू ईयर मनाती हैं। इस साल उनका नया साल कहाँ और कैसा बीतेगा, वह दोस्तों पर निर्भर करेगा। अगले साल जनवरी में आलिया की एक दोस्त की शादी भी है।  आलिया भट्ट के कपूर एंड संस फिल्म में एक हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा का इरादा विदेश में छोटी छुट्टी मनाने का है।  क्योंकि, उन्हें अपनी २६ जनवरी को रिलीज़ होने जा रही फिल्म ऐय्यारी के प्रमोशन में भी शामिल होना है। रोहित शेट्टी अपने पूरे परिवार के साथ दुबई में होंगे। अर्जुन रामपाल, जेपी दत्ता निर्देशित अपनी युद्ध फिल्म पल्टन की लद्दाख में लम्बी शूटिंग पूरी कर वापस आएंगे।  वह अपने परिवार के साथ छोटी हॉलिडे ट्रिप प्लान कर सकते हैं।  इलीना डिक्रूज़ भी विदेश में नया साल मनाएंगी। सोनाक्षी सिन्हा और डायना पेंटी, हैप्पी भाग जाएगी रिटर्न्स की शूटिंग पूरी करने के बाद मुंबई वापस आएंगी। लेकिन, दोनों अभिनेत्रियां तुरंत ही विदेश चली जाएंगी।  सोनम कपूर का इरादा भी अपने पिता, माँ और भाई के साथ किसी विदेशी लोकेशन पर नया साल मनाने का है। दीपिका पादुकोण होंगी तो बेंगलुरु में। लेकिन उनका इरादा भी पूरे परिवार के साथ किसी विदेशी जमीन पर जश्न मनाने का है। हो सकता है कि अच्छे भावी दामाद का  किरदार समझने के लिए रणवीर सिंह भी साथ हों। 
काम पहले बाद में न्यू ईयर 
ऐसे बहुत से बॉलीवुड सितारे हैं, जिनके लिए काम प्राथमिकता पर है। यह सितारे छुट्टियाँ मनाने के बजाय अपने अधूरे काम को ज़ल्द से ज़ल्द पूरा करना चाहते हैं, ताकि इत्मीनान से छुट्टियाँ मनाई जा सकें। जिस समय सारा देश हैप्पी न्यू इयर कह रहा होगा, उस समय बॉलीवुड के दो युवा सितारे सुशांत सिंह राजपूत और उनकी फिल्म केदारनाथ में कोस्टार सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान फिल्म केदारनाथ का महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा कर रहे होंगे।  पैर की चोट से कई दिनों तक मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ़ झाँसी की शूटिंग न कर सकी कंगना रानौत भी छुट्टियाँ भूल कर फिल्म को पूरा करने में लगी होंगी ताकि फिल्म पूरी हो कर अप्रैल में रिलीज़ हो सके।  चित्रांगदा सिंह ने अभी अभी फिल्म निर्माण के क्षेत्र मे कदम रखा है।  वह हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह की बायोपिक फिल्म सूरमा से बतौर प्रोडूसर जुड़ी हुई हैं।  आजकल इस फिल्म की शूटिंग जोरशोर से जारी है। संजय दत्त देश में नहीं हैं।  लेकिन, वह छुट्टियों पर भी नहीं हैं।  वह सुदूर कीर्गिस्तान में फिल्म तोरबाज़ की  शूटिंग कर रहे हैं। उनके लिए अच्छी  छुट्टियां भी मना लेने का मौक़ा यह है कि कीर्गिस्तान में उनकी पत्नी मान्यता और बच्चे भी पहुँच चुके हैं। सनी देओल तो बतौर निर्देशक तो व्यस्त हैं ही, वह एक बाप के तौर पर भी बेटे के लिए चिंतित हैं। करण देओल की फिल्म पल पल दिल के पास के डायरेक्टर सनी देओल भी हैं।  वह अपने बेटे की परफेक्ट लॉन्चिंग के लिए कुछ इतना जूझे हुए हैं कि न्यू ईयर ईव ही भूल चुके हैं।  

No comments:

Post a Comment