Wednesday 18 April 2018

अमेरिका से लौटी 'भारत' में प्रियंका चोपड़ा

क्वांटिको गर्ल के तौर पर मशहूर हो चुकी प्रियंका चोपड़ा की भारत वापसी तय हो चुकी है। 
वह अली अब्बास ज़फर लिखित और निर्देशित तथा कोरियाई फिल्म ओड टू माय फादर की हिंदी रीमेक फिल्म भारत में सलमान खान की नायिका की भूमिका करेंगी।
फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के रोल को लेकर अली कहते हैं, “प्रियंका चोपड़ा का किरदार फिल्म की आत्मा है। वह हर परिस्थिति में सलमान खान के करैक्टर का साथ देती है। यह किरदार फिल्म की कहानी का टर्निंग पॉइंट लाने वाला उत्प्रेरक है।" 
प्रियंका चोपड़ा को भारत की नायिका बनाए जाने को लेकर पहले भी खबरें सुर्ख हुई थी। लेकिन, आज इसका अधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। 
प्रियंका चोपड़ा ने अली अब्बास ज़फर के साथ फिल्म गुंडे (२०१५) की थी। 
वह सलमान खान के साथ मुझसे शादी करोगी (२००४), सलाम ए इश्क (२००७) और गॉड तुस्सी ग्रेट हो (२००८) कर चुकी है। 
ज़ाहिर है कि प्रियंका चोपड़ा इन दोनों के साथ लम्बे समय बाद फिल्म कर रही है। 
उन्होंने ट्वीट कर इसे ज़ाहिर भी किया, “मैं फिल्म की शूटिंग शुरू होने और सलमान खान और अली के साथ काफी समय बाद फिर से काम करने का इंतज़ार कर रही हूँ।” 
सलमान खान ने अपनी शैली में प्रियंका चोपड़ा का भारत में स्वागत किया। उन्होंने ट्विटर पर  लिखा, “भारत....घर वापसी पर स्वागत है। प्रियंका. ज़ल्द मिलेंगे। लेकिन बता दूं कि हमारी फिल्म हिंदी है।” 
देश में हॉलीवुड स्टार के तौर पर मशहूर हो चुकी प्रियंका चोपड़ा पर सलमान खान का यह मज़ाक दिलचस्प था। लेकिन, प्रियंका चोपड़ा ने इसका जवाब भी उतनी ही दिलदारी से दिया, “यूपी बरेली की पली बड़ी हूँ। हमेशा देसी गर्ल। भारत का हिस्सा बन कर बड़ी खुश हूँ। ज़ल्द ही मिलते हैं भारत के सेट पर।” 
सलमान खान और प्रियंका चोपड़ा के दिलचस्प ट्वीट के बाद अली अब्बास ज़फर ने प्रियंका चोपड़ा का स्वागत किया, “स्वागत है आपका प्रियंका चोपड़ा। भारत की मिटटी और हवा को आपका इंतज़ार है।” 


पृथ्वीराज की फिल्म ९ - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment