Thursday 28 December 2017

क्या अजय देवगन सम्हालेंगे, जब टेम्पर लूज करेंगे रणवीर सिंह ?

बॉलीवुड कुछ नए पन्ने तैयार कर सकता है।  सिम्बा किताब के यह पन्ने टेम्पर से सजे होंगे।  रोहित शेट्टी, करण जौहर और रणवीर सिंह की तिकड़ी पहली बार इकठ्ठा हो चुकी है।  यह तिकड़ी इकठ्ठा हुई  है पुरी जगन्नाथ निर्देशित तेलुगु फिल्म टेम्पर के हिंदी रीमेक के लिए।  टेम्पर, जूनियर एनटीआर की एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी दया की भूमिका वाली फिल्म है।  फिल्म में एनटीआर जूनियर के अधीनस्थ पुलिस अधिकारी नारायण मूर्ति की भूमिका पोषनी कृष्णा मुरली ने  की थी।  यह किरदार उसे गलत काम करने से रोकता है।  हालाँकि, रोहित शेट्टी ने टेम्पर की कहानी में अपने तौर पर बदलाव किये हैं।  वैसे भी रोहित शेट्टी कभी भी किसी रीमेक को जस का तस नहीं बनाते।  सिम्बा के लिए टेम्पर की कहानी में रोहित ने चाहे जो बदलाव किये हों, रणवीर सिंह एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी ही बने हैं ।  सिम्बा रणवीर सिंह की पहली धुंआधार एक्शन फिल्म होगी।  लेकिन, बड़ा सवाल यह है कि नारायण मूर्ति की भूमिका को कौन अभिनेता करेगा?  रोहित शेट्टी की टीम को अजय देवगन पर विश्वास हैं।  रोहित शेट्टी ने, अजय देवगन के साथ जितनी भी फ़िल्में बनाई हैं, वह बड़ी हिट  साबित हुई हैं।  दिवाली २०१७ में रिलीज़ रोहित शेट्टी और अजय देवगन की गोलमाल सीरीज की फिल्म गोलमाल अगेन इस जोड़ी की २०० करोड़ क्लब में शामिल होने  वाली पहली फिल्म बनी थी। यह २०१७ की दूसरी सबसे सफल बॉलीवुड फिल्म भी है।  इसलिये, शायद   रोहित शेट्टी भी अजय देवगन को सिम्बा का नारायण मूर्ति बनाना चाहेंगे।   लेकिन, क्या सिम्बा के इस करैक्टर को अजय देवगन करना चाहेंगे ? सिम्बा की ईमानदार पुलिस अधिकारी की भूमिका  काफी कुछ बाजीराव सिंघम से मिलती जुलती है।  अजय देवगन ने रोहित शेट्टी के निर्देशन में ही २०११ में सिंघम और २०१४ में सिंघम रिटर्न्स में बाजीराव सिंघम के किरदार को किया था।  इसलिए, सिम्बा के पुलिस किरदार में कोई नयापन नहीं है।  लेकिन, मूर्ति का किरदार सिम्बा को ईमानदारी के लिए प्रेरित करने वाला है।  वह इस मायने में सिंघम से अलग भी है।  लेकिन, अजय देवगन को इस कारण से सिम्बा करने में ऐतराज़ नहीं हो सकता।  अजय देवगन को करण जौहर की फिल्म करने में ऐतराज़ हो सकता है।  सभी जानते हैं कि एक बार करण जौहर  ने बातचीत में काजोल पर कुछ टिप्पणियां कर दी थी।  अजय देवगन को यह नागवार गुजरी।  इस पर अजय देवगन और करण जौहर के बीच गर्मागर्मी भी हुई थी।  २०१६ में, दीवाली पर अजय देवगन की शिवाय और करण जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल के टकराव  के बाद यह खटास कुछ ज़्यादा बढ़ गई।  इसलिए, एक्टर अजय देवगन का निर्माता करण जौहर की फिल्म करना आसान नहीं लग रहा।  हालाँकि, काजोल के जन्मदिन पर काजोल और करण जौहर के बीच सुलह हो चुकी है।  परन्तु,  अजय देवगन की नाराज़गी कम नहीं हुई है।  वैसे बॉलीवुड के जुड़े लोग जानते हैं कि यहाँ कुछ भी स्थाई नहीं होता- दोस्ती भी नहीं और दुश्मनी भी नहीं।  इसलिए संभव है कि अजय देवगन  सिम्बा के समझावन  बने  नज़र आये।  अगर ऐसा होता है तो अजय देवगन, रोहित शेट्टी, रणवीर सिंह और करण जौहर की चौकड़ी का यह एक्शननाक गठजोड़ होगा।  यानि २८ दिसंबर २०१८ को बॉक्स ऑफिस पर धमाके पर धमाके हो सकते हैं।  

No comments:

Post a Comment