Wednesday 21 December 2016

भारतीय वेब सीरीज की धूम

भारतीय वेब सीरीज की धूम
दिल्ली यूनिवर्सिटी से २००९ में बिज़नस इकोनॉमिक्स से ग्रेजुएशन कर रहे प्रतीक अरोड़ा ने जब केवल इन्टरनेट दर्शकों के लिए वेब सीरीज कंपनी बहादुर का निर्माण किया था, तब उन्हें एहसास नहीं रहा होगा कि वह भारत में मनोरंजन के नए द्वार खोल रहे हैं।  कंपनी बहादुर के १८ एपिसोड बनाने में प्रतीक को दो साल लग गए थे।  यह सीरीज दिल्ली की एक कंप्यूटर बनाने वाली लगभग निष्क्रिय कंपनी कोटेक, उसके अधिकारियों और कर्मचारियों पर केंद्रित व्यंग्यिका थी।  इस सीरीज ने  सास बहू सीरियलो से ऊबे दर्शकों के लिए मनोरंजन के नए रास्ते खोले ही, नए विषय भी खोल दिए।  वेब सीरीज माध्यमों की अनुपलब्धता का परिणाम भी कही जा सकती हैं।  ख़ास तौर पर द अदर लव स्टोरी की डायरेक्टर की मज़बूरी थी कि वह वेब सीरीज बनायें।  उन्होंने दो लड़कियों के रिलेशन पर कहानी लिख रखी थी। इंतज़ार था इसे सेलुलाइड पर उतारने का।  चूंकि शो का विषय सेंसिटिव था, इसलिए रूपा ने इन्टरनेट को अपना माध्यम चुना, जिसमे ज़्यादा पहरे नहीं थे।  अब जबकि पहली वेब सीरीज को लांच हुए ६ साल पूरे हो चुके हैं, यह माध्यम बॉलीवुड को आकर्षित करने लगा है।
यशराज फिल्म्स से लेकर वायकॉम १८ तक 
हिंदुस्तान में वेब सीरीज उफान पर है।  अब तक इंडिविजुअल निर्माताओं द्वारा पाली पोसी जा रही वेब सीरीज पर बॉलीवुड के तमाम स्टूडियोज की निगाहें हैं।  यशराज फिल्म्स की सह संस्था वाय फिल्म्स २०१५ से वेब सीरीज के निर्माण में जुटी हुई है।  इस स्टूडियो द्वारा पहली वेब सीरीज मेन्स वर्ल्ड २९ सितम्बर २०१५ को रिलीज़ की थी।  यह चार एपिसोड तक चली।  इसके बाद, इसी साल वाय फिल्म्स ने कॉमेडी सीरीज बैंग बाजा बारात ( ५ एपिसोड), लव शॉट्स (६ एपिसोड), लेडीज रूम (६ एपिसोड) और सेक्स चैट विथ पप्पू एंड पापा (५ एपिसोड) का निर्माण किया।  वेब सीरीज के इस खेल का एक दूसरा खिलाड़ी बालाजी टेलीफिल्म्स है।  इस संस्था ने डिजिटल कंटेंट के लिए ऑल्ट डिजिटल मीडिया की स्थापना की है। इसे देसी नेटफ्लिक्स बताया जा रहा है। इस के तहत १९ से ३० साल की आयु वर्ग के लिए  हर प्रकार की शैली में हिंदी-इंग्लिश सीरीज का निर्माण किया जायेगा।  इसके तहत एकता कपूर की प्रिय जोड़ी रामकपूर और साक्षी तंवर को लेकर कहते है अपोजिट अट्रैक्ट वेब सीरीज का निर्माण किया जायेगा। इन दोनों ने अपने एपिसोड की शूटिंग शुरू भी कर दी है। इसी सीरीज की एक एक कहानी में दीपानिता शर्मा और निमृत कौर को भी लिया गया है । एकता कपूर का इरादा देवदास को अलग रूप में पेश करने का भी है। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट भी एक वेब सीरीज पावर प्ले बना रही है। लेकिन इनसे भी पहले सोनी म्यूजिक और मैडबॉय एंटरटेनमेंट हैप्पी टू बी सिंगल टाइटल वाली वेब सीरीज जारी कर चुकी थी।  यह दक्षिण भारत की पहली वेब सीरीज थी।  वायकॉम १८ अपनी सह संस्था वूट के साथ वेब सीरीज बनाने में जुटे हुए हैं।  
बॉलीवुड सितारों की वेब सीरीज

वेब सीरीज की सफलता ने बॉलीवुड और टीवी के सफल-असफल सितारों को आकर्षित किया है। वयकॉम १८ के डिजिटल प्लेटफार्म वूट की सीरीज इट्स नॉट दैट सिंपल स्वरा भास्कर, करणवीर मेहरा  और अक्षय ओबेरॉय काम कर रहे हैं। वेब सीरीज  ट्रिप में लिसा की ट्यूटर बनी श्वेता  डिज्नी की वेब सीरीज द ट्रिप में सपना पब्बी, लिसा हेडन श्वेता त्रिपाठी और मालिक दुआ मुख्य किरदार कर रही हैं।   पावर प्ले में विवेक ओबेरॉय, ऋचा चड्ढा, आदि बॉलीवुड सितारे काम कर रहे हैं। सिटी लाइट्स और लव गेम्स की नायिका पत्रलेखा एक वर्चुअल वेब सीरीज चियर्स में काम कर रही हैं।एकता कपूर की अनटाइटल्ड वेब सीरीज में दीपानिता शर्मा एक बोल्ड और इंडिपेंडेंट लड़की के अवतार में होंगी। इसमे समीर सोनी भी नज़र आएंगे। 
सितारों से भरी वेब सीरीज 'पावर प्ले' 
फिल्म  पत्रकार और बंगिस्तान के डायरेक्टर करण अंशुमान की १२ कड़ियों वाली सीरीज ;पावर प्ले के एक एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय इंडियन प्रीमियर लीग के दागी प्रशासक ललित मोदी का किरदार करेंगे।  इसी सीरीज में अभिनेत्री ऋचा चड्ढा किंग्स एलेवेन पंजाब की मालकिन और फिल्म अभिनेत्री प्रीटी जिंटा का किरदार करेंगी। भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर बिशन सिंह बेदी के अभिनेता बेटे अंगद बेदी इस सीरीज में महेंद्र सिंह धोनी के अवतार में होंगे।   
कुछ ख़ास वेब सीरीज 

सेक्स चैट विथ पप्पू एंड पापा- यह यशराज फिल्म्स की सह-संस्था वाय फिल्म्स द्वारा बनाई गई दुनिया की पहली सेक्स कॉमेडी वेब सीरीज है।  इस सीरीज में छह साल के बच्चे के सेक्स को लेकर उठाये गए प्रश्नों के सहारे हास्य का उम्दा संसार बना है ।   पिता शुरू में उसके सवालों की उपेक्षा करता है।  फिर महसूस करता है कि यह ठीक नहीं।  बच्चे के सवालों के ठीक ठाक जवाब तो दिए ही जाने चाहिए।  
गर्ल इन द सिटी- देहरादून की मीरा का सपना स्टाइलिस्ट बनना है।  एक फैशन हाउस में इंटर्न की हैसियत से तथा सपनों के शहर में रहते हुए, उसे किन दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। इस शो में फिल्म उड़ान के रजत बरमेचा केंद्रीय भूमिका में हैं।  
परमानेंट रूममेट्स- तीन साल तक अलग अलग रहने के बाद शादी के बंधन में बंधने जा रहे जोड़े को किन परिस्थितियों का सामना करना  पड़ता है, इसका चित्रण हास्य और इमोशन के मिश्रण के ज़रिये बखूबी बताया गया है।  
पिचर्स- यह वेब सीरीज सामयिक सामग्री वाली है।  पिचर्स चार युवाओं की है, जो अपना स्टार्ट अप लांच करने के लिए अपनी अपनी नौकरी छोड़ देते हैं।  इस सीरीज के लेखन  और अभिनय को सराहना मिली है।  
आई डोंट वॉच टीवी- यह सीरीज अपने आप में अनोखी है।  भारतीय टेलीविज़न सोप ओपेरा पर इस सीरीज में टीवी सिरियलों में काम कर रहे कलाकारों के माध्यम से बताया गया है कि  सीरियल के  एक्टर भी उतना ही ऊबे हुए हैं, जितने दर्शक।  
अलीशा - इस वेब सीरीज में फैशन के साथ रहस्य जुड़ा हुआ है।  क्राइम थ्रिलर अलीशा में फैशन परस्त अलीशा चार साल लॉस एंजिल्स में रहने के बाद  मुम्बई वापस आती है।  इसके बाद खुलनी शुरू होती है, उसकी ज़िन्दगी की अनजानी ज़िन्दगी की परतें।  
नॉट फिट- मायानगरी मुम्बई में कुछ बड़ा करने के लिए ऑडिशन के लिए आये युवा के संघर्ष की हास्य व्यंग्य से भरपूर यह सीरीज ऊबने नहीं देती।   
लव बाइट्स- एक जोड़ा कुछ समय डेटिंग करने के बाद लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगता है।  इस सम्बन्ध के दौरान उनकी दैनिक ज़िन्दगी के प्यार और तकरार का ज़िक्र है इस शो में। 
बेटर लाइफ फाउंडेशन- डाक्यूमेंट्री टीम के सदस्य एक एनजीओ बेटर लाइफ फाउंडेशन पर  काम कर रहे  है।  इन एनजीओ के पांच लोग दूसरों की ज़िन्दगी बेहतर बनाने का काम कर रहे हैं, लेकिन बेदिल से। इसे देखते समय ब्रितानी टीवी सीरीज पार्क्स एंड रिक्रिएशन याद आ सकती है।
आल अबाउट सेक्शन ३७७ - एक युवक हीरो बनाने के लिए मुम्बई आ जाता है।  वह उस समय हैरान रह जाता है कि उसका फोटोग्राफर भाई समलैंगिक है।  हास्य और व्यंग्य के क्षणों से भरपूर यह सीरीज सेक्शन ३७७ की पड़ताल भी करती है।  
थ्री साउथ इंडियन बॉयज इन स्पेस- क्या होता है, जब कोई दक्षिण भारतीय अंतरिक्ष में पहुँच जाए।  केंनी सेबेस्टियन की यह वेब सीरीज हँसी-मज़ाक के  लिहाज़ से कारगर थी।  
बेक्ड- विश्वजोय मुख़र्जी की २०१५ की ६ एपिसोड वाली सीरीज बेक्ड एक ही फ्लैट में रहने वाले यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों के मिड नाईट फ़ूड डिलीवरी सर्विस की शुरुआत करने।  इस प्रयास में लगातार मुसीबतों में फंसते रहने की कहानी है।  


विदेशी पुरस्कारों में भारत की लेस्बियन फिल्म
भारत वेब सीरीज का चेहरा बड़ी तेज़ी से बदल रहा है। भारत में बनी वेब सीरीज विदेशों में भी चर्चित हो रही हैं और सराही जा रही हैं।  फिल्म मेकर रूपा राव की पहली वेब सीरीज द अदर लव स्टोरी लेस्बियन थीम पर आधारित शो है।  नब्बे के दशक के बेंगलुरु पर रूपा राव की वेब सीरीज द अदर लव स्टोरी  दो लड़कियों के प्यार की कहानी यानि लेस्बियन स्टोरी है।  इस शो के लिए रूपा राव को न्यू यॉर्क वेब फेस्टिवल में श्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है।

राजेंद्र कांडपाल 

हॉरर फिल्मों की इनसिडियस फ्रैंचाइज़ी

लैम्बर्ट दंपति का बेटा बुरी आत्मा के चंगुल में फंस जाता है।  अपने बेटे को उस आत्मा से छुड़ाने के जतन में लैम्बर्ट दंपति को रीढ़ कंपा देने वाली भयावनी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।  इसमे उनकी मदद करते हैं प्रेत विशेषज्ञ एलिस, स्पेक्स और टकर।  यह ०१ अप्रैल २०११ को रिलीज़ निर्देशक जेम्स वान की फिल्म इनसिडियस कीकहानी थी ।  केवल डेढ़ मिलियन डॉलर की लागत से पैट्रिक विल्सन, रोज बायर्न, लीन
शे और टय सिम्पकिन्स अभिनीत इस फिल्म ने दुनिया को दहलाते हुए ९७ मिलियन डॉलर से ज़्यादा का बिज़नस किया।  दो साल बाद इस फिल्म का सीक्वल इनसिडियस २ रिलीज़ हुआ।  इस सीक्वल फिल्म का निर्देशन भी जेम्स वान ने किया था।  मुख्य भूमिका में यही कलाकार थे।  अब इस सीक्वल फिल्म में उन्हें प्रेतात्मा से छुटकारा पाने की जद्दोजहद करनी है।  इनसिडियस २ के निर्माण में ५ मिलियन डॉलर खर्च हुए थे।  लेकिन फिल्म ने १६१.९ मिलियन डॉलर का बिज़नस किया।  इनसिडियस
सीरीज की फिल्मों को चैप्टर कहा गया यानि इनसिडियस चैप्टर २ और इनसिडियस चैप्टर ३।  इनसिडियस चैप्टर ३ इस सीरीज की फिल्मों की सीक्वल फिल्म नहीं बल्कि प्रीकुएल फिल्म थी।  यूनिवर्सल पिक्चर्स का इरादा इनसिडियस सीरीज की फिल्मों के दो प्रीकुएल बनाने का था।  पहला प्रीकुएल यानि इनसिडियस चैप्टर ३ का निर्देशन जेम्स वान नहीं, बल्कि लेह व्हनेल कर रहे थे।  व्हनेल ने सॉ सीरीज और इनसिडियस सीरीज की सभी फिल्मों का लेखन किया है ।  इनसिडियस चैप्टर ३  उनकी बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी।  १० मिलियन डॉलर में बने चैप्टर ३ ने बॉक्स ऑफिस पर ११३ मिलियन डॉलर जुटाए।  चूंकि यह फिल्म पहली फिल्म की प्रीकुएल फिल्म थी, इसलिए फिल्म की कहानी में कुछ साल पहले के किरदार जुड़ गए।  ब्रेनर दंपति का किरदार डर्मोट मरलोनी और स्टेफनी सकॉट कर रहे थे।  यहाँ प्रेत विशेषज्ञ ऐलिस और स्पेक्स मौजूद थे।  दूसरी प्रीकुएल फिल्म इनसिडियस चैप्टर ४ में भी ब्रेनर दंपति हैं और उनकी मदद ऐलिस और
स्पेक्स कर रहे हैं।  २० अक्टूबर २०१७ को रिलीज़ होने जा रही चैप्टर ४ का निर्देशन एडम रोबिटेल ने किया है।  एडम फिल्म एक्टर हैं।  उन्होंने द टेकिंग ऑफ़ डेबोरा लोगान का निर्देशन किया था।  इस फिल्म में प्रेत विशेषज्ञ एलिस की किशोरावस्था का भेद खुलेगा।  फिल्म में ऑब्रे का नया किरदार जुड़ा है।  जिसे टेस्सा फेरर कर रही हैं।  इस फिल्म के फर्स्ट लुक में लिन शे और टेस्सा फेरर एक रहस्यमयी जगह द फरदर नो में नज़र आ रहे हैं। फिलहाल कहानी का खुलासा होना बाकी है।   यहाँ दिलचस्प तथ्य यह है कि इनसिडियस चैप्टर ४ को अक्टूबर में कड़े संघर्ष का सामना करना पड़ेगा।  २० अक्टूबर को निर्देशक डीन डेवलिन की एक्शन फिल्म जॉस्टर्म, फॉक्स की ड्रामा फिल्म द माउंटेन बिटवीन अस और फॅमिली कॉमेडी फिल्म वॉर विथ ग्रैंडपा रिलीज़ हो रही हैं।  यह फिल्म १३ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही एक्शन फिल्म द कम्यूटर, हॉरर फ्राइडे द थर्टीन्थ और थ्रिलर द स्नोमैन  तथा २० अक्टूबर को रिलीज़ हो रही २०१७ क्लोवरफील्ड मूवी और सॉ फ्रैंचाइज़ी की अनटाइटल फिल्म के बीच सैंडविच बनने जा रही है। इनसिडियस सीरीज की पहली तीन फ़िल्में अभी तक ३५७.७ मिलियन डॉलर का बिज़नस कर चुकी हैं, जबकि इनके निर्माण में १६.५ मिलियन डॉलर ही खर्च हुए थे ।  यह तो भविष्य बताएगा कि इनसिडियस चैप्टर ४ इसमे कितने मिलियन डॉलर का इज़ाफ़ा कर पायेगी ! 

Monday 19 December 2016

"अरचेर्ज मिसेज इंडिया २०१७" का शानदार झलक (in pics)









"अरचेर्ज मिसेज इंडिया २०१७" का शानदार झलक

दिनांक १८ दिसम्बर २०१६, स्थान लोखंडवाला, सवेरे के वक़्त एक एन जी ओ 'बी हैप्पी' के शालिनी ठाकरे द्वारा स्वास्थ और स्फूर्ति के लिए एक आयोजन हुआ, जिसमे लोगो को जुम्बा, एरोबिक्स, स्केट्स, मनोरंजक कार्यक्रम, क्रिकेट, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, साइकिलिंग, फुटबॉल, गीत  संगीत व कई तरह के आयोजन संपन्न हुआ, और उसमे चार चाँद लगाया "अरचेर्ज मिसेज इंडिया २०१७" की एक झलक ने, इस झलक से ये प्रतीत होता है की किस तरह एक लड़की जवान होकर विवाह कर घर सँभालने के बावजूद अपना अस्तित्व कायम रख सकती है।
"अरचेर्ज मिसेज इंडिया २०१७" के चेयरमैन है 'ए आर एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड' के आशीष राय, संस्थापक है 'विस्केरा इवेंट्स' के तुषार धालीवाल व अध्यक्ष हैं मशहूर फैशन डिज़ाइनर, मिसेज़ नॉर्थ सेंट्रल एशिया और मिसेज़ यूनिवर्स जेनेरेस ब्रांड २००९ की विजेता अर्चना तोमर और इनके साथ हैं सलाहकार के रूप में रश्मि सचदेव हैं। इनके संग इन्हें सुरजीत दड़ियाला और एड एजेंसी 'इम्फिंग ग्राफिक्स' के मेहुल मिस्त्री एवं 'रुवा' मिनिरल वाटर का साथ हासिल है।
यहाँ अर्चना तोमर के साथ पुणे व नासिक से चुनी गयीं कुछ मॉडल्स जैसे मोनिका शेख (मिसेज़ महाराष्ट्र पीजेंट, स्टाइल आइकॉन २०१६), डा राधिका वाघ (एक डॉक्टर और मिसेज़ महाराष्ट्र २०१६ की विजेता), श्रुति पटोले, पूजा कोहली व सोनाली पवार जैसे लोगो ने रैंप वाक कर इसकी झलक दिखलाई।  मुम्बई में अभी चयन चल रहा है।
मशहूर फैशन डिज़ाइनर अर्चना तोमर जो की मिसेज नार्थ सेंट्रल एशिया और मिसेज यूनिवर्स जेनेरस २००९ की विजेता रह चुकी हैं एवं 'विस्केरा इवेंट्स' (Viscera events) के तुषार धारीवाल व आशीष राय के साथ एक नया इतिहास बनाने जा रहे हैं। अर्चना तोमर, जो  बच्चों की माँ हैं व तोमर ग्रुप की एम् डी हैं, साथ ही 'कलावती विद्या पीठ' की और 'प्रयास कला मंच' की सलाहकार हैं, लड़कियों की शिक्षा के लिए प्रयासरत हैं, इन्होंने जो महिलाएं शादी होने के बाद अपने स्वप्नों को दबा देती हैं, उन्हें  जाग्रत कर एक दिशा देने का प्रयास कर रही हैं "अरचेर्ज मिसेज इंडिया २०१७" के द्वारा, इस के प्रस्तुतकर्ता 'ए आर इंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड' के आशीष राय हैं, इन्होंने इस सोशल प्लेटफार्म की रचना की इन महिलाओं को प्रोत्साहन देने के लिए।

Saturday 17 December 2016

आई, टोन्या में फिगर स्केटिंग करेंगी मार्गोट रॉबी

रोमांटिक ड्रामा और रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों से लेकर एक्शन- फंतासी फिल्मों की नायिका ऑस्ट्रेलियाई अभिनेत्री  मार्गोट रॉबी अब परदे पर एक ओलिंपियन टोन्या मैसेन हार्डिंग का किरदार करेंगी।  टोन्या अमेरिका की फिगर स्केटर थी।  उन्होंने दो बार यू एस फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप जीती थी।  वर्ल्ड चैंपियनशिप में वह दूसरे स्थान पर रहीं।  इस चैंपियनशिप में ट्रिपल एक्सेल जम्प पूरी करने वाली वह दूसरी महिला और पहली अमेरिकन थी।  उनका करियर  १९९४ में उस समय ख़त्म हो गया, जब यू एस फिगर स्केटिंग एसोसिएशन ने साथी स्केटर नैंसी केरिगन पर हमला कर घायल करने का आरोप सही पाए जाने पर ताउम्र बैन लगा दिया था।  मार्गोट रॉबी फिल्म आई, टोन्या में इसी किरदार को कर रही हैं।  टोन्या के पति जेफ गिलूली को  इस हमले में साझीदार होने के कारण  दो साल की सज़ा हुई थी।  गिलूली का किरदार अभिनेता सेबेस्टियन स्टेन कर रहे हैं।  आई, टोन्या का निर्देशन क्रेग गिलेस्पी करेंगे।  फिल्म की पटकथा स्टीवन रोजर्स ने लिखी है।  

हिंदुस्तानी सितारों वाला 'लायन' ऑस्कर के द्वार


निर्देशक गार्थ डेविस के लिए यह बड़ी बात है कि उनकी पहली फिल्म लायन ऑस्कर के द्वार पर खडी है।  टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल २०१६ में  पहली बार दिखाया गया।  सभी ने इसकी  सराहना की।  फिल्म फेस्टिवल के पीपल्स चॉइस अवार्ड में फर्स्ट रनर अप भी रही।  ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और ब्रिटश सहयोग से बनी यह फिल्म ऑस्कर की कई श्रेणियों में दावेदारी कर सकने वाली फिल्म बताई जा रही है।  सारू ब्रियरली के सच्ची घटना पर उपन्यास अ लॉन्ग वे होम पर आधारित इस फिल्म में हॉलीवुड से देव पटेल, निकोल किडमैन, सनी पवार और रूनी मारा हैं तो हिंदुस्तानी कलाकारों में प्रियंका बोस, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी, तनिष्ठा चटर्जी और दीप्ति नवल ख़ास भूमिकाओं में हैं।  यह फिल्म ५ साल के लडके की ज़िन्दगी पर वास्तविक कहानी है।  एक दुर्घटना में वह लड़का कलकत्ता की गलियों में अपने घर का रास्ता भूल जाता है।  उसे अपनाता है एक ऑस्ट्रेलियाई जोड़ा।  अब वह कलकत्ता से दूर ऑस्ट्रेलिया में तस्मानिया में हैं।  लेकिन, सारू अपनी भूमि कलकत्ता को भूल नहीं सका है।  वह गूगल अर्थ के सहारे अपना घर ढूंढता है।  इस फिल्म का एक गीत नेवर गिव अप सिया ने गाया है।  अमेरिका में लिमिटेड थिएटर में रिलीज़ हो चुकी लायन हिंदुस्तान में पिक्चर वर्ल्ड द्वारा २४ फरवरी को रिलीज़ की जाएगी।  

राजकुमारी अश्मिता के किरदार में दिशा पाटनी


चीन और भारत सहयोग से बनी फिल्म कुंग फू योग एक पुरातत्व विज्ञानी प्रोफेसर जैक की है, जो मगध शासक के ख़ज़ाने की खोज में तिब्बत जाता है।  जैकी चैन की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में दिशा पाटनी ने भारतीय प्रोफेसर अश्मिता/राजकुमारी अश्मिता का किरदार कर रही हैं।  स्टेनली टोंग के निर्देशन में कुंग फू योगा दिशा पाटनी की पहली हॉलीवुड फिल्म है।  इस फिल्म से पहले, दिशा पाटनी भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टेन महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर फिल्म एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी में धोनी की मंगेतर प्रियंका झा का किरदार कर लाइमलाइट में आई।