Tuesday 27 February 2018

सुधीर मिश्र का राजनीतिक देवदास है दास देव

शरत चन्द्र चट्टोपाध्याय का निराश हताश देवदास अब १०० साल का सफ़र तय कर चुका है।  इस शराबी किरदार को कई भाषाओँ की फिल्मों में उतारा गया है।  कुछ फिल्मकारों ने इसे अपने दृष्टिकोण से देखने की कोशिश की है।  इनमे से एक सुधीर मिश्र भी हैं।  राजनीति के खुरदुरे धरताल पर व्यंग्य की पीक मारने के लिए मशहूर सुधीर मिश्र अब देवदास के  राजनीतिक संस्करण दास देव को लेकर आ रहे हैं।  इस फिल्म का दास देव राजनीती के खेल का महत्वाकांक्षी खिलाड़ी है।  इस फिल्म में नेता देव की भूमिका राहुल भट कर रहे हैं।  कश्मीर से  इस खूबसूरत अभिनेता को हिंदी दर्शक उर्दू फिल्म यह मोहब्बत है (२००२) के अलावा हिंदी फिल्म नई पड़ोसन, अग्ली, फितूर, जय गंगाजल और यूनियन लीडर में देख चुके हैं।  उनके १६ साल लम्बे फिल्म करियर मे सिर्फ छह फ़िल्में इस बात  की गवाही देती हैं कि बॉलीवुड ने उनकी प्रतिभा का उपयोग करने की कोशिश नहीं की।  दास देव के ट्रेलर में राहुल भट्ट  बड़े दमदार लग रहे हैं।  सुधीर मिश्रा कहते हैं, "मेरी फिल्मों में हीरो नहीं होतेएक्टर होते हैं।  मैंने एक फिल्म में राहुल में अपने देव को देखा था।  उनकी भेद देने की क्षमता ने मुझे प्रभावित किया।" इस आधुनिक देवदास की पारो ऋचा चड्डा हैं।  दास देव की पारो एक ऐसी महत्वकांक्षी औरत है, जो सही  करने के लिए कुछ भी गलत कर सकती है।  वह हमेशा, हर परिस्थिति में देव के साथ खड़ी रहती है। सुधीर मिश्रा कहते  हैं, "ऋचा चड्डा का प्रखर आत्मनिर्भर व्यक्तित्व, मेरी फिल्म की पारो के लिहाज़ से  परफेक्ट है।" देवदास की तमाम फिल्मों में तीन किरदार देवदास, पारो और चंद्रमुखी हमेशा अहम् रहे हैं।  दास देव में चंद्रमुखी राजनीती का चोला पहन कर चांदनी बन गई है।  वह आज की राजनीतिक हस्ती है। वह पार्टी के पैसो की देखभाल करती है, फ़िक्सर है और छल परपंच की महारथी है।  फिल्म में इस भूमिका को खूबसूरत अदाकारा  अदिति राव हैदरी कर रही हैं। वह एक खतरनाक गलती कर जाती है, देव से प्यार।  सुधीर मिश्रा कहते हैं, "जब मैं चांदनी की भूमिका को लिख रहा था, मेरे  जेहन में केवल एक ही चेहरा था, वह थी अदिति राव हैदरी।" इन तीन किरदारों के अलावा, उत्तर प्रदेश की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर फिल्म में कुछ दूसरे महत्वपूर्ण चरित्र भी हैं।  इन भूमिकाओं को विनीत सिंहसौरभ शुक्ल, विपिन शर्मा, दीपराज राणा और दलीप ताहिल कर रहे हैं।  सुधीर मिश्रा कहते हैं, "यह सभी अभिनेता सशक्त अभिनय करने वाले हैं।  इसीलिए, दास देव के  जटिल चरित्र कर रहे हैं।" अनुराग कश्यप की ख़ास भूमिका वाली दास देव पहले १६ फरवरी को रिलीज़ हो रही थी।  बाद में इसकी तारीख ९ मार्च निश्चित की गई।  लेकिन, अब यह फिल्म एक हफ्ता देर से २३ मार्च को रिलीज़ हो रही है।  


सोनू ठुकराल का म्यूजिक वीडियो- देखने के लिए क्लिक करें

No comments:

Post a Comment