Showing posts with label दीपिका पादुकोण. Show all posts
Showing posts with label दीपिका पादुकोण. Show all posts

Friday 9 October 2020

NCB की जांच के बाद दीपिका पादुकोण के दो इंडोर्समेंट



बॉलीवुड पर बदनाम हुए तो  क्या हुआ, नाम तो हुआ की कहावत खूब फिट  बैठती है। अभिनेत्री दीपिका पादुकोण साक्षात  उदाहरण हैं, जो पिछले कुछ समय से, अपनी फिल्मों की सफलता से ज़्यादा फिल्मों की असफलता और एक के बाद एक बदनामियों से मशहूर हो रही हैं।



इस साल की शुरू में, दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक प्रदर्शित हुई थी।  एसिड विक्टिम लक्ष्मी अग्रवाल पर फिल्म की रिलीज़ के दौरान दीपिका पादुकोण  जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के आंदोलन क्षेत्रों के बीच जा पहुंची।  जेएनयू का छात्र आंदोलन CAA  के खिलाफ था।  दीपिका के द्वारा इस  आंदोलन को  मूक समर्थन देने की खराब प्रतिक्रिया दर्शकों से आई। उन्होंने छपाक का बहिष्कार किया। फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप हुई।  बाद में पता चला कि दीपिका पादुकोण को इस मूक स्टंट के लिए कथित रूप से ISI  से पांच करोड़ मिले थे। दीपिका पादुकोण को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा।  वह प्रभास की अनाम फिल्म और शकुन बत्रा की फिल्म सहित दो एक दूसरे प्रोजेक्ट साइन करने में कामयाब हो गई।



पिछले दिनों, दीपिका पादुकोण को बॉलीवुड में ड्रग्स की जांच को लेकर ncb  का सम्मान आया था।  वह इस पूछताछ में शामिल हुई।  हालाँकि वह एक शब्द नहीं बोली, लेकिन, उनकी खूब बदनामी होती रही।  एन सी बी की जांच में शामिल होने के लिए दीपिका पादुकोण को गोवा में शकुन बत्रा की फिल्म की शूटिंग छोड़ कर आना पड़ा।  दीपिका पूछताछ के  बाद फिर गोवा चली गई।



इस बदनामी का भी दीपिका पादुकोण पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।  यह कहना ज़्यादा उचित होगा कि इससे उन्हें   नाम ही मिला।   इसी का नतीजा था कि दीपिका पाडुकोण के एक के बाद एक दो ब्रांड इंडोर्समेंट रिलीज़ हुए।  पहला जिओ पोस्ट पेड का विज्ञापन था और दूसरा फ्लिपकार्ट का।  बदनामी के बावजूद दीपिका पादुकोण के १६ करोड़ नकद खरे हो गए।   

Friday 2 February 2018

पद्मावत की इमेज से उबरने को बेकरार दीपिका पादुकोण !

मैं थी पद्मावती 
देखा इस फोटो को ! यह संजय लीला  भंसाली की फिल्म पद्मावत की रानी पद्मावती हैं।  पद्मावत के भयंकर  विवाद में दीपिका पादुकोण की पद्मावती के रूप में कमज़ोर एक्टिंग भी चल गई।  अलबत्ता, फिल्म की रिलीज़  से पहले  तक उन्हें अपना मुंह बंद रखना पड़ा, जिसे खोल कर वह कर्णी सेना को ललकार कर फिल्म को नुकसान पहुंचा चुकी थी।  इस दौरान उन्हें पद्मावती की इमेज की खातिर छोटे कपड़ों से भी परहेज करना पड़ा।  अन्यथा, 'यह मेरे क्लीवेज हैं' का ऐलान करते उनके फोटो सोशल साइट्स पर दनादन हिट पाते हैं।  इन दोनों की कसर, दीपिका पादुकोण, अब  निकाल रही हैं।  वह दे दनादन इंटरव्यू दे रही है।  अपनी फालूदा एक्टिंग को कुल्फी बना कर पेश कर रही हैं।  तमाम मंत्रमुग्ध पत्रकार सर हिलाते हुए हाँ मैडम हाँ मैडम की गुहार  लगा रहे हैं।   सोशल साइट्स पर, अब दीपिका पादुकोण नितांत बिंदास नज़र आ रही हैं।  उनकी कोशिश रहती है कि शरीर पर कम से कम कपडे नज़र आएं, ताकि उनके प्रशंसकों की निगाहें उन पर टिकी रह सकें। 


Thursday 26 October 2017

पद्मावती के घूमर नृत्य में दीपका ने ६६ चक्कर लगाए हैं !

संजय लीला भंसाली  की फिल्म पद्मावती के  राजस्थानी लोक नृत्य पर आधारित घूमर डांस का वीडियो जारी होते ही, काफी चीज़े  चर्चा में है।  भंसाली की पिछली दो फ़िल्में कॉस्ट्यूम ड्रामा थी।  इनमे भव्य सेट्स, पोशाकें, जेवर और नृत्य गीत ख़ास थे।  संजय अपनी फिल्मों को स्वप्न सरीखा बनाते हैं।  बड़े परदे पर देखने वाला दर्शक मुग्ध हो जाता है।  वह खास तौर पर, अपनी नायिका के सौंदर्य,  परिधान और जेवरात पर ख़ास ध्यान देते हैं।  इसका भी कि वह उसी देश और काल के हों।  इसे घूमर  नृत्य पर केंद्रित कर समझते हैं।  घूमर राजस्थानी लोक शैली का नृत्य है।  यह प्रचीन नृत्य है और ख़ास और आम इसे करने से नहीं झिझकता। 
दीपिका पादुकोण फिल्म पद्मावती में रानी पद्मावती का किरदार कर रही हैं।  इस चरित्र को पारम्परिक सौंदर्य में दिखाई पड़ना ही है, पारम्परिक पशाकें और जेवर भी पहनने हैं।  इसीलिए, दीपिका पादुकोण की हमेशा रेजर से बनी नज़र आने वाली भौंहें मिली हुई हैं।  उन्होंने महंगे जेवर हार, कुण्डल, बिन्दा, आदि पहन रखें हैं।  उनकी पोशाक जड़ाऊ और भारी है।  दीपिका पादुकोण ने घूमर डांस इस डांस की विशेषज्ञ और घूमर स्कूल चलाने वाली ज्योति डी तोमर से सीखा है।  दीपिका को यह नृत्य सीखने के लिए ११-१२ दिनों तक कड़ी मेहनत और अभ्यास करना पड़ा है।  सूत्र बताते हैं कि इस गीत नृत्य में दीपिका पादुकोण ने ३० किलोग्राम के लहंगे के साथ  नृत्य के ६६ गोल चक्कर  लगाए हैं।  भारी जेवरात और पोशाकों के साथ इतने चक्कर लगाना आसान नहीं था।  लेकिन, दीपिका पादुकोण ने इसे पूरी तन्मयता से किया।  परिणाम दर्शकों के सामने हैं।  

Saturday 4 February 2017

दीपिका पादुकोण को लगा ज़ोर का झटका जोरों से

दीपिका पादुकोण पर बुरी बीती।  उन्हें ज़ोर के दो झटके पुरजोर तरीके से लगे हैं।  एक झटका विदेश में एक भारतीय से और दूसरा झटका देश में एक विदेशी से।  इंटरनेशनल स्टार बनने के लिए बेताब दीपिका पादुकोण के लिए यह सचमुच बेहद ज़बरदस्त आघात है।  दीपिका पादुकोण ने २०१३ में विन डीजल की फिल्म फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७ को संजय लीला भंसाली की फिल्म गोलियों की रास लीला : राम-लीला के लिए इनकार कर दिया था।  बाद में राम-लीला सुपर हिट साबित हुई।  इसलिए दीपिका का यह फैसला सराहनीय साबित हुआ।  लेकिन कहीं न कहीं दीपिका पादुकोण को फास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्म खोने का सदमा था। उधर बॉलीवुड में उनकी प्रतिद्वंद्वी प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड में कुलाचें भर रही थी।  इसीलिए जब विन डीजल ने अपनी ट्रिपल एक्स सीरीज की तीसरी फिल्म रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज का ऑफर दिया, दीपिका ने फिल्म को तुरंत हाँ बोल दी।  दीपिका को उम्मीद थी कि रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज बॉलीवुड में उनका क्रेज बना देगी।  इसीलिए, दीपिका पादुकोण ने विन डीजल के साथ फिल्म का जम कर प्रचार किया। परंतु, भारतीय मूल के निर्देशक एम नाईट श्यामलन की हॉरर थ्रिलर फिल्म स्प्लिट ने जेंडर केज की वापसी को जोर का झटका दिया।  बजट के लिहाज़ से जेम्स मेकॉय और अन्या टेलर जॉय की फिल्म स्प्लिट का ९ मिलियन डॉलर का बजट विन डीजल, दीपिका पादुकोण, डॉनी येन, सैमुएल एल जैक्सन और टोनी जा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज के ८५ मिलियन डॉलर के मुक़ाबले बेहद मामूली था।  जहाँ दीपिका पादुकोण की फिल्म ३६५१ थिएटरो में रिलीज़ हुई थी, वहीँ श्यामलन की फिल्म ३०३८ थिएटरो में रिलीज़ हुई थी।  इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखाया स्प्लिट ने।  इस फिल्म ने ४० मिलियन डॉलर का ओपनिंग वीकेंड निकाल कर, सिर्फ २० मिलियन डॉलर की ओपनिंग वीकेंड लेने वाली दीपिका की फिल्म को काफी पीछे धकेल किया।  इसके साथ ही हॉलीवुड में सिक्का जमाने के दीपिका के सपनों को दूसरा जोर का झटका लगा।  यहाँ दिलचस्प तथ्य यह है कि स्प्लिट के हीरो जेम्स मेकॉय और रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज के हीरो विन डीजल दोनों ही गंजे हैं।  जी हाँ, दीपिका पादुकोण को पहला जोर का झटका देश में लगा था।  लेकिन वह इसे पचा ले गई थी।  इस बात का जोरदार प्रचार नहीं हुआ।  पिछले साल मशहूर ईरानी फिल्म निर्देशक माजिद माजिदी अपनी पहली इंग्लिश फिल्म फ्लोटिंग गार्डन्स की शूटिंग मुम्बई में कर रहे थे।  इसके एक मुख्य चरित्र के लिए माजिद ने दीपिका पादुकोण का स्क्रीन टेस्ट लिया।  इस स्क्रीन टेस्ट की सारा दिन शूटिंग मुम्बई के धोबी घाट में हुई।  बिना मेकअप के सलवार-कुरता पहने दीपिका पादुकोण पहचान में नहीं आ रही थी।  दीपिका  पादुकोण को पूरी उम्मीद  थी कि  उन्हें माजिद माजिदी की फिल्म में मौक़ा मिलेगा।  लेकिन,  जिस दौरान दीपिका पादुकोण अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म में प्रचार में जुटी हुई थी, माजिद माजिदी ने उन्हें रिजेक्ट कर पहला जोरदार झटका दिया।  अब यह बात दीगर है कि दीपिका पादुकोण कहती फिर रही हैं कि माजिदी को ज़्यादा परिपक्व चेहरे की तलाश थी।

Saturday 14 January 2017

जेंडर केज की वापसी के बहाने दीपिका पादुकोण

हॉलीवुड अभिनेता विन डीजल एक बार फिर जेंडर केज के खोल में नज़र आने जा रहे हैं।  वह डी जे कारुसो निर्देशित एक्शन फिल्म एक्सएक्सएक्स : रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज में एक बार फिर एजेंट एक्सएक्सएक्स जेंडर केज के किरदार में नजर आएंगे। विन डीजल ने २००२ में पहली बार  फिल्म एक्सएक्सएक्स में जेंडर केज के किरदार को परदे पर सजीव किया था।  जेंडर केज तेज़ गति से भारी गाड़िया चलाने में माहिर खिलाडी, स्टन्टमैन और विद्रोही प्रकृति का अथलीट था, जिसे अनजाने में एक अपराध में भागीदारी करने के कारण बेमन से नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी के लिए एजेंट का काम करना पड़ा था।  उसे सेंट्रल यूरोप में रूसी आतंकियों के खात्मे के मिशन पर भेजा जाता है।  इस फिल्म के डायरेक्टर रॉब कोहेन थे, जो एक साल पहले द फ़ास्ट एंड द फ्यूरियस (२००१) में विन डीजल को डायरेक्ट कर चुके थे।  ७० मिलियन डॉलर से बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर २७७.४ मिलियन डॉलर का ग्रॉस किया था।  २००५ में इस फिल्म का सीक्वल ट्रिपल एक्स : स्टेट ऑफ़ द यूनियन बनाया गया।  लेकिन इस फिल्म में न तो विन डीजल थे और न ही फिल्म का डायरेक्शन रॉब कोहेन कर रहे थे।  उस समय विन डीजल द पसिफियर में व्यस्त थे और कोहेन स्टील्थ का निर्देशन कर रहे थे। इसलिए ली तमहोरी के निर्देशन में आइस क्यूब को ट्रिपल एक्स बना दिया गया।  लेकिन वह फिल्म के जेंडर केज नहीं थे, बल्कि वह एजेंट डारियस स्टोन बने थे।  यह फिल्म असफल साबित हुई।  ८७ मिलियन डॉलर में बनी यह फिल्म वर्ल्डवाइड  केवल ७१ मिलियन डॉलर का ग्रॉस ही कर सकी।
जेंडर केज की वापसी
अब ट्रिपल एक्स सीरीज की तीसरी फिल्म रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज में विन डीजल की ओरिजिनल एजेंट जेंडर केज के बतौर वापसी हो रही है।  यह फिल्म हॉलीवुड के घरेलु बाजार सहित पूरी दुनिया में २० जनवरी को रिलीज़ हो रही है।  परंतु  भारत में यह ६ दिन पहले यानि १४  जनवरी को रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म को थ्रीडी और आईमैक्स के अलावा २डी प्रभाव के साथ अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी डब कर रिलीज़ किया जा रहा है।  इसमे कोई शक़ नहीं कि हॉलीवुड अभिनेता विन डीजल  अपनी एक्शन फिल्मों, ख़ास तौर पर फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्मों के कारण भारत में भी पहचाना जाता है।  उनकी फिल्मों के प्रति भारतीय दर्शकों में क्रेज रहता है।  पहली फिल्म एक्सएक्सएक्स को भी हिंदुस्तानी दर्शकों ने पसंद किया था।  परंतु, रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज भारतीय दर्शकों के लिए ख़ास विन डीजल के कारण नहीं।  इस फिल्म में विन डीजल के साथ डॉनी येन, टोनी जा, सैमुएल एल जैक्सन, नीना डोब्रेव, रूबी रोज, टोनी कॉलेट, निकी जैम, क्रिस वू, रोरी मैकैन, आदि सितारों की भरमार है।
दीपिका पादुकोण है ख़ास 

लेकिन भारतीय दर्शकों के लिए ख़ास होंगी दीपिका पादुकोण, जो फिल्म में सेरेना उंगेर का किरदार कर रही हैं।  फिल्म की कहानी जेंडर केज के इर्दगिर्द ही बनी गई है, जो लंबे स्वनिर्वासन के बाद वापसी कर रहा है।  उसे खलनायक जियांग के खतरनाक हथियार पैंडोरा बॉक्स को छीनना है।  उसके इस मिशन में उसके कई साथी हैं।  लेकिन, जेंडर केज उस समय खतरे में फंस जाता है, जब वह दुनिया की भ्रष्ट सरकारों के चंगुल में आ जाता है।  कहानी से साफ़ है कि रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज में जेंडर केज यानि विन डीजल का किरदार ही ख़ास होगा।  लेकिन फिल्म में चीन सहित एशियाई बाजार को हथियाने के लिए देसी एक्टर्स का भी इस्तेमाल किया गया है।  चीन और थाईलैंड के दर्शकों के लिए अन्य सितारों के अलावा जेट ली और टोनी जा हैं।  हिंदुस्तानी बाज़ार को आकर्षित करने के लिए ही दीपिका पादुकोण को लिया गया है।  दीपिका पादुकोण बॉलीवुड की बड़ी अभिनेत्रियों में से एक हैं।  ख्याल रहे कि २०१३ में दीपिका पादुकोण ने विन डीजल की फिल्म फ्यूरियस ७ को संजय लीला भंसाली की फिल्म रामलीला के लिए ठुकरा दिया था।  सूत्रों के अनुसार फिल्म में दीपिका पादुकोण को विन डीजल के किरदार की मदद करने वाली हैकर का किरदार करना था।
इंटरनेशनल इमेज के लिए दीपिका
दीपिका पादुकोण ने बेशक संजयलीला भंसाली की फिल्म के लिए विन डीजल की फिल्म ठुकरा दी थी।  यह दीपिका का सही निर्णय था।  गोलियों की रास लीला : रामलीला सुपर हिट साबित हुई थी।  दीपिका बॉलीवुड की बड़ी एक्ट्रेस में शुमार हो गई थी।  लेकिन आज मंज़र काफी बदला हुआ है।  भंसाली की फिल्म पद्मावती ही उनकी ख़ास फिल्म है।  ऐसे में उन्हें हॉलीवुड की एक अदद फिल्म की ख़ास ज़रूरत है।  हॉलीवुड की फिल्म के ज़रिये वह बॉलीवुड को अपनी इंटरनेशनल इमेज दे सकती हैं, अपनी अहमियत जता सकती हैं।  हॉलीवुड
फिल्मों को एशियाई चेहरों की ज़रुरत होती है।  क्योंकि, उनके किरदार ही कुछ ऐसे होते हैं।  लेकिन यह तमाम किरदार सपोर्टिंग होते हैं।  फिल्म इन पर केंद्रित नहीं होती।  परंतु, इन एक्टर्स के देशों के दर्शक अपने एक्टरों को देखना चाहते हैं।  अब यह बात दीगर होती है कि ज़्यादातर उन्हें निराश होना पड़ता है।  ख़ास तौर पर भारतीय दर्शकों को।  इसके बावजूद भारतीय दर्शकों को पहली एक्सएक्सएक्स फिल्म से कहीं ज़्यादा रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज का इंतज़ार है।  दीपिका पादुकोण को इस साल पद्मावती की रिलीज़ होने से पहले तक इसी फिल्म से याद किया जाता रहेगा।
दीपिका को प्रियंका है चुनौती 

इसके अलावा, दीपिका पादुकोण के लिए प्रियंका चोपड़ा भी चुनौती है।  प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड एक बड़ा नाम तो नहीं चर्चित एशियाई नाम ज़रूर बन गई हैं।  स्पाई थ्रिलर सीरीज क़्वान्टिको की अलेक्स पारिश के किरदार में उन्होंने अपनी सेक्स अपील का डंका बजा दिया है।  वह टेबलायड और चैनल्स पर चर्चित हो रही हैं अब क़्वान्टिको २ का निर्माण भी किया जा रहा है।  वह समुद्र के किनारे गश्त करने वाले दल की एक्शन कॉमेडी
सीरीज बेवॉच के फिल्म संस्करण में विक्टोरिया लीडस् के खल किरदार को कर रही हैं।  प्रियंका चोपड़ा यूनिसेफ की गुडविल एम्बेसडर भी हैं।  ज़ाहिर तौर पर प्रियंका चोपड़ा दुनिया में एक बड़ा नाम बनती जा रही हैं।  किसी भी बॉलीवुड एक्ट्रेस के लिए प्रियंका चोपड़ा की यह सफलता जलन का कारण बन सकती हैं।  इसीलिए दीपिका पादुकोण हॉलीवुड में भी खुद को
साबित करना चाहती हैं।  वह सुपर मॉडल हैं।  उनकी देह संतुलित है।  हॉलीवुड फिल्मों को ऎसी देह् रास आती हैं।  यह देखने वाला होगा कि वह सेरेना उंगेर के किरदार से दुनिया के दर्शकों के बीच कितना चर्चित हो पाती हैं।  ख़ास बात यह है कि सेरेना का यह किरदार ट्रिपल एक्स मूवीज के दर्शकों के लिए पहली बार है।
फिलहाल दीपिका पर भारी प्रियंका 
फिलहाल तो दीपिका पादुकोण पर प्रियंका चोपड़ा भारी पड़ती नज़र आ रही है।  वह पूरे हॉलीवुड में नामचीन हैं। जबकि दीपिका पादुकोण को सेरेना से खुद को साबित करना है।  प्रियंका का अलेक्स का किरदार सेक्सी था।  इस किरदार में एक्शन भी था।  प्रियंका रोल भी अपेक्षाकृत बड़ा था।  ख़ास बात यह भी है कि अमेरिकी दर्शकों में टीवी सीरीज भी सामान रूप से लोकप्रिय होती हैं।  हॉलीवुड के बड़े एक्टर इसमे काम करते हैं।  प्रियंका चोपड़ा के उभरे होंठ और ताम्बई रंग की देह
हॉलीवुड के दर्शकों को आकर्षित करती है।  दीपिका पादुकोण में प्रियंका चोपड़ा वाली यह खासियत नहीं।  वह रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज में अंग प्रदर्शन और एक्शन करती नज़र आती हैं।  लेकिन इतना ही काफी नहीं होगा।  हॉलीवुड फिल्मों की नायिका कपडे उतारने को हमेशा तैयार रहती हैं।  धुंआधार एक्शन कर सकने वाली ढेरों एक्टर हॉलीवुड में मौजूद हैं।  दीपिका पादुकोण क्या ख़ास देने जा रही हैं ? हॉलीवुड दर्शक यह जानना चाहेगा।  इस लिहाज़ से प्रियंका चोपड़ा बाज़ी मार ले जाती हैं।  वह बेवॉच में भी एक सेक्सी और खल किरदार कर रही हैं।  ऐसे किरदार दर्शकों को आसानी से आकर्षित कर पाते हैं।  हिंदी दर्शक भी कुछ अलग नहीं।

अल्पना कांडपाल

Wednesday 23 December 2015

दीपिका पादुकोण नहीं होंगी २०१६ में लेकिन_____!

२०१५ में दीपिका पादुकोण तीन फिल्मों 'पीकू', 'तमाशा' और 'बाजीराव मस्तानी' में नज़र आई थी।  तमाशा औसत गई। बाकि दोनों  फिल्मों को सफलता मिली।  कैसा इत्तेफ़ाक़ है कि पहली हिंदी फिल्म 'ओम शांति ओम' के बाद से लगातार हर साल कम से कम एक हिट फिल्म देती आ रही  दीपिका पादुकोण की २०१६  में एक भी फिल्म रिलीज़ नहीं होगी।  लेकिन, 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' की कंगना रनौत होगी और लंच बॉक्स की निमृत कौर भी।  कुछ नई और वरिष्ठ अभिनेत्रियां भी अपने अभिनय के जौहर दिखा रही होंगी। 
निर्देशक जयंत गिल्टार की फिल्म चॉक एन डस्टर आज की शिक्षा व्यवस्था में छात्र-अध्यापक संबंधों को लेकर है।  यह कहानी है दो शिक्षिकाओं विद्या और ज्योति की, जो मुंबई के एक हाई स्कूल में पढ़ाती है। शिक्षा के प्रति उनका समर्पण उन्हें छात्रों में ख़ास बना देता है।  लेकिन उनके जीवन में मोड़  आता है स्कूल में एक दुष्ट टीचर कामिनी गुप्ता के बाद।  फिल्म में यह भूमिकाएं शबाना आज़मी, जूही चावला और दिव्या दत्ता ने की हैं। इनके आलावा ऋचा चड्ढा और ज़रीना वहाब की भी सशक्त भूमिकाये हैं। यह महिला प्रधान फिल्म जनवरी में रिलीज़ होगी।  इसके साथ ही दर्शकों को कम बजट की नायिका प्रधान या महिलाओ की समस्या पर फिल्मों का सिलसिला शुरू हो जायेगा। 
इस साल रिलीज़ होने वाली रियल लाइफ फ़िल्में बॉलीवुड अभिनेत्रियों को अभिनय के मौके देंगी।  मसलन, राम माधवानी की फिल्म 'नीरजा' में  सोनम कपूर को १९८६ के भारत के विमान अपहरण के दौरान यात्रियों को बचाने के प्रयास में आतंकवादियों की गोलियों से मारी गई एयर होस्टेस नीरजा भनोट की भूमिका में अभिनय के कई रंग दिखाने के मौके मिलेंगे।  ओमंग कुमार की फिल्म 'सरबजीत' पाकिस्तान की जेल में मारे गए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर के अपने भाई को छुड़ाने के लिए किये गए संघर्ष की कहानी है।  दलबीर कौर की  भूमिका में ऐश्वर्या राय बच्चन को 'जज़्बा' के बाद एक बार फिर सशक्त भूमिका मिली है।  चार्ल्स डिकेन्स के उपन्यास ग्रेट एक्सपेक्टेशन पर अभिषेक कपूर की फिल्म 'फितूर' एक उम्रदराज़ अमीर और चिड़चिड़ी औरत बेगम के किरदार के चारों और घूमने वाली रोमांटिक कहानी है।  बेगम की भूमिका तब्बू कर रही हैं। प्रकाश झा के निर्देशन में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा फिल्म 'जय गंगाजल' में एक महिला पुलिस अधिकारी आभा माथुर के किरदार में एक्शन भी करेंगी और बढ़िया अभिनय भी।  यह पूरी फिल्म उनके किरदार पर ही केंद्रित है।  
बॉलीवुड की कुछ अभिनेत्रियां अपनी सेक्स अपील से दर्शकों को इरोटिक या एडल्ट कॉमेडी फिल्मों के ज़रिये आकर्षित करने की कोशिश करेंगी।  इन फिल्मों में पुरुष किरदार होंगे, लेकिन सभी इन अभिनेत्रियों की इरोटिका से प्रभावित होंगे।  एकता कपूर की क्या कूल हैं हम सीरीज की तीसरी फिल्म क्या कूल हैं हम ३ की मंदना करीमी का किरदार तुषार और आफताब शिवदासानी के साथ कमोबेश पोर्न किरदार कर रही होंगी। मस्तीज़ादे की सनी लियॉन परंपरागत रूप से तुषार और वीर दास के साथ एडल्ट कॉमेडी कर  रही होंगी। इंद्र कुमार की एडल्ट कॉमेडी फिल्म 'मस्ती' और 'ग्रैंड मस्ती' के आगे की कड़ी है ग्रेट ग्रैंड मस्ती।  इस फिल्म की कहानी पिछली फिल्मों से आगे की कहानी नहीं, बल्कि बिलकुल नई कहानी है।   लेकिन,इन्द्र कुमार की स्टाइल में फिट अभिनेताओं विवेक ओबेरॉय, आफताब शिवदासानी और रितेश देशमुख के साथ ग्रेट ग्रैंड मस्ती करती नज़र आएंगी उर्वशी रौतेला और इन अभिनेताओं की पत्नियों के किरदार में मिष्टी, सोनल चौहान और पूजा चोपड़ा हैं।  श्रद्धा दास और पूजा बनर्जी भी अपना ग्लैमर बिखेर रही होंगी। केन घोष की इरोटिक ड्रामा फिल्म एक्सएक्सएक्स में कीरा दत्ता के कई न्यूड और उत्तेजक सेक्स सीन होंगे।  इस फिल्म के लिए निर्माता एकता कपूर ने अपनी अभिनेत्री कीरा दत्ता से न्यूड क्लॉज़ साइन करवाया है।  इस फिल्म में पांच कहानियाँ हैं, जो भिन्न सेक्सुअल लाइफ का चित्रण करती हैं।  हिंदी फिल्मों का इतिहास गवाह है कि यहाँ सेक्स बिकता है।  चाहे यह इरोटिका या सेक्स अपील मंदना करीमी की हो या उर्वशी रौतेला की या फिर कीरा दत्ता की।  
कम बजट की फिल्मों में भी महिला चरित्र मज़बूत दिखाई देंगे।  शेफाली भूषण की फिल्म 'जुगनी' एक फिल्म संगीतकार की कहानी है, जो अपने संगीत के लिए उपयुक्त आवाज़ ढूढने में रिश्तों की गहरी  उलझन में फंस जाती है।  सुगंधा गर्ग ने इस भूमिका को किया है।  राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म 'मिर्ज़या' शायर मिर्ज़ा ग़ालिब और साहिबां के इश्क़ की दास्ताँ है।  इस फिल्म में साहिबां का किरदार नवोदित अभिनेत्री सैयमी खेर कर रहे हैं।
कुछ ऎसी फ़िल्में भी होंगी, जो होंगी तो नायक की ताक़त पर केंद्रित होंगी। लेकिन, इन फिल्मों में भी नायिका अपने नायक को पूरा सहयोग करती नज़र आयेगी।  अक्षय कुमार फिल्म 'एयरलिफ्ट' में एक लाख से  ज़्यादा भारतीयों को कुवैत से बाहर निकालने में भारत सरकार की मदद करने  वाले कुवैती बिजनेसमैन बने हैं।  फिल्म में अक्षय की पत्नी बनी अभिनेत्री निमृत ' लंच बॉक्स' कौर उनसे कंधे से कंधा मिलती दिखाई देंगी ।  आर माधवन फिल्म 'साला खडूस' में एक हताश बॉक्सिंग ट्रेनर की भूमिका कर रहे हैं, जो खुद को साबित करने के लिए एक अलमस्त लड़की को बॉक्सिंग सिखाता है। इस भूमिका को नवोदित रीतिका सिंह कर रही हैं। टोनी डिसूज़ा की क्रिकेट कैप्टेन मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कथा पर फिल्म 'अज़हर' में भारतीय कप्तान का किरदार इमरान हाशमी कर रहे हैं।  लेकिनफिल्म में अज़हर की पहली पत्नी नौरीन के किरदार में प्राची देसाई और दूसरी पत्नी संगीता बिजलानी के किरदार में नर्गिस फाखरी के बेहतरीन इमोशनल सीन हैं।  पंजाब की पृष्ठभूमि पर अभिषेक चौबे की फिल्म 'उड़ता पंजाब' के केंद्र में नशा है।  इस फिल्म में करीना कपूर और अलिया भट्ट के किरदार इन दोनों अभिनेत्रियों की अभिनय  की रेंज की परीक्षा लेंगे।  कंगना रनौत इस साल भी विशाल भारद्वाज की फिल्म 'रंगून' में अपने अभिनय के जलवे बिखेरती नज़र आएंगी।  इस देसी कासाब्लांका फिल्म में शाहिद कपूर और सैफ अली खान के साथ कंगना रनौत का किरदार हंटरवाली टाइप का बताया जा रहा है। करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' में रणबीर कपूर के साथ दो पाकिस्तानी अभिनेता इमरान अब्बास और फवाद खान को लिया गया है।  लेकिन, इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में ऐश्वर्या राय  बच्चन और अनुष्का शर्मा के किरदार काफी अहम है। यों कहा जाये कि कहानी इन्हीं दोनों किरदारों से शुरू और ख़त्म होती है। 

ज़ाहिर है कि २०१६ की हिंदी फिल्मों में कुछ सशक्त महिला किरदार देखने को मिलेंगे।  इन किरदारों को करने वाली अभिनेत्रियों के लिए प्रतिभा प्रदर्शन के भरपूर अवसर हैं।  इनसे अलग एक पूर्व फिल्म अभिनेत्री दिव्या खोसला कुमार निर्देशक की कुर्सी पर दूसरी बार बैठी नज़र आएंगी।  दिव्या खोसला इस साल बतौर निर्देशक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन फिल्म 'सनम रेसे करेंगी।  दिव्या की बतौर निर्देशक पहली फिल्म 'यारियां हिट हुई थी।  

Sunday 6 December 2015

विन डीजल के साथ दीपिका पादुकोण की ट्रिपल एक्स मूवी

बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के हॉलीवुड अभिनेता विन डीजल के साथ ट्रिपल एक्स फिल्म करने की खबर हैं।  खुद दीपिका पादुकोण ने अपने फेस बुक पेज पर अपनी विन डीजल का आलिंगन करती फोटो पेस्ट करते हुए यह सूचना दी।  यहाँ बताते चलें कि ट्रिपल एक्स (एक्सएक्सएक्स) २००२ में रिलीज़ अभिनेता विन डीजल की फिल्म की तीसरी कड़ी है।  'एक्सएक्सएक्स' में अभिनेता विन डीजल ने तेज़ रफ्तार स्पोर्ट्स कार चलाने वाले और खतरनाक स्टंट के खिलाड़ी जेंडर केज का किरदार किया था।  यह धुंआधार एक्शन और हैरतअंगेज स्टंट से भरपूर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त हिट हुई थी।  दीपिका पादुकोण ने विन डीजल के साथ इस फिल्म को शायद इसी लिए मंज़ूरी दी कि उन्होंने विन डीजल के साथ 'फ्यूरियस ७' के प्रस्ताव को नामंज़ूर कर दिया था।  दुनिया जानती है कि 'फ्यूरियस ७' हॉलीवुड की बड़ी हिट फिल्मों में शुमार की गई। दीपिका इस फिल्म को स्वीकार अपनी फ्यूरियस ७ वाली गलती सुधारती लगती है। लेकिन, यहाँ दीपिका पादुकोण को यह नहीं भूलना चाहिए कि फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्मों की तरह 'एक्सएक्सएक्स सीरीज उतनी सफल नहीं हुई है।  एक्सएक्सएक्स सीरीज की दूसरी फिल्म 'एक्सएक्सएक्स: स्टेट ऑफ़ यूनियन' को बॉक्स ऑफिस पर खराब रिस्पांस मिला था।  स्टेट ऑफ़ यूनियन में न तो विन डीजल थे, न ही डायरेक्टर रॉब कोहेन।  'स्टेट ऑफ़ यूनियन' के नायक आइस क्यूब थे और फिल्म का निर्देशन ली तमहोरी कर रहे थे।  अब इस तीसरी एक्सएक्सएक्स में विन डीजल वापसी कर रहे हैं। इसी साल अगस्त में विन डीजल ने अपने प्रशंसकों को इंस्टाग्राम पेज पर इसकी सूचना दी थी। दीपिका पादुकोण के साथ विन डीजल की फिल्म का नाम 'एक्सएक्सएक्स: जेंडर केज रिटर्न्स' है । सूत्र बताते हैं कि तीन चार दिन पहले दीपिका पादुकोण इस फिल्म के सिलसिले में विन डीजल से मिलने अमेरिका गई थी।  अब चूंकि, दीपिका पादुकोण ने खुद यह खबर दी हैं तो साफ़ है कि वह  आखिरकार विन  डीजल की  नायिका बनने में कामयाब हुई।  लेकिन, सवाल यह है कि विन डीजल के साथ दीपिका क्या करेंगी  ? बॉलीवुड एक्शन फिल्मों में ही अभिनेत्री के  करने के लिए सिर्फ अपनी सेक्स अपील का प्रदर्शन करना होता है।  हॉलीवुड को तो उत्तेजक सेक्स सींस की दरकार  होती है।  अब देखिये न  बॉलीवुड की एक दूसरी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अमेरिका की टीवी सीरीज 'क्वांटिको'  में क्या कर रही है। शायद वैसा ही कुछ दीपिका को भी करना होगा।  जहाँ तक स्टंट की बात है वह या तो डीजल करेंगे या दीपिका के लिए वायर करेंगे।  फिलहाल तो इंतज़ार करिये 'जेंडर केज रिटर्न्स' से जुडी अन्य खबरों का।