Wednesday 7 February 2018

डरा डरा कर हैरान कर देगी अनुष्का शर्मा की परी

फिल्म अभिनेत्री के तौर पर, अनुष्का शर्मा ने बेहद घिसीपिटी रोमांटिक भूमिकाये ही की हैं।  लेकिन, बतौर फिल्म निर्माता उन्होंने दूसरे निर्माताओं से हट कर कुछ देने के कोशिश की है। अनुष्का शर्मा की बतौर निर्माता पहली फिल्म एनएच १० थी।  यह फिल्म २०१५ में रिलीज़ हुई थी।  ऑनर किलिंग पर इस एडवेंचर क्राइम ड्रामा फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली थी।  फिल्म ने १३ करोड़ के बजट के ऐवज में अनुष्का शर्मा की ३३ करोड़ की कमाई करवाई।  दो साल बाद, निर्माता अनुष्का शर्मा की दूसरी फिल्म फिल्लौरी प्रदर्शित हुई।  इस फिल्म के निर्माण में भी १३ करोड़ खर्च हुए थे।  लेकिन, बॉक्स ऑफिस पर कारोबार ५० करोड़ का हुआ।  इससे साफ़ है कि  अनुष्का शर्मा बतौर निर्माता लीक से हट कर कहानियां चुन रही थी।  फिल्लौरी एक भूत रोमांस  कथा थी।  अब अनुष्का शर्मा की जो दूसरी फिल्म रिलीज़ हो रही है, वह एक हॉरर फिल्म है।  यह भटकती आत्मा की डरावनी कहानी है।  विशेष प्रभाव वाले दृश्यों के कारण पारी का बजट कुछ ज़्यादा है।  फिल्म के निर्माण में २० करोड़ खर्च हुए हैं।  अनुष्का शर्मा बतौर निर्माता बड़ी समझदारी से काम ले रही हैं।  वह बड़े बजट  की फ़िल्में नहीं बना रही है।   उनकी पहली दो फिल्मों का बजट १३-१३ करोड़ था।  परी का बजट ड्योढ़ा है।  वह अपनी फिल्म का  सितारा खुद होती है।  तीनों ही फिल्मों की नायिका  अनुष्का शर्मा थी।  उन्होंने कभी बड़े चेहरों को लेने की कोशिश नहीं की।  एनएच १० में नील भूपलम उनके नायक थे।  रवि झांकल, दर्शन कुमार और दीप्ति नवल के चेहरे ही जाने पहचाने थे।  फिल्लौरी की हंसोड़ भूत शशि कुमारी वह  खुद थी।  दिलजीत दोसांझ, सूरज शर्मा और दक्षिण की अभिनेत्री मेहरीन पीरज़ादा सह  कलाकारों में थे।  परी की भूतनी अनुष्का  के साथ परमब्रता चटर्जी और रजत कपूर हैं।  सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह कि अनुष्का की फिल्मों के निर्देशक बिलकुल नए मगर अनुभवी और हुनर के उस्ताद  थे।  एनएच १० के नवदीप सिंह (मनोरमा सिक्स फ़ीट अंडर) की  यह दूसरी फिल्म थी।   फिल्लौरी के डायरेक्टर अंशाई लाल और परी के प्रोसित रॉय को पहली बार स्वतंत्र रूप से कोई फिल्म निर्देशित करने का मौक़ा मिला था।   अनुष्का शर्मा की पहली दो फ़िल्में अगर कोई संकेत देती हैं तो अनुष्का शर्मा की परी दर्शकों की रीढ़ कंपाने आ रही है।   उम्मीद तो यही की जाती है कि  अनुष्का का खजाना  भी बढ़ेगा।  ऊपर देखिये परी का टीज़र। 



No comments:

Post a Comment