Sunday 8 April 2018

नई पीढ़ी का अगला सुपरस्टार कौन ?

एक पोर्टल ने, अपने दर्शकों के बीच एक सर्वेक्षण किया कि नई पीढ़ी के अभिनेताओं में कौन बॉलीवुड का अगला सुपरस्टार होगा। यानि कौन तीन खानों (सलमान खान, शाहरुख़ खान और आमिर खान) की जगह लेगा। सर्वेक्षण में एक्टर रणबीर कपूर को सबसे ज्यादा ४० प्रतिशत दर्शकों का समर्थन प्राप्त हुआ। अर्थात दर्शकों का मानना था कि वह अगले सुपर स्टार होंगे। तीसरे स्थान पर, रणबीर कपूर से आधे यानि २० प्रतिशत वोट पाकर रणवीर सिंह थे। जबकि, २६ प्रतिशत वोट के साथ वरुण धवन दूसरे स्थान पर रहे। इस सर्वेक्षण में टाइगर श्रॉफ को सिर्फ १४ प्रतिशत वोट मिले। यानि वह चौथे स्थान पर रहने लायक अभिनेता समझे गए थे। क्या पाठक इस सर्वेक्षण से सहमत होंगे ? क्या, रणबीर कपूर सचमुच टॉप के एक्टर है ? क्या रणवीर सिंह को वरुण धवन से भी कम वोट मिलना जायज़ है ? क्या टाइगर श्रॉफ का कद सचमुच चौथे स्थान के अभिनेता वाला है ?
फैन बेस महत्वपूर्ण 
हिंदुस्तान में हर अभिनेता का एक ख़ास दर्शक वर्ग होता है। मुस्लिम समुदाय खान अभिनेताओं का अंध समर्थक है। इसीलिए, यह तीनों खान आभिनेता आज भी टॉप ३ पर बने हुए हैं। इसी परकार से, दूसरे अभिनेताओं का भी एक प्रशंसक दर्शक वर्ग है। वह ऐसे अभिनेता की फिल्म पहले दिन पहला शो देखने पर विश्वास रखता है। यही फैन-बेस इन अभिनेताओं के स्टारडम की माप होता है। जिसके जितने प्रशंसक दर्शक, वह उतना बड़ा स्टार। सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन वाला अभिनेता सुपर स्टार कहलाता है। मेगा स्टार बन जाता है। इस लिहाज़ से ही उपरोक्त चार अभिनेताओं को मिले स्थानों की पड़ताल करनी उपयुक्त होगी। हो सकता है कि कुछ नया निकल कर आये। 
वरुण धवन की जुड़वाँ सफलताएं 
लेकिन, इस पड़ताल में पहले, ४० प्रतिशत वोट पा कर टॉप पर रहने वाले रणबीर कपूर की बात नहीं, बल्कि बाकी के तीन अभिनेताओं के स्टारडम की पड़ताल करते हैं। पोर्टल के सर्वेक्षण में वरुण धवन २६ प्रतिशत वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वरुण धवन की अब तक रिलीज़ सभी फिल्मों ने ५० करोड़ या इससे ज्यादा का कारोबार किया है। सिर्फ बदलापुर ही ४९.६२ करोड़ का कारोबार ही कर सकी थी। उनकी पिछली दो फिल्मों जुड़वाँ २ और बद्रीनाथ की दुल्हनिया ने १०० करोड़ क्लब में पहुँचने में कामयाबी हासिल की है। उनकी अप्रैल में अक्टूबर रिलीज़ होने जा रही है। इस फिल्म से उनकी बॉक्स ऑफिस पर पकड़ की परीक्षा तो होगी ही, वरुण धवन के अभिनता की भी पड़ताल हो जायेगी। इस लिहाज़ से वरुण धवन को २६ प्रतिशत वोट मिलना और उनका दूसरे स्थान पर रहना उचित लगता है। 
काम नहीं आयी रणवीर सिंह की पद्मावत सफलता 
इस सर्वेक्षण में, रणवीर सिंह को वरुण धवन से कम वोट तो मिले ही हैं, वह तीसरे स्थान पर भी रहे हैं। जबकि, रणवीर सिंह की इसी साल रिलीज़ काल्पनिक ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म पद्मावत सुपर हिट साबित हुई है। आज के युवा सितारों में सिर्फ रणवीर सिंह ही ऐसे एक्टर हैं, जिनकी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ३०० करोड़ से ऊपर का कारोबार किया है। उनको लेकर कई बड़ी और महँगी फ़िल्में बनाई जा रही है। इन फिल्मों में जोया अख्तर की फिल्म गली बॉय और रोहित शेट्टी की फिल्म सिम्बा उल्लेखनीय हैं। रणवीर सिंह की युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए ही, आईपीएल के शुभारम्भ में रणवीर सिंह को प्रमुखता दी गई है। उन्हें पांच करोड़ का पारिश्रमिक भी दिया गया है।  उन्हें वरुण धवन से नीचे स्थान मिलना सर्वेक्षण पर प्रश्नचिन्ह लगाने वाला है। 
टाइगर श्रॉफ चौथे स्थान पर !
इस सर्वेक्षण में टाइगर श्रॉफ को सिर्फ १४ प्रतिशत वोटों के साथ चौथा स्थान मिला है। टाइगर श्रॉफ ने, २०१४ में सब्बीर खान निर्देशित एक्शन फिल्म हीरोपंथी से बॉलीवुड डेब्यू किया था। यह फिल्म हिट हुई थी। दूसरी फिल्म बागी को भी बढ़िया सफलता मिली। टाइगर श्रॉफ नई पीढ़ी के स्टार संस में सबसे चमकदार एक्शन स्टार माने जाने लगे। लेकिन, उनकी रेमो डिसूज़ा निर्देशित फिल्म अ फ्लाइंग जट और सब्बीर खान निर्देशित फिल्म मुन्ना माइकल बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। इस असफलता को देखते हुए १४ प्रतिशत वोटों के साथ चौथा स्थान सही लगता है। लेकिन, यहाँ भूलना नहीं चाहिए कि टाइगर श्रॉफ आज के सबसे विश्वसनीय एक्शन स्टार हैं। उन्हें बड़े फिल्मकारों का समर्थन मिल रहा है। वह करण जोहर और आदित्य चोपड़ा की फिल्मों के नायक बनाए जा रहे हैं। वह जितना एक्शन में ज़बरदस्त हैं, उतना ही नृत्य के लिहाज़ से भी ए-ग्रेड लगते हैं। इस शुक्रवार (३१ मार्च को) रिलीज़ उनकी फिल्म बागी २ ने बॉक्स ऑफिस पर चौंकाने वाले आंकड़े पेश किये हैं। बागी २ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर २५.४ करोड़ का कारोबार किया है। पहले दिन के आंकड़ों के लिहाज़ से बागी २ ने रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की फिल्म पद्मावत को भी पछाड़ दिया है। इस फिल्म का वीकेंड ५० करोड़ के पार निकल जायेगा। ऎसी प्रशंसक दर्शक क्षमता और बॉक्स ऑफिस पर पकड़ के लिहाज़ से टाइगर श्रॉफ को चौथे स्थान पर रखना जमता नहीं है। अगर वह सिर्फ एक्शन के  फेर में नहीं पड़े तो टॉप पर जा सकते हैं। 
रणबीर कपूर टॉप स्टार क्यों ?
अब बात करते हैं रणबीर कपूर की, जिन्हें ४० प्रतिशत वोटों के साथ पहला स्थान मिला है। रणबीर कपूर की पिछली कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कारोबार नहीं कर सकी थी। ऐ दिल है मुश्किल की सफलता के बाद, जग्गा जासूस में रणबीर कपूर की असफलता विचारणीय थी। इसके बावजूद, रणबीर कपूर नई पीढ़ी के सबसे ज्यादा प्रतिभाशाली और बॉक्स ऑफिस पर विश्वसनीय अभिनेता है। उनकी फिल्मों के लिए जुटने वाली पहले दिन की भीड़ इसे प्रमाणित करती है। रणबीर कपूर की जो भी फ़िल्में फ्लॉप हुई हैं, उनमे उनके काम में कोई खामी नहीं थी। इन तमाम फिल्मों की स्क्रिप्ट काफी खराब थी। इसके बावजूद, रणबीर कपूर ने इन खराब पटकथा वाली फिल्मों को बढ़िया शुरुआत दिलवाई थी। रणबीर कपूर की विश्वसनीयता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह संजय दत्त पर बायोपिक फिल्म संजू में संजय दत्त का किरदार करने के उपयुक्त समझे गए हैं। करण जोहर ने उन्हें अपनी सबसे महंगी फंतासी फिल्म ट्राइलॉजी ब्रह्मास्त्र का नायक बनाया है। इस लिहाज़ से वह टॉप की स्थिति के लिए उचित चयन कहे जा सकते है। 
रहेंगी इन पर भी निगाहें 
युवा पीढ़ी के कुछ दूसरे सितारे हैं, जिन पर निगाहें रखनी होंगी। सुशांत सिंह राजपूत सबसे ज्यादा विश्वसनीय लगते हैं। वह अब तक काई पो चे, शुद्ध देसी रोमांस, पीके और एम एस धोनी : अ अनटोल्ड स्टोरी जैसी सफल फ़िल्में दे चुके है। वह  राबता जैसी महँगी फिल्म के नायक थे। उन्हें लेकर एक्शन ड्राइव बनाई जा रही है तो रोमांटिक केदारनाथ भी बन रही है। वह डाकू फिल्म सोन चिड़िया के नायक है और द फाल्ट इन आवर स्टार्स के रीमेक के भी। इसके अलावा, अर्जुन कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी हैं। लेकिन, यह अभिनेता अभिनय के मामले में कच्चे हैं और सफल असफल फिल्मों किए झूले में झूलते रहते हैं। इन युवा अभिनेताओं के बीच राजकुमार राव को तो बस मौके की तलाश है। 


बॉलीवुड न्यूज़ ८ अप्रैल - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment