Monday 9 April 2018

सान्या मल्होत्रा के साथ राधिका मदान की चूड़ियां !

अब जा कर विशाल भरद्वाज की फिल्म की दो बहनें तय हो पाई हैं।  विशाल भरद्वाज की फिल्म चूड़ियां दो बहनों की शादी के पहले और शादी के बाद के संबंधों की कहानी है। इस फिल्म के लिए विशाल भरद्वाज ने कृति सेनन और वाणी कपूर को चूड़ियां की बहनें बनाना तय कर लिया था।  लेकिन, फिर न जाने किस कारण से इन दोनों ही फिल्म से बाहर हो गई । इसके बाद, दो बहनों की भूमिका में दंगल गर्ल फातिमा सना शैख़ और टीवी एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर को लिए जाने की खबरें सुर्ख हो गई। लेकिन, यह खबर भी अफवाह मात्र थी। फातिमा सना शैख़ निर्देशक विजय कृष्ण आचार्य की फिल्म ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्थान कर रही थी। आमिर खान और अमिताभ बच्चन की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म के शूटिंग में सना काफी व्यस्त थी. इसलिए, उनकी जगह दूसरी दंगल गर्ल यानि सान्या मल्होत्रा आ गई। उधर मृणाल ठाकुर का चुनाव भी हृथिक रोशन की बायोपिक फिल्म सुपर ३० में हो गया था। इसके बाद, सान्या मल्होत्रा की बहन की खोज जोरशोर से की जाने लगी।  यह खोज ख़त्म हुई एक दूसरी टीवी एक्ट्रेस राधिका मदान पर। राधिका मदान को टीवी सीरियल मेरी आशिकी तुम से ही की इशानी रणवीर वाघेला के रूप में सराहना मिली थी। वह एक हिंदी फिल्म मर्द को दर्द नहीं होता में भी काम कर रही है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि बड़ी और छोटी बहन कौन सी एक्ट्रेस होंगी। जहाँ तक उम्र का सवाल है, दोनों ही एक्ट्रेस २४-२४ साल की हैं। कोई भी बड़ी बहन बन सकती है। लेकिन, इस फिल्म के लिए इन दोनों को अपना वजन १२ किलो तक बढ़ाना होगा। यह फिल्म गाँव की पृष्ठभूमि पर है, इसलिए इन दोनों को कंडे पाथना और गोबर से दीवार लीपना भी सीखना होगा। इन्हें सर और कमर पर भरी गगरी रख कर मीलों चलने की प्रैक्टिस करनी होगी। भैंस का दूध दुहना आना भी एक ज़रूरी शर्त है। तभी यह दोनों बन सकेंगी बहनें और पहन सकेंगी चूड़ियां। 

एक्टर माधवन के बेटे वेदांत ने जीता तैराकी का ब्रोंज - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment