Thursday 21 December 2017

जनवरी में टीवी स्क्रीन पर ‘पृथ्वी वल्लभ’

सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन, २०१८  की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में करने जा रहा है। यह चैनल पृथ्वी वल्लभके जरिये अपने नए ब्रांड सेट ओरिजिनल्स को लॉन्च करने जा रहा है। राइटर्स गैलेक्सी के अनिरुद्ध पाठक द्वारा निर्मित पृथ्वी वल्लभ सांसें रोक देने वाले विजुअल्स, कैनवास और प्रोडक्शन स्केल से दर्शकों को चकित करने वाला है। इसके जरिये कई सारी बातें भारतीय टेलीविजन पर पहली बार होने वाली हैं। पृथ्वी  वल्लभ दो चिर-प्रतिद्वंद्वियों की अनूठी कहानी है, जो युद्ध के मैदान पर नफरत से शुरू होती है और सबसे बड़ी प्रेम कहानी के तौर पर समाप्त होती है। यह एक ऐसे युग की अनकही कहानी है जहाँ महत्वाकांक्षा सिर चढ़कर बोलती थी। इसमें रहस्य और फिक्शन का तड़का भी शामिल है। कला, संस्कृति, प्यार और युद्ध के मिश्रण से शो एक ऐसे युग में ले जाएगा जहाँ भारतीय शासक अपनी सत्ता, संपत्ति और जनता को बचाने के लिए कुछ भी कर गुजरते थे। शो में आशीष शर्मा राजा मुंज पृथ्वी वल्लभ का जबकि सोनारिका भदौरिया मृणाल की भूमिका में दिखेंगे। वहीं, पवन चौपड़ा सिंहदंत, शालिनी कपूर राजमाता, आलेफिया कपाड़िया सविता, जितिन गुलाटी तैलप, पियाली मुंशी जक्काला, सुरेंद्र पाल विनयादित्य की भूमिका निभाएंगे। 
फिल्म पृथ्वी वल्लभ (१९४३) में सोहराब मोदी (राजा मुंज)
यहाँ बताते चलें कि पृथ्वी बल्लभ प्रसिद्द स्वतंत्रता सेनानी और लेखक कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी (के एम मुंशी) का १९२० में लिखा गया उपन्यास है। इस उपन्यास की कहानी दो राजाओं की दुश्मनी, युद्ध का मैदान और राजनीति में स्त्री की भूमिका पर  केंद्रित है। इस उपन्यास पर दो फ़िल्में भी बनाई जा चुकी हैं। पहली फिल्म १९२४ में मणिलाल जोशी ने  बनाई थी। यह फिल्म अत्यधिक सेक्स और हिंसा के कारण विवादित हुई थी। दूसरी फिल्म पृथ्वी वल्लभ सोहराब मोदी ने बनाई थी। यह फिल्म अवन्तिपुर के राजा मुंज/पृथ्वी वल्लभ और पडोसी राजा तैलप के युद्ध से शुरू होती थी।  तैलप अपनी बहन मृणालवती और पास के राजा भिल्लम के ज़रिये  मुंज को फंसा लेता है और बंदी बना लेता है। मोदी की इस फिल्म में पृथ्वी वल्लभ खुद सोहराब मोदी बने थे।  तैलप का किरदार संकठा प्रसाद ने किया था।  उसकी बहन मृणावती दुर्गा खोटे बनी थी। राजा भिल्लम की भूमिका में के एन सिंह थे। यह फिल्म १९४३ में प्रदर्शित हुई थी। ज़ाहिर है कि अब ७४ साल बाद पृथ्वी वल्लभ को छोटे परदे पर लाया जा रहा है।  
सेट ओरिजिनल्स सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का ही एक सब-ब्रांड है, जिसका उद्देश्य प्रीमियम और उच्च दर्जे का कंटेंट बनाना है। इसके जरिए श्रेष्ठतम प्रोडक्शन वैल्यू, कहानियां और नई प्रतिभाओं को वैश्विक दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। पृथ्वी वल्लभ जनवरी 2018 के अंत तक ऑन एयर हो जाएगा। 

No comments:

Post a Comment