Wednesday 20 December 2017

क्या अभी से सुपर हिट फिल्म कही जाए टाइगर ज़िंदा है ?

इस साल की आखिरी तथा बड़े बजट और बड़े सितारों वाली खर्चीली फिल्म, सलमान खान और कैटरीना कैफ अभिनीत टाइगर ज़िंदा है २२ दिसंबर को (क्रिसमस वीकेंड पर) रिलीज़ हो रही है।  इस पूरे साल काफी निराश बॉलीवुड को टाइगर ज़िंदा है से काफी उम्मीदें हैं।  सलमान खान भी अपनी २०१२ की बड़ी हिट फिल्म एक था टाइगर की सीक्वल फिल्म टाइगर ज़िंदा है से काफी उम्मीदे बांधे हुए हैं। दरअसल, सलमान खान पिछले दस सालों में सबसे अधिक सफल अभिनेता बन कर उभरे हैं।  उन्होंने इस दौरान तीन सौ करोड़ की दो फ़िल्में बजरंगी भाईजान और सुल्तान, दो सौ करोड़ की दो फ़िल्में किक और प्रेम रतन धन पायो तथा १०० करोड़ की ८ फ़िल्में दी हैं। इस लिहाज़ से, अगर फिल्म इंडस्ट्री को सलमान खान की फिल्म से सबसे ज़्यादा उम्मीदें है तो कोई बड़ी बात भी नहीं है। 
क्रिसमस वीकेंड पर रिलीज़ फिल्म  
अमूमन, सलमान खान की फ़िल्में या तो ईद वीकेंड पर या फिर दिवाली वीकेंड पर रिलीज़ होती रही हैं।  उनकी एक ही फिल्म क्रिसमस वीकेंड पर रिलीज़ हुई थी।  वह फिल्म थी उनके भाई अरबाज़ खान द्वारा निर्देशित सोनाक्षी सिन्हा के साथ फिल्म दबंग २ ।  दबंग २ ने बॉक्स ऑफिस पर १५८.५० करोड़ का ग्रॉस किया था।  इस लिहाज़ से बॉलीवुड द्वारा क्रिसमस वीकेंड पर रिलीज़ होने जा रही सलमान खान के फिल्म पर उम्मीदें लगाना जायज़ है। लेकिन, क्या टाइगर ज़िंदा है बड़ी हिट फिल्म साबित होगी ? 
बढ़िया वीकेंड कलेक्शन 
बॉक्स ऑफिस पर सलमान खान काफी तगड़े नज़र आते हैं।  ज़्यादातर ईद वीकेंड पर रिलीज़ उनकी फिल्मों ने बहुत बढ़िया कारोबार किया है। उनकी १२ फिल्मों का १०० करोड़ से ऊपर कारोबार करना इसका प्रमाण भी है। सलमान खान की फ़िल्में वीकेंड में बहुत बढ़िया प्रदर्शन करती रही हैं।  उनकी तीन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड ही १०० करोड़ क्लब में प्रवेश पा लिया था।  इनमे सुल्तान (२०१६) ने १०५.३४ करोड़, बजरंगी भाईजान (२०१५) ने १०२.६ करोड़ और प्रेम रतन धन पायो (२०१५) ने १०१. ४७ करोड़ का  ग्रॉस कर लिया था। इसके अलावा बॉडीगार्ड (२०११) का ८८.७५ करोड़ तथा किक (२०१४) का ८३.८३ करोड़ का कलेक्शन बड़ा ज़बरदस्त कहा जा सकता है।  
कबीर खान के साथ फ़िल्में 
कबीर खान और सलमान खान की जोड़ी बॉलीवुड की हिट जोड़ी मानी जाती है।  उनकी दो फिल्मों एक था टाइगर और बजरंगी भाईजान का वीकेंड कलेक्शन क्रमशः १००.१६ करोड़ और १०२.६ करोड़ था। इसी साल ईद वीकेंड पर रिलीज़ इन दोनों की तीसरी फिल्म ट्यूबलाइट ने सलमान खान के प्रशंसकों और खुद सलमान खान को काफी निराश किया था। ईद वीकेंड के बावजूद ट्यूबलाइट केवल ६४.७७ करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी थी। यह कलेक्शन, सलमान खान की २०१४ में रिलीज़ फिल्म किक के ८३.८३ करोड़ से १९ करोड़ कम था। सलमान खान को ट्यूबलाइट के वितरकों के नुकसान की भरपाई भी करनी पड़ी थी। 
तीन सौ करोड़ क्लब के सलमान भाईजान से उम्मीदें 
फिर भी सलमान खान से उम्मीदें लगाईं जाती हैं।  इसके कारण भी हैं।  सलमान खान की १०० करोड़ से ऊपर, ३०० करोड़ तक का कारोबार करने वाली फिल्मों को ध्यान में रखें तो टाइगर ज़िंदा है के भी १०० करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद की जाती है।  यह उम्मीद की जानी भी चाहिए।  टाइगर ज़िंदा है, सलमान खान और कैटरीना काफी जोड़ी की २०१२ में रिलीज़ और बॉक्स ऑफिस पर १९८ करोड़ का कारोबार करने वाली फिल्म एक था टाइगर की सीक्वल फिल्म है। कबीर खान ने जब जब सलमान खान के साथ फ़िल्में बनाई, हमेशा १०० करोड़ क्लब में पहुँचने वाली फ़िल्में बनाई।  सलमान खान के साथ उनकी तीनों फ़िल्में एक था टाइगर, बजरंगी भाईजान और ट्यूबलाइट १०० करोड़ क्लब में प्रवेश पाने में सफल रही।  लेकिन, कबीर खान निर्देशित फिल्म एक था टाइगर की सीक्वल फिल्म होने के बावजूद टाइगर ज़िंदा है से सलमान खान और कबीर खान की हिट जोड़ी का नाम नहीं जुड़ा है। अलबत्ता, टाइगर ज़िंदा है के साथ उन अली अब्बास ज़फर का नाम जुड़ा है, जिनकी सलमान खान के साथ फिल्म सुल्तान ने ३०० करोड़ क्लब में प्रवेश पाया था।
सुपर हिट होगी टाइगर ज़िंदा है ? 
टाइगर ज़िंदा है के ज़बरदस्त ओपनिंग लेनी की पूरी पूरी उम्मीद की जा रही है।  इसके साफ़ कारण भी है।  यह फिल्म ४०००+ प्रिंट्स में रिलीज़ हो रही है।  सामने कोई दूसरी फिल्म भी नहीं है। अगले दो हफ्ते भी खाली हैं। ऐसे में टाइगर ज़िंदा है के ३०० करोड़ कमाने की उम्मीद है। लेकिन, क्या इतना काफी होगा ? टाइगर ज़िंदा है को ३००+ का कारोबार करना ही होगा।  टाइगर ज़िंदा है महँगी फिल्म है।  इस फिल्म के निर्माण में १५० करोड़ खर्च हुए हैं।  इनमे सलमान खान की ६० करोड़ फीस भी शामिल है।  इस फिल्म के प्रिंट्स  तैयार करने और प्रचार में २५ करोड़ खर्च हुए हैं।  इस प्रकार से टाइगर ज़िंदा है की लागत १७५ करोड़ आती है। साफ़ है कि सलमान खान की फिल्म का २०० करोड़ का ग्रॉस नाकाफी होगा।  यह फिल्म ३००+ का ग्रॉस ,करती है, तो भी कॉस्ट ही निकाल सकेगी। ऐसे में ३००+ का कारोबार करने वाली टाइगर ज़िंदा है सुपर हिट फिल्म नहीं मानी जाएगी। 
फिर शंका क्यों ?  
मगर यहाँ बड़ा सवाल यह है कि क्या सलमान खान की यह फिल्म ३०० करोड़ भी कमा सकेगी ? ट्यूबलाइट को रिलीज़ हुए अभी छह महीना भी पूरे नहीं हुए हैं।  यह फिल्म केवल भारत में ही ४३५० प्रिंट्स में रिलीज़ हुई थी। मगर ट्यूबलाइट को  २१.१५ करोड़ की खराब ओपनिंग मिली थी।  फिल्म ने ६४.७७ करोड़ का वीकेंड ग्रॉस किया था।  उम्मीद की जा रही थी कि चौथे दिन यानि ईद के रोज यह बड़ी कमाई करेगी।  लेकिन, ऐसा नहीं हुआ।  यह फिल्म १९ करोड़ से थोड़ा ज़्यादा का ग्रॉस ही कर सकी। पांचवे दिन ट्यूबलाइट मुंह के बल आ गिरी।  फिल्म का कलेक्शन मात्रा चार करोड़ के आसपास ही सिमट गया।  नतीजे के तौर पर फिल्म का लाइफ टाइम कलेक्शन १२१.२५ करोड़ में सिमट गया। ऐसे में टाइगर ज़िंदा है से बड़ी उम्मीद कैसे लगाईं जा सकती है।  यह एक्शन फिल्म है। एक्शन फ़िल्में शुरुआत अच्छी करने के बावजूद टेम्पो बनाये नहीं रख पाती।  सलमान खान की ८० प्रतिशत फिल्मों ने इसे प्रमाणित किया है। सलमान खान की फिल्मों का अच्छा कारोबार ईद वीकेंड कलेक्शन पर निर्भर करता है।  क्या क्रिसमस में ऐसा बढ़िया वीकेंड मिलेगा ? दबंग २ ने पहले दिन २१.१० करोड़ का ग्रॉस  किया था।  फिल्म का वीकेंड ६३.६० करोड़ का था।  सलमान खान की क्रिसमस वीकेंड में रिलीज़ फिल्म दबंग २ का १५८.५० करोड़ का लाइफ टाइम कारोबार काफी कहानी कह देता है।  
वैसे यहाँ ट्रेड की बॉक्स ऑफिस के पीछे की कहानी कुछ दूसरी है । फिल्म के निर्माताओं ने टाइगर ज़िंदा है के म्यूजिक राइट्स, ओवरसीज राइट्स, सॅटॅलाइट राइट्स और डिजिटल राइट्स बेच कर फिल्म के रिलीज़ होने से पहले ही  खुद को बिलकुल सुरक्षित कर लिया है।  ऐसे में, जानकार बताते हैं, अगर टाइगर ज़िंदा है १८० करोड़ का कारोबार करती है तो हिट और २०० करोड़ का कारोबार  करने पर सुपर हिट फिल्म बन जाएगी।  तीन सौ करोड़ पर तो यह आल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म कहलाएगी।  

No comments:

Post a Comment