Tuesday 10 April 2018

राज कुमार गुप्ता के मोस्ट वांटेड अर्जुन कपूर

किसी फिल्म की सफलता उससे जुड़े लोगों के लिए टॉनिक का काम करती है। निर्देशक राज कुमार गुप्ता एक ऐसा ही नाम है। उनकी रियल लाइफ रेड पर अजय देवगन के साथ फिल्म रेड को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली थी। 
इस सफलता ने राज कुमार गुप्ता के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है। इसका नतीजा सामने हैं। 
उन्होंने, अभिनेता हृथिक रोशन के साथ फिल्म ब्लैक टाइगर का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म एक रॉ एजेंट रविन्द्र कौशिक की ज़िन्दगी पर रियल लाइफ फिल्म है। रविन्द्र कौशिक रॉ का अंडरकवर एजेंट था। उसे रॉ ने ट्रेनिंग के बाद पाकिस्तान भेज दिया था। रविन्द्र कौशिक पाकिस्तान की सेना में नबी अहमद शाकिर के नाम से बतौर क्लर्क भर्ती हुए और समय के साथ तरक्की करते हुए मेजर बने। उनकी मृत्य पाकिस्तान की जेल में सिर्फ ४७ साल में हो गई थी। 
रविन्द्र कौशिक को ब्लैक टाइगर नाम से पुकारा जाता था। राज कुमार गुप्ता इसी हस्ती पर फिल्म बना रहे हैं। राज कुमार गुप्ता, ब्लैक टाइगर में हृथिक रोशन को रविंद्र कौशिक का किरदार देंगे। 
लेकिन, इस फिल्म को शुरू करने से पहले वह एक्शन थ्रिलर फिल्म मोस्ट वांटेड पूरी करना चाहेंगे।  मोस्ट वांटेड भी रेड की तरह वास्तविक घटना पर होगी। यह घटना २०१२ से २०१४ के बीच एक मिशन की है, जिसे एक मोस्ट वांटेड टेररिस्ट को गिरफ्तार करने के लिए अंजाम दिया गया था। इस फिल्म में अर्जुन कपूर को ख़ुफ़िया विभाग के अधिकारी की भूमिका सौंपी गई है। 
अर्जुन कपूर की यह भूमिका काफी कुछ संदीप और पिंकी फरार के संदीप जैसी ही है। दिबाकर बनर्जी की फिल्म हास्य शैली में है। इस लिहाज़ से राज कुमार गुप्ता की फिल्म से भिन्न है। 
हालाँकि, अर्जुन कपूर को मोस्ट वांटेड की स्क्रिप्ट काफी पसंद आई है। राज कुमार गुप्ता से उनकी कई बार बातचीत भी हो चुकी है। लेकिन, पेंच फिल्म के लिए एक मुश्त तारीखें देने पर फंसा है। राज कुमार गुप्ता फिल्म को एक लगातार शिड्यूल में पूरी करना चाहते हैं। जबकि, अर्जुन कपूर को विपुल अमृतलाल शाह की रोमकॉम फिल्म नमस्ते इंग्लैंड पूरी करनी है। वह आशुतोष गोवारिक की संजय दत्त के साथ युद्ध फिल्म पानीपत भी कर रहे हैं। तेलुगु ब्लॉकबस्टर अर्जुन रेड्डी की हिंदी रीमेक के लिए भी वह चुने गए हैं।
इसलिए बड़ा सवाल यही है कि क्या अर्जुन कपूर अपनी तीन फिल्मों के बीच इस चौथी फिल्म के लिए एकमुश्त तारीखे दे पाएंगे ? क्या अर्जुन कपूर रील पर मोस्ट वांटेड टेररिस्ट को गिरफ्तार करते नज़र आयेंगे ?
फिल्म मोस्ट वांटेड की शूटिंग नेपाल और दिल्ली के कई हिस्सों में की जायेगी. खबर है कि फिल्म को इस साल ज़ल्द शुरू किया जायेगा, ताकि जुलाई के बाद फिल्म पूरी हो जाये। 

विद्या बालन की गैंगस्टर फ़िल्म ! - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment