Friday 5 January 2018

क्या दीपिका पादुकोण को रिटर्न गिफ्ट देंगी अनुष्का शर्मा ?

अनुष्का शर्मा ने, जब क्रिकेटर विराट कोहली से इटली में शादी की थी, तब पूरे बॉलीवुड ने उन्हें शुभकामना सन्देश सोशल साइट्स द्वारा भेजे थे। सिर्फ रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ही ऐसे सितारे थे, जिन्होंने सोशल मीडिया पर कोई मेसेज पोस्ट नहीं किया था। इससे ऐसा लगा था कि दीपिका पादुकोण और अनुष्का शर्मा के बीच सब ठीकठाक नहीं है। लेकिन, इन दोनों ने इन सब अनुमानों को नकारते हुए अनुष्का शर्मा और विराट कोहली को, उनके मुंबई के घर में विशेष उपहार भेज कर शुभकामना सन्देश दे दिया था। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली, जब भारत लौटे तब उन्होंने बॉलीवुड सेलेब्रिटी को अपने मैरिज रिसेप्शन पर बुला कर आभार व्यक्त किया था। लेकिन, पूर्व व्यस्तताओं के कारण, इस रिसेप्शन में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह पहुँच नहीं पाए थे।  बहरहाल, ऐसा लगता है कि अनुष्का शर्मा का दीपिका पादुकोण को रिटर्न गिफ्ट देने का समय आ रहा है। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की फिल्म पद्मावत के ९ मार्च को रिलीज़ किये जाने की खबर है। लेकिन, इस तारीख़ को लव रंजन की फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी और अनुष्का शर्मा की फिल्म परी की रिलीज़ पहले से तय है। इस खबर के बाद, लव रंजन ने तो पहले ही साफ़ कर दिया कि वह पद्मावत का सामना करने के बजाय अपनी फिल्म की तारीख बदल देंगे। लेकिन, क्या अनुष्का शर्मा भी परी की तारीख़ बदलने को तैयार होंगी ? इस फिल्म की एक निर्माता क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट भी है। इस बैनर की प्रेरणा अरोड़ा नहीं चाहती कि उनकी फिल्म पद्मावत का सामना करे। क्योंकि, क्रिअर्ज एक फिल्म दीपिका पादुकोण के साथ भी बना रहा है। वह दीपिका पादुकोण के साथ सम्बन्ध खराब नहीं करना चाहेंगे। लेकिन, काफी कुछ अनुष्का शर्मा पर निर्भर करेगा, क्योंकि परी की एक निर्माता अनुष्का शर्मा भी हैं। यही वक़्त है अनुष्का शर्मा के दीपिका को रिटर्न गिफ्ट देने का। अगर, क्रिअर्ज तैयार होता है तो क्या अनुष्का शर्मा भी परी की रिलीज़ शिफ्ट करने पर सहमति दे कर दीपिका पादुकोण की फिल्म पद्मावत के लिए मैदान खाली कर दीपिका पादुकोण को रिटर्न गिफ्ट देंगी ? काफी कुछ पद्मावत के निर्माता वायकॉम १८ पर निर्भर करेगा कि वह पद्मावत की रिलीज़ की तारीख़ क्या तय करते हैं! 

No comments:

Post a Comment